Hezbollah का निरस्त्रीकरण 'बातचीत' से होगा, न कि 'बल' से: लेबनान के राष्ट्रपति का सख्त रूख
Hezbollah News Update: हिज्बुल्लाह जैसे ताक़तवर सशस्त्र संगठन को लेकर लेबनान में बहस एक बार फिर तेज हो गई है। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने साफ कर दिया है कि हिज्बुल्लाह का निरस्त्रीकरण किसी सैन्य कार्रवाई से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संवाद और बातचीत से होगा।
लेबनान सरकार का रुख साफ है कि हथियार सिर्फ राज्य के नियंत्रण में होने चाहिए, लेकिन राष्ट्रपति औन ने अल जज़ीरा को दिए इंटरव्यू में कहा कि यह फैसला कैसे लागू किया जाएगा, इस पर चर्चा चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि यह बातचीत सीधे राष्ट्रपति पद और हिज्बुल्लाह के बीच द्विपक्षीय स्तर पर हो रही है।

अमेरिकी दबाव और आंतरिक डर
अमेरिका लगातार चाहता है कि हिज्बुल्लाह को जल्द से जल्द हथियार डालने पर मजबूर किया जाए, लेकिन लेबनान के भीतर यह डर है कि इस तरह का कोई भी दबाव नागरिक संघर्ष को जन्म दे सकता है। राष्ट्रपति औन ने कहा, "नागरिक शांति मेरे लिए एक लाल रेखा है।"
लेबनानी सेना की भूमिका
औन, जो खुद लेबनानी सेना के पूर्व कमांडर रह चुके हैं, ने कहा कि सेना दक्षिणी लेबनान में अनधिकृत सैन्य ढांचों को हटाने का काम कर रही है, जैसा कि इज़रायल-हिज्बुल्लाह युद्ध के बाद हुए समझौते में तय हुआ था।
सीरिया से भी बड़ी बातचीत
इसी दिन लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ़ सलाम एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सीरिया पहुंचे। इस यात्रा को बशर अल असद सरकार के पतन के बाद दोनों देशों के रिश्तों में नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
सलाम ने कहा कि बातचीत का मकसद सीमा की सुरक्षा, तस्करी रोकने और परस्पर विश्वास को फिर से कायम करना है। दोनों देशों ने सीमा पर अवैध क्रॉसिंग बंद करने और एक संयुक्त समिति बनाने पर सहमति जताई है।
हिज्बुल्लाह को झटका और सीरियाई सीमा की सख्ती
हिज्बुल्लाह, जो कभी सीरिया के जरिए हथियारों की सप्लाई पर निर्भर था, अब असद सरकार के कमजोर होने के बाद अपने कई तस्करी रूट खो चुका है।
इज़रायल के साथ हाल के युद्ध ने भी हिज्बुल्लाह को कमजोर किया है, जिससे इसके अस्तित्व और अस्त्रों के भविष्य को लेकर लेबनान में एक नया विमर्श शुरू हुआ है।
गायब लेबनानी और सीरियाई कैदियों का मुद्दा
लेबनान ने सीरिया से यह भी मांग की है कि 1980-90 के दशक में लापता या जेल में बंद लेबनानी नागरिकों के बारे में जानकारी दी जाए। दूसरी ओर, सीरियाई अधिकारियों ने लेबनानी जेलों में बंद सीरियाई नागरिकों के हालात पर चिंता जताई।












Click it and Unblock the Notifications