Libya floods: लीबिया में 20 हजार से अधिक हो सकती है मृतकों की संख्या, दफनाने के लिए कम पड़ी जगह
लीबिया में आई बाढ़ के बाद हालात बेहद खतरनाक होते जा रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर पूर्वी लीबिया के डेरना शहर पर पड़ा है जहां बांधों के टूटने से करीब एक चौथाई शहर पानी में बह गया है। समंदर से आने वाली लहरों में शव बहकर आ रहे हैं।
बुधवार तक 7 हजार से अधिक शवों की गिनती हो चुकी है। कई हजार लोग समंदर में बह गए हैं जिनके बारे में कहा जा रहा है कि अब शायद ही वे जीवित हों। इतना ही नहीं, देश में 20 हजार से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं।

अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक लीबिया में अब तक 6,900 लोगों के शव मिल चुके हैं। अभी और शव मिलने की आशंका है। हालांकि अब तक सिर्फ 700 शव ऐसे हैं, जिनकी शिनाख्त हो सकी है। मृतकों में कम से कम 400 विदेशी हैं, जिनमें अधिकतर सूडान और मिस्र से थे।
इस बीच लीबिया की सहायता के लिए वैश्विक प्रयास में गुरुवार को तेजी आई है। मध्य पूर्वी और यूरोपीय देशों के सैन्य परिवहन विमान, जहाजों के साथ, पहले से ही युद्ध से प्रभावित उत्तरी अफ्रीकी देश में आपातकालीन सहायता पहुंचा रहे हैं।
लीबियन सिक्योरिटी फोर्स के मुताबिक तुर्की, इटली, कतर और UAE बाढ़ प्रभावित इलाकों में मदद पहुंचा रहे हैं। मेडिकल इक्विपमेंट्स, दवाएं और खाना आदि इन इलाकों में पहुंचाया जा रहा है। वहीं, मिस्र, जॉर्डन, ट्यूनीशिया और कुवैत ने भी मदद करने की बात कही है। इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ और अमेरिका भी इमरजेंसी फंड जारी कर रहे हैं।
आपको बता दें कि लीबिया में बीते रविवार को डेनियल तूफान के बाद आई बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई थी। तूफान के बाद डेर्ना शहर के पास के दो डैम टूट गए। इनमें से एक डैम की ऊंचाई 230 फीट थी। सबसे पहले यही डैम बर्बाद हुआ। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, 20 से भी अधिक समय से इन बांधों की देखरेख नहीं हुई थी।
इससे पूरा शहर तबाह हो गया। पानी की तेज लहरों ने इमारतों, वाहनों और उनके अंदर मौजूद लोगों को बहा दिया। हर जगह पानी ही पानी है जहां लाशें तैरती नजर आ रही हैं। हालात बुरे हो चुके हैं कि मरने वालों को दफनाने तक की जगह नहीं बची। मारे गए लोगों के शवों को सामूहिक कब्रों में दफनाया जा रहा है।
रेड क्रॉस के लिए अंतरराष्ट्रीय समिति प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख येन फ्राइडेज ने फ्रांस-24 को बताया कि डेर्ना 7 मीटर ऊंची लहरों में डूब चुका है। अब पानी और दुर्गम इलाकों से शवों को निकालने के लिए फुलाने योग्य नावों और हेलिकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications