रूस में मिला सोने का विशाल भंडार, यूक्रेन युद्ध में भारी नुकसान झेल रहे पुतिन को मिली बड़ी राहत
सऊदी अरब के मक्का में सोने का खदान मिलने के बाद अब रूस के पूर्वी इलाके में भी एक सोने की खदान बरामद हुई है। यह खदान पूर्वी संघीय इकाई चुकोटका में में स्थित है। रूस का अंदाजा है कि इस खदान में 100 टन से अधिक सोना मौजूद है।
स्पूतनिक की रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने 1991 के बाद से सबसे बड़े सोने के क्षेत्र की खोज की है। 2 सालों से यूक्रेन के साथ जंग लड़ रहे रूस के लिए ये अच्छी खबर मानी जा रही है। एक लंबी लड़ाई और पश्चिमी देशों के सैंकड़ों प्रतिबंधों ने इस विशाल देश की अर्थव्यस्था को बहुत चोट पहुंचाई है।

इस खोज की घोषणा रूस की सरकारी कंपनी रोसाटॉम के खनन माइनिंग डिवीजन ने की है। कंपनी ने एक बयान में बताया है कि सोविनोय खदान में ड्रिलिंग का काम साल भर किया जाता था।
कंपनी के बयान के मुताबिक बीते 3 सालों में 32 किमी से अधिक की कुल लंबाई वाले 123 कुएं खोदे गए हैं। सभी पूर्वेक्षण, स्थलाकृतिक-भूगर्भीय, भूवैज्ञानिक-भूरासायनिक और भूभौतिकीय कार्य पूरे हो चुके हैं।
कंपनी ने कहा कि सोविनोय खदान का वार्षिक उत्पादन 2029 से 3 टन सोने से शुरू होने की उम्मीद है। सोविनोय की खदान चकची सागर के पास स्थित है। इसकी स्थापना 1970 के दशक में की गई थी। इसके बाद 1980 के दशक में इस क्षेत्र में उच्च श्रेणी की सोने की खोज करने के लिए व्यापक भूवैज्ञानिक अन्वेषण किया गया।
इसी दौरान इस इलाके के सोने से भरे होने की जानकारी सामने आई थी। रूसी मीडिया ने पहले मॉस्को स्थित सेंट्रल रिसर्च एक्सप्लोरेशन इंस्टीट्यूट ऑफ नॉन-फेरस एंड प्रेशियस मेटल्स की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा था कि रूस में सोने का उत्पादन 2030 में अपने चरम पर पहुंच सकता है।
पिछले सप्ताह इस्लाम के सबसे पवित्र शहर सऊदी अरब के मक्का में सोने का विशाल भंडार मिला था। सऊदी अधिकारियों ने कहा था कि मक्का क्षेत्र के अल खुरमा गवर्नरेट में मौजूद मंसूराह मस्सारा सोने की खदान के दक्षिण में 100 किमी की दूरी पर सोने का भंडार मिला है।












Click it and Unblock the Notifications