'किसी कोर्ट में मेरे खिलाफ कोई केस नहीं, मीडिया मेरे पीछे पड़ी', ललित मोदी का नागरिकता मिलने के बाद बड़ा दावा
Lalit Modi News: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व संस्थापक ललित मोदी को एक छोटे से दक्षिणी प्रशांत द्वीप वानुआतु की नागरिकता मिल गई है। नागरिकता मिलने के बाद ललित मोदी ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में अपना पासपोर्ट सरेंडर कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने भी इसकी पुष्टि की है। नागरिकता मिलने के बाद ललित मोदी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि भारत के किसी भी उनके खिलाफ कोई मामला या केस नहीं चल रहा है। सिर्फ ये मीडिया की कल्पना है और मीडिया उनके पीछे पड़ी है।
सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर का बदला हुआ नाम) पोस्ट में भगोड़े ललित मोदी ने मीडिया पर "फर्जी खबरें" फैलाने का भी आरोप लगाया। ललित मोदी ने दावा किया कि उनकी वजह से मीडिया के पाठकों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि वो एक अकेले ऐसे शख्स हैं, जिन्होंने आईपीएल बनाया है। ललित मोदी का ये बयान उसके वकील महमूद आब्दी द्वारा मीडिया के सामने इस बात की पुष्टि किए जाने के बाद आया है।

ललित मोदी ने कहा- 'भारत के किसी कोर्ट में मेरे खिलाफ व्यक्तिगत मामला नहीं'
ललित मोदी ने एक्स पोस्ट में अपने वकील के बयान पर जवाब देते हुए लिखा, ''सही फैक्ट है...। भारत की किसी भी अदालत में मेरे खिलाफ व्यक्तिगत रूप से कोई मामला लंबित नहीं है। यह केवल मीडिया की कल्पना है। पंद्रह साल बीत चुके हैं। लेकिन वे कहते रहते हैं कि वो मेरे पीछे पड़े हैं। उनका स्वागत है। लेकिन पहले किसी भी गलत काम को साबित कीजिए। सिर्फ यह कल्पना करने के बजाय कि मुझ पर कुछ गलत आरोप लगाया गया है। इसे फेक न्यूज कहते हैं। दूसरे शब्दों में, फर्जी खबरें बनाते रहो ताकि मैं तुम्हारे पाठकों या दर्शकों को परेशान कर सकूं।''
ललित मोदी ने आगे लिखा, ''सिर्फ एक चीज जो मैंने अकेले की है, वह है IPL जैसा वैश्विक पसंदीदा उत्पाद बनाना, जिसे आप ऐसे पसंद करते हैं जैसे कि कल कभी नहीं आएगा। जिसके बारे में आप में से किसी ने नहीं सोचा था और मेरा मतलब है कि आप में से कोई भी ऐसा नहीं बना सकता या कभी नहीं बना पाएगा। इसलिए मुझे पता है कि मैंने क्या किया है। क्या आपको पता है कि आपने क्या किया है?''
ललित मोदी के वकील ने क्या दिया बयान?
ललित मोदी के वकील महमूद आब्दी ने कहा कि ललित मोदी के खिलाफ कोई मामला नहीं है और किसी भी अदालत ने उस पर आरोप नहीं लगाया है। महमूद आब्दी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "ललित मोदी ने लंदन में भारतीय उच्चायोग में अपना भारतीय पासपोर्ट जमा करने के लिए आवेदन दिया है, क्योंकि उन्होंने वानुआतु की नागरिकता ले ली है। किसी दूसरे देश में नागरिकता प्राप्त करने के लिए लोगों के लिए यह आवश्यक है। वे मामले को आगे बढ़ाना चाहते हैं, वास्तव में कोई मामला नहीं है।"
उन्होंने कहा, "18 सालों में जितने भी मामलों की चर्चा हो रही है, किसी भी अदालत ने उन पर आरोप नहीं लगाया है और न ही किसी एजेंसी ने कोई आरोप पत्र दाखिल किया है।"












Click it and Unblock the Notifications