व्हाइट हाउस रचेगा इतिहास, पहली अश्वेत महिला बनेंगी प्रेस सचिव
अमेरिका में करीन जीन पियरे को व्हाइट हाउस के अगले प्रेस सचिव पद के लिए चुना गया है। इस प्रतिष्ठित पद के लिए उनकी नियुक्ति अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने की है।
न्यूयॉर्क, 06 मई: अमेरिका का व्हाइट हाउस इतिहास रचने जा रहा है। व्हाइट हाउस ने करीन जीन पियरे को अगले प्रेस सचिव पद के लिए चुना है। इस प्रतिष्ठित पद के लिए उनकी नियुक्ति अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने की है। करीन जीन पियरे व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव का पद संभालने वाली पहली अश्वेत और समलैंगिक महिला होंगी।

जेन साफी की जगह लेंगी
वर्तमान में प्रमुख उप प्रेस सचिव का पद संभाल रहीं करीन जेन पियरे 13 मई को व्हाइट हाउस की शीर्ष प्रवक्ता का पद संभाल रहीं जेन साकी की जगह लेंगी। इस पद को हासिल करने के बाद वह अमेरिकी राजनीति में सबसे हाई प्रोफाइल नौकरियों में से एक को संभालने वाली पहली अश्वेत महिला बन जाएंगी। जीन पियरे इससे पूर्व जो बाइडेन के अभियान के लिए सलाहकार का काम भी कर रही थीं। इसके साथ ही उनका डेमोक्रेटिक कम्यूनिकेशन में भी लंबा अनुभव रहा है।

मजबूत आवाज बनेंगी करीन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक बयान में कहा, 'करीन के पास न सिर्फ इस मुश्किल काम के लिए आवश्यक प्रतिभा, योग्यता और अखंडता है, बल्कि वह अमेरीकी लोगों की तरफ से बाइडेन-हैरिस प्रशासन के काम के बारे में संवाद करने में कुशल रहेंगी ।' उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि करीन स्वंय उनके तथा प्रशासन के लिए एक मजबूत आवाज बनेंगी। इस अवसर पर जीन पियरे ने कहा कि यह मेरे लिए ऐतिहासिक क्षण है। मैं जानती हूं कि यह पद कितना अहम है। इस पद के लिए चुना जाना एक सम्मान और सौभाग्य की बात है। जीन ने आगे कहा कि मैं समझती हूं कि इतने सारे लोगों के लिए, अलग-अगल समुदाय के लोगों के लिए यह कितना अहम है।

मौजूदा प्रेस सचिव ने दी बधाई
गुरुवार को व्हाइट हाउस ब्रीफिंग में प्रेस सचिव जेन साकी ने जीन पियरे को मंच पर आमंत्रित किया। साकी ने संवाददाताओं से कहा कि मैं अपनी दोस्त, सहयोगी तथा सच्ची साथी जीन को अगला प्रेस सचिव बनने की बधाई देती हूं। उन्होंने कहा कि वह इस भूमिका में काम करने वाली पहली अश्वेत महिला और एलजीबीटी समुदाय की महिला होंगी। यह बेहतरीन है। वह लोगों की आवाज बनेंगी। वह यह दिखाएंगी कि जब आप बड़े सपने देखते हैं और इसके लिए कड़ी मेहनत करते हैं तो आप कुछ भी हासिल कर सकते हैं।

अनीता बनेंगी वरिष्ठ सलाहकार
जीन पियरे ने कुछ अवसरों पर व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम में व्याख्यान दिया है। पिछले वर्ष मई में वह ब्रीफिंग रूम में राष्ट्रपति की ओर से पत्रकारों को संबोधित करने वाली पहली अश्वेत महिला बनी थीं। बतादें कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने हाल में ही कई अलग दिग्गजों को अपनी टीम में जोड़ा है। इयान सैम्स, जो कि स्वास्थ्य और मानव सेवा विभाग के प्रवक्ता रह चुके हैं अब व्हाइट हाउस स्टाफ के रूप में काउंसिल ऑफिस के प्रवक्ता का पद संभाल रहे हैं। इसके अलवा अमेरिकी राष्ट्रपति ने अनीता डन को भी शामिल किया है। जो बाइडेन के राष्ट्रपति कैंपन के दौरान सलाहकार रह चुकी अनीता अब अमेरिकी प्रशासन में बाइडेन में वरिष्ठ सलाहकार बनेंगीं।












Click it and Unblock the Notifications