Silvio Berlusconi: गर्लफ्रेंड को मालामाल कर गए इटली के पूर्व पीएम बर्लुस्कोनी, छोड़ी इतनी भारी-भरकम रकम
बीते महीने इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का देहांत हो गया था। वे 86 वर्ष के थे। उन्होंने 1994 से 1995, 2001 से 2006 और 2008 से 2011 तक चार बार में इटली के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।
मरने के बाद अब उनकी वसीयत का पता चला है, जिसमें वे अपने करीबियों के लिए संपत्ति छोड़कर गए हैं। बर्लुस्कोनी ने अपनी वसीयत में अपनी 33 वर्षीय प्रेमिका मार्ता फासीना के लिए 100 मिलियन यूरो छोड़े हैं। भारतीय रूपये में देखें तो ये 906 करोड़ रुपये से अधिक होते हैं।

द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक इटली के पूर्व प्रधानमंत्री के साम्राज्य की कीमत 6 बिलियन यूरो से अधिक आंकी गई है। आपको बता दें कि 33 वर्षीय मार्ता फासीना 2018 के आम चुनाव के बाद से इतालवी संसद के निचले सदन के सदस्य रही हैं।
मार्ता फासीना फोर्ज़ा इटालिया पार्टी की सदस्य हैं। इस पार्टी की स्थापना बर्लुस्कोनी ने 1994 में की थी जब उन्होंने पहली बार राजनीति में प्रवेश किया था। मार्ता फासीना और बर्लुस्कोनी का रिश्ता साल 2020 में शुरू हुआ था।
दोनों ने कानूनी तौर पर कभी शादी नहीं की थी। बीते साल मार्च में सिल्वियो बर्लुस्कोनी ने खुद से 53 साल छोटी महिला मार्ता फासीना से 'प्रतीकात्मक शादी' की थी। यह शादी 'प्रतीकात्मक' हुई थी क्योंकि संपत्ति विवाद की वजह दोनों असली शादी नहीं कर पा रहे थे। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में लिखा गया कि बर्लुस्कोनी ने मरने से पहले फासीना को अपनी पत्नी कहकर बुलाया था।
मार्था को वसीयत में भले ही काफी पैसे मिले हों मगर संपत्ति का अधिकांश हिस्सा बर्लुस्कोनी ने अपने बच्चों को सौंपा है। पूर्व पीएम अपने दोनों बच्चों मरीना और पियर के लिए 53 फीसदी हिस्सेदारी छोड़कर गए हैं।
इसके अलावा, बर्लुस्कोनी ने अपनी वसीयत में अपने भाई को भी जगह दी है। उन्होंने अपने भाई पाओलो के लिए 100 मिलियन यूरो और अपनी फोर्जा इटालिया पार्टी के पूर्व सांसद मार्सेलो डेल'उट्री के लिए 30 मिलियन यूरो छोड़े हैं।
इटली के पूर्व पीएम बर्लुस्कोनी ने मिलान के पास अपनी हवेली विला सैन मार्टिनो के लेटरहेड पर अंकित एक पीले नोटपैड पर हाथ से अपनी वसीयत लिखी है। इस वसीयत में पिछले साल 2 अक्टूबर को हस्ताक्षर किए गए हैं। आपको बता दें कि ये वही वक्त था जब बर्लुस्कोनी की पार्टी फोर्ज़ा इटालिया ने जियोर्जिया मेलोनी के ब्रदर्स ऑफ इटली के नेतृत्व वाले गठबंधन में लौटने का निर्णय लिया था।
86 वर्ष की आयु में ल्यूकेमिया से मरने वाले बर्लुस्कोनी ने वसीयत में लिखा है कि वे फिनइन्वेस्ट में उपलब्ध स्टॉक को अपने बच्चों मरीना और पियर सिल्वियो के लिए बराबर भागों में छोड़ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने बाकी सभी संपत्ति में अपने 5 बच्चों मरीना, पियर, बारबरा, एलानोरा और लुइगी के लिए छोड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications