ब्लूटिक को लेकर मचे मातम के बीच जैक डोर्सी लेकर आ गए Bluesky, एंड्रॉयड पर हुआ लांच
जैक डोर्सी ने ट्विटर से फाइनेंसिंग का उपयोग करते हुए 2019 में ब्लूस्काई को एक साइड प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करना शुरू कर दिया था। इसी साल फरवरी के अंत में इसे पहली बार आईओएस उपयोगकर्ताओं के लिए रोल आउट किया गया था।

ट्विटर पर लिगेसी ब्लू टिक मार्क हटाने जाने के बाद से मातम का माहौल है। लोग एलन मस्क को भर-भर कर बद्दुआ दे रहे हैं। इस बीच ट्विटर को टक्कर देने के लिए ट्विटर के ही पूर्व कर्ताधर्ता यानी कि पूर्व सीईओ और को-फाउंडर जैक डोर्सी ने एक धांसू ऐप लांच कर दिया है।
इस ऐप के बारे में काफी वक्त से चर्चा चल रही थी। अबतक ये ऐप एपल एप स्टोर पर मौजूद था जिसकी टेस्टिंग चल रही थी। लेकिन अब इसे एंड्राइड पर भी लांच कर दिया गया है। जैक डोर्सी के इस नए एप्लीकेशन लोग ट्विटर के अल्टरेटिव के तौर पर देख रहे हैं।
ट्विटर को बुलंदियों तक ले जाने वाले जैक डोर्सी ही ब्लूस्काई का काम देख रहे हैं ऐसे में ये माना जा रहा है कि ये नया एप ट्विटर को कड़ी टक्कर दे सकता है। ब्लू स्काई के वेबसाइट के मुताबिक यह ऐप्लीकेशन यूजर्स को ज्यादा ऑप्शन देता है और उन्हें कई तरह की स्वतंत्रता भी देता है।
ब्लूस्काई अपने यूजर्स को एक खास तरह का एल्गोरिदम देने का प्लान कर रहा है जिसमें सेंट्रल अथॉरिटी के बजाय यूजर्स खुद के मुताबिक अपने स्वयं के फ़ीड को नियंत्रित कर सकते हैं। इसमें ट्वीटर की ही तरह ट्वीट, बुकमार्क, डीएम, रीट्वीट, हैशटैग जैसे कई ऑप्शन मौजूद होंगे।
ब्लूस्काई ने इस विकल्प के बारे में वेबसाइट पर लिखा है, "हम एटी प्रोटोकॉल का निर्माण कर रहे हैं, सोशल नेटवर्किंग के लिए एक नई नींव जो रचनाकारों को प्लेटफार्मों से स्वतंत्रता, डेवलपर्स को निर्माण करने की स्वतंत्रता और उपयोगकर्ताओं को उनके अनुभव में एक विकल्प देती है।"
हालांकि यदि आप भारत में रहते हैं तो आप थोड़े निराश हो सकते हैं। आप इसकी वेबसाइट पर जाकर ऐप को डाउनलोड तो कर सकते हैं मगर साइनअप करने के लिए आपको इसके इंविटेशन का इंतजार करना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications