वीनस विलियम्स की कार से बुज़ुर्ग की मौत
अमरीकी टेनिस स्टार वीनस विलियम्स की कार से हुई सड़क दुर्घटना में 78 साल के एक बुज़ुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है.
फ़्लोरिडा के पाम बीच गार्डेंस के प्रवक्ता ने कहा कि इस बात की जांच हो रही है कि दुर्घटना में ग्रैंड स्लैम चैंपियन का क्या संबंध है.
बीते 9 जून को हुई इस घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया जहां दो सप्ताह बाद उसकी मौत हो गई.
इस ख़बर को पहली बार प्रकाशित करने वाले टीएमज़ेड के अनुसार, पुलिस को लगता है कि ग़लती वीनस की है लेकिन उनके वकील ने कहा है कि यह एक दुर्घटना थी.
दुर्घटना कैसे हुई
जेरोम बार्सन अपनी कार से पत्नी के साथ जा रहे थे और एक चौराहे पर उनकी कार से टक्कर हुई.
पुलिस को दिए बयान में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वीनस विलियम्स की कार अचानक उनके रास्ते में आ गई और जाम की वजह से आगे नहीं जा पाई.
बार्सन की पत्नी को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वो बच गई हैं.
रिपोर्ट में कहा गया है, "दूसरे ड्राईवर को रास्ता देने के अधिकार का वीनस ने उल्लंघन किया है."
हालांकि इसमें साफ़ किया गया है कि इस दुर्घटना में ड्रग्स, अल्कोहल या मोबाइल फ़ोन जैसे ध्यान भटकाने वाले कारण नहीं पाए गए.
कार नहीं देख पाईं वीनस
सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन 37 साल की वीनस विलियम्स ने कथित रूप से पुलिस को बताया कि वो बुज़ुर्ग दंपत्ति के कार को देख नहीं पाई थीं और वो अपनी गाड़ी को धीमी रफ़्तार से चला रही थीं.
विलियम्स के वकील ने एक बयान में कहा है, "वीनस जब चौराहे पर पहुंचीं तो वहां हरी बत्ती थी. पुलिस का मानना है कि जिस समय दुर्घटना हुई, उस समय उनकी कार की रफ़्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटे."
उनके अनुसार, "प्रशासन ने इसके पीछे कोई और कारण या किसी उल्लंघन की बात नहीं कही है. ये एक दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी और वीनस ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं."
अगले सप्ताह वीनस लंदन में अपना 20वां विंबलडन टूर्नामेंट खेलने वाली हैं.
पिछले दो दशकों से वीनस और उनकी बहन सरीना विलियम्स महिला टेनिस में अपना दबदबा बनाया हुआ है.












Click it and Unblock the Notifications