जापान में भूकंप से 1.3 मीटर खिसकी जमीन, मरने वालों की संख्या 48 हुई, मलबे के नीचे कई और शव होने की आशंका
जापान में सोमवार को 7.6 की तीव्रता का भूकंप आया। देश में आए खौफनाक भूकंप के बाद अब तबाही की तस्वीरें सामने आ रही हैं। कई जगहों पर सड़कों में दरारें पड़ गईं। मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही हजारों घरों की बिजली ठप हो गई है।
द जापान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इससे अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को आए भीषण भूकंप के बाद अब तक वहां लगभग 155 छोटे भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं। इनकी तीव्रता 3.4 से 4.6 के बीच रही है।

जापान के बचावकर्मियों को भूकंप में जीवित बचे लोगों को खोजने के लिए शक्तिशाली झटकों के बीच कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। जापान के मीडिया हाउस NHK के मुताबिक वाजिमा शहर में 14 लोग इमारतों के नीचे दबे हैं। उन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वाजिमा शहर में भूकंप से 25 इमारतें तबाह हो चुकी हैं।
इस बीच स्काई न्यूज ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि जापान के भू-स्थानिक सूचना प्राधिकरण (जीएसआई) द्वारा जीपीएस डेटा को देखने से पता चलता है कि भूकंप से जापान के नोटो इलाके में जमीन एपिसेंटर से 1.3 मीटर पश्चिम की तरफ खिसक चुकी है।
डेटा के मुताबिक यह बदलाव इशिकावा क्षेत्र में सबसे अधिक हुआ है। वहीं, अनामिजु शहर में लगभग 1 मीटर और सुजू शहर में 80 सेमी की पश्चिम की ओर खिसक गया है। आंकड़ों के अनुसार नानाओ शहर, टोयामा, निगाटा और कांटो-कोशिन क्षेत्र में भी कुछ हलचलें देखी गई हैं।
जापान के प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा ने कहा, "बहुत व्यापक क्षति की पुष्टि की गई है, जिसमें कई हताहत, इमारत ढहना और आग शामिल हैं। हमें आपदा के पीड़ितों की तलाश और बचाव के लिए समय के साथ प्रतिस्पर्धा करनी होगी।"
स्थानीय ऊर्जा प्रदाता कंपनी ने कहा कि वाजिमा में, रात भर तापमान गिरने के कारण लगभग 33,000 घरों में बिजली नहीं थी। समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि देश में कई शहरों में पानी नहीं है। वहीं, मंगलवार तड़के भी कई तेज़ झटके महसूस किए गए, जिनमें से एक झटका 5.6 तीव्रता का था।
जापान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद करने के लिए जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स (SDF) के 10 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। SDF को सबसे पहले नोटो इलाके में भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications