लंदन में हीथ्रो एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त कोरी तूफान की चपेट में आया विमान, पायलट ने कैसे बचाया देखिए Video
लंदन, 2 फरवरी: लंदन के व्यस्तम हीथ्रो एयरपोर्ट पर एक बहुत बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया है। इसका सारा क्रेडिट पायलट को जाता है, जिसने अभूतपूर्व सूझबूझ दिखाते हुए सैकड़ों यात्रियों की जान बचा ली। यात्रियों में ब्रिटेन के दो सांसद भी मौजूद थे। असल में उत्तरी यूरोप कोरी तूफान की चपेट में आया हुआ है। इस तूफान ने यूरोप के कई देशों में भारी तबाही मचाई है। एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान यूं तो हवा की रफ्तार बहुत ज्यादा नहीं थी, लेकिन विमान अचानक दो इमारतों के बीच से गुजरने वाली हवा की तेज झोंकों की चपेट में आ गया और लगभग गिरते-गिरते बचा लिया गया।

हीथ्रो एयरपोर्ट पर कोरी तूफान की चपेट में विमान
उत्तरी यूरोप में कई देशों में कोरी तूफान ने भारी तबाही मचाई है। अगर पायलट ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती तो सोमवार को लंदन के प्रतिष्ठित हीथ्रो एयरपोर्ट पर एक बहुत बड़ा विमान हादसा हो सकता था। ब्रिटिश एयरवेज का यह विमान एबरडीन से लंदन आया था। 80 मिनट की यह फ्लाइट यूं तो बहुत आराम से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट तक पहुंच गई थी, लेकिन जैसे ही विमान रनवे पर टचडाउन होने लगा, वह कोरी तूफान की चपेट में आ गया। विशाल एयरबस ए321नियो तेज रफ्तार में ही हवा की दबाव में एक ओर झुकने लगा था। लेकिन, पायलट ने तत्काल एक बड़ा फैसला लिया और शायद उस वक्त उसने जो किया, उससे बेहतर नहीं किया जा सकता था।

'एक कुशल पायलट कितने कुशल होते हैं'
वीडियो में साफ दिख रहा है कि पहले विमान का दाहिना पहिया रनवे से टच हुए फिर दोनों पहिए रनवे को छू चुके थे, लेकिन अचानक हवा की दबाव में उसी स्थिति में वह बांयी ओर झुकने लगा। पलक झपकते ही उसकी बांयी विंग्स जमीन से टकराने वाले थे और हादसा निश्चित था। जेरी डायर, जिन्होंने लैंडिंग का यह वीडियो शूट किया है उन्होंने सीएनएन से कहा है, 'इसमें यह दिखता है कि एक कुशल पायलट कितने कुशल होते हैं।' दरअसल जेरी अपने यूट्यूब चैनल बिग जेट टीवी के लिए अक्सर हीथ्रो आते रहते हैं और विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ के वीडियो बनाते रहते हैं।

हवा के झोंकों में पलटने लगा था विमान
कोरी तूफान की वजह से यूनाइटेड किंगडम में 90 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली हैं, जिसमें दो लोगों की जान जा चुकी है और कई लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। डायर के मुताबिक, हालांकि हीथ्रो में हवा उतनी तेज नहीं थी और उनके हिसाब से यह करीब 20 मील प्रति घंटे की रफ्तार की रही होगी। लेकिन, विमान ने जब लैंड किया तो वह दो इमारतों से गुजरने वाली हवा की झोंकों की चपेट में आ गया और लगभग गिर ही चुका था।

140 मील प्रति घंटे की रफ्तार से रनवे पर उतर रहा था विमान
फ्लाइट ट्रैकर से पता चला है कि विमान 140 मील प्रति घंटे की रफ्तार से रनवे पर उतर रहा था, लेकिन टचडाउन के बाद जैसे ही पायलट को खतरा महसूस हुआ उसने फौरन टेकऑफ कर लिया और महज चार मिनटों में ही वह 3,850 फीट की ऊंचाई पर पहुंच चुका था। करीब 16 मिनट तक आसमान में मंडराने के बाद पायलट ने दोबारा ब्रिटिश एयरवेज के उस विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया। वीडियो में लग रहा है कि पहली कोशिश में शायद विमान का पिछला हिस्सा जमीन से टकराया था, लेकिन ऐसा वास्तव में हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है।
पायलट के लिए मुश्किल था फैसला, लेकिन सफल रहे
इस विमान में ब्रिटेन की संसद के दो सांसद भी सवार थे। वह अपने संसदीय क्षेत्रों से हॉउस ऑफ कॉमन्स के लिए आ रहे थे। उन्हीं में से नॉर्थ ईस्ट स्कॉटलैंड के एक सांसद रिचर्ड थॉमसन ने कहा कि वे पायलट के प्रति 'उनकी प्रोफेसनलिज्म के लिए बहुत आभार व्यक्त करते हैं, जो संभावित रूप से बहुत ही खतरनाक स्थिति में भी इतने शांत रहे। ' उन्होंने घटना के बारे में बताया कि 'यह स्पष्ट था कि पायलट को जल्दी से फैसला करना था कि लैंडिंग करने लिए विमान को स्थिर करने का प्रयास करना है या नहीं। सौभाग्य से वे फिर से उड़ान भरने में सफल हो गए और दोबारा प्रयास किया।'(तस्वीरें- ट्विटर वीडियो से)












Click it and Unblock the Notifications