US की ये विमान कंपनी लगाती है घटिया पार्ट्स.. सनसनीखेज खुलासा करने वाले पूर्व अधिकारी की मौत, हत्या की गई?
Former Boeing employee Found Dead: अमेरिका में विमान बनाने वाली कंपन बोइंग के उस पूर्व अधिकारी की रहस्यमयी हालातों में मौत हो गई है, जिन्होंने सबसे पहले खुलासा किया था, कि बोइंग कंपनी के विमान प्रोडक्शन में कई तरह की खामियां हैं, जिसके बाद सवाल ये उठ रहे हैं, कि क्या राज खोलने की वजह से उनकी हत्या की गई है?
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जॉन बार्नेट ने करीब 32 सालों तक बोइंग में काम किया था और 2017 में वो रिटायर हो गये थे, जिसके बाद उन्होंने विमान बनाने वाली इस दिग्गज कंपनी के खिलाफ एक व्हिसलब्लोअर मुकदमे में सबूत पेश किए थे।

जॉन बार्नेट की संदिग्ध मौत
चार्ल्सटन काउंटी कोरोनर ने सोमवार को बीबीसी को उनकी मृत्यु की पुष्टि की है। बयान में कहा गया है, कि 62 साल के जॉन बार्नेट की 9 मई को संदिग्ध हालातों में मौत हो गई है और उनके शरीर पर जख्म के कई निशान मिले हैं। हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है, कि वो घाव उन्होंने खुद ही किए थे। यानि, मामला आत्महत्या की तरह दर्शाया गया है।
वहीं, बोइंग ने एक बयान में कहा है, कि "हम मिस्टर बार्नेट के निधन से दुखी हैं और हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।"
आपको बता दें, कि बार्नेट की मौत तब हुई है, जब बोइंग गंभीर जांच का सामना कर रहा है। दरअसल, पोर्टलैंड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद बोइंग 737 मैक्स फ्लाइट का आपातकालीन दरवाजा हवा में ही उड़ गया था, जिसकी वजह से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। जिसके बाद से ही बोइंग और उसे दूसरे प्रोडक्ट्स की आपूर्ति करने वाली कंपनियों के खिलाफ जांच की जा रही है और इस जांच में बार्नेट एक अहम गवाह थे, जिनकी अब संदिग्ध मौत हो गई है।
जॉन बार्नेट कौन थे?
जॉन बार्नेट, बोइंग के उत्तरी चार्ल्सटन प्लांट में साल 2010 से क्वालिटी मैनेजर के तौर पर काम किया था, जो एक अत्याधुनिक एयरलाइनर है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से लंबी दूरी के मार्गों पर किया जाता है। उन्होंने 2019 में बीबीसी से बात करते हुए खुलासा किया था, कि कर्मचारी दबाव में आकर जानबूझकर उत्पादन लाइन पर विमान में घटिया पार्ट्स लगा रहे थे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया, कि उन्होंने ऑक्सीजन प्रणालियों में गंभीर समस्याओं को उजागर किया है, जिसका मतलब यह हो सकता है, कि चार में से एक श्वास मास्क आपातकालीन स्थिति में काम नहीं करेगा।
उन्होंने इस बात का खुलासा किया, कि बोइंग कंपनी के कर्मचारियों पर कम समय में ज्यादा से ज्यादा विमानों के निर्माण का भीषण दबाव होता है, जिसकी वजह से कर्मचारी विमान के असेंबली, उसकी सुरक्षा से समझौता करते हैं। हालांकि, बोइंग कंपनी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।
लेकिन, जॉन बार्नेट अपने आरोपों में अडिग रहे और उन्होंने कोर्ट में कई अहम सबूत पेश किए थे।
उन्होंने ये भी कहा था, कि "बोइंग की फैक्ट्री में जो भी प्रोडक्ट्स दूसरी कंपनियों से बनकर आते हैं, उन प्रोडेक्ट्स का क्वालिटी चेक और उस प्रोडक्ट को ट्रैक करने में भारी लापरवाही बरती जाती है, जिसकी वजह से विमान में घटिया प्रोडेक्ट लगाए जा रहे हैं और वहीं, जल्द से जल्द विमान का निर्माण करने के लिए क्वालिटी को साइड में रखकर घटिया प्रोडक्ट्स भी विमान में लगाए जा रहे हैं।"
उन्होंने यह भी दावा किया, कि बोइंग के विमान में लगाए जाने वाले इमरजेंसी ऑक्सीजन सिस्टम की जब जांच की गई, तो उनमें से 25 प्रतिशत सिस्टम जांच के दौरान फेल हो गये थे।
बार्नेट ने आरोप लगाया, कि इन चिंताओं को कई बार उजागर करने के बावजूद कंपनी ने कोई कार्रवाई नहीं की।
हालांकि, बोइंग ने व्हिसिलब्लोअर जॉन बार्नेट के दावों का खंडन किया, लेकिन यूएस फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन की 2017 की समीक्षा रिपोर्ट में जॉन बार्नेट के कई दावों का समर्थन किया गया था।
जॉन बार्नेट ने साल 2017 में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर बोइंग से रिटायरमेंट ले ली थी और उसके बाद उन्होंने बोइंग के खिलाफ एक कानूनी जंग छेड़ दी थी। उन्होंने आरोप लगाया, कि खामियों को उजागर करने की वजह से बोइंग उनके चरित्र को बदनाम कर कर रही है। हालांकि, बोइंग ने कभी भी उनके आरोपों को स्वीकार नहीं किया।
पिछले हफ्ते, उन्होंने एक बयान जारी किया था, जिसमें उन्होंने बताया था, कि बोइंग के वकीलों ने उनसे पूछताछ की है और उनसे शनिवार को फिर से पूछताछ की जानी थी। लेकिन इस बीच वो लापता हो गये और होटल के कार पार्क में उन्हें मृत पाया गया। उनके वकील ने उनकी मौत को "दुखद" बताया है।












Click it and Unblock the Notifications