VIDEO: आ गई चाटने वाली TV, घर बैठे स्क्रीन पर दिखाई देने वाले व्यंजन को चाटकर ले सकेंगे स्वाद
टोक्यो, 02 जनवरी। आज के समय में हम स्मार्ट टेलीविजन का दौर देख रहे हैं लेकिन कुछ साल पीछे जाएं तो TV के हमें कई रूप देखने को मिलेंगे। पहले दुनिया ने ब्लैक एंड व्हाइट टीवी का स्वागत किया, उसके बाद कलर, टीएफटी, एलसीडी, एचडी, 4के और अब स्मार्ट टीवी। समय के साथ टीवी में कई बदलाव हुए और आने वाले समय में कई और चेंज देखने को मिलेंगे। अब जल्द ही मार्केट में चाटने या स्वाद चखने वाली टीवी दिखाई दे सकती है। जी हां, एक ऐसी टीवी जिसे आप चाटकर उसकी स्क्रीन पर दिखाई दे रहे भोजन का स्वाद चख सकते है।

दुनिया की पहली लिकेबल टीवी
दरअसल, जापान के एक प्रोफेसर होमेइ मियाशिता ने एक ऐसा टीवी बनाया है जिसे लिक यानी चाटा जा सकता है। इस टीवी को लिकेबल टीवी कहा जा रहा है, जिसे 'टेस्ट-द-टीवी' नाम दिया गया है। यह दुनिया का पहला ऐसा टीवी है जो स्क्रीन पर नजर आ रहे व्यंजन का स्वाद अपने दर्शकों को चखा सकता है। लेकिन टीवी ऐसा कैसे करता है? होमेइ मियाशिता टीवी के साथ 10 कैनिस्टर फिट किए हैं जिसमें अलग-अलग स्वाद के केमिकल स्टोर किए गए हैं।

इस तरह काम करती है टीवी
जब टीवी पर कोई भोजन या व्यंजन आता है तो कैनिस्टर में लगे स्प्रे से इजेनिक फिल्म पर फ्लेवर यानी स्वाद को मिलाकर छिड़क दिया जाता। इस लिक्विड को चखने पर दर्शक को उसी स्वाद का अनुभव होगा जिसे वह देख रहे हैं। हालांकि अभी इसमें काफी बदलाव होना बाकी है लेकिन टीवी को लेकर अभी से दुनियाभर में चर्चा शुरू हो गई है। प्रोफेसर होमेइ मियाशिता ने बताया कि ऐसी टीवी बनाने का मकसद ये है कि दुनिया के किसी भी कोने में घर बैठे आप व्यंजन का स्वाद चख सके।

घर बैठे ले सकेंगे स्वाद
मीजी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर होमेइ मियाशिता ने आगे कहा कि इस टीवी की मदद से दूर बैठे दर्शकों किसी भी रेस्तरां में परोसे जाने वाले खाने का लुफ्त उठा सकते हैं। इतना ही नहीं टीवी की मदद से शेफ बनने के शौकीन लोगों को भी कहीं से भी ट्रेनिंग दी जा सकती है। होमेइ मियाशिता ने आगे कहा कि वह अभी दूसरे मैन्युफैक्चरर से बात कर रहे हैं, जिसमें वो इस तकनीक के और भी इस्तेमालों पर विचार कर रहे हैं। जैसे कि टोस्ट में कैसे और फ्लेवर डाला जा सकता है।

टीवी के अलावा बनाई ये चीज
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रोफेसर होमेइ मियाशिता ने अपनी 30 छात्रों की एक टीम के साथ टीवी के अलावा कई स्वाद से संबंधित प्रोडक्ट तैयार किए हैं। उन्होंने एक ऐसा चम्मच तैयार किया था जिससे खाने पर भोजन का स्वाद और बढ़ जाता है। इसके अलावा वह अब ऐसी स्पे तकनीक पर काम कर रहे हैं जो टोस्टेड ब्रेड का स्वाद पिज्जा या चॉकलेट के स्लाइस की तरह बना सके। फिलहाल मियाशिता की 'टेस्ट द टीवी' सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है, कई लोगों ने इसे लेकर मजाकिया तंज कसा है।

क्या हो सकती है टीवी की कीमत?
प्रोफेसर होमेइ मियाशिता के मुताबिक यह टीवी किसी अन्य स्मार्ट टीवी की कीमत में ही मिल सकता है। इसकी कीमत लगभग 875 डॉलर यानी 65 हजार रुपए के आस-पास हो सकती है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बाजार में इस टीवी को कब उतारा जाएगा। भारत सहित दुनियाभर के टीवी दर्शकों के लिए अब लिकेबल टीवी कौतूहल बना हुआ है। इस टीवी के बारे में आपकी क्या राय है, हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।
Video देखने के लिए यहां करें क्लिक
यह भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा से लेकर टीवी ऐक्ट्रेस टीना दत्ता समेत ये एक्ट्रेस हुईं 'ब्रालेस', इनके साथ हुआ था ऊप्स मोमेंट












Click it and Unblock the Notifications