हमास ने अस्पतालों में भर रखे हैं बंधक... गाजा पट्टी में ऑपरेशन के बीच इजराइली सेना का दावा, क्या होगा अब?
Israel-Hamas War: इजराइली सेना ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया है, कि हमास के आतंकियों ने गाजा पट्टी के अस्पतालों में बंधकों और भारी मात्रा में हथियारों को भर रखा है। इजराइली सेना ने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें दावा किया गया है, कि अल-रंतीसी अस्पताल में हमास ने बंधकों को हथियारों को भर रखा है।
इजराइली रक्षा बलों ने गाजा के अल-रंतीसी अस्पताल का एक वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया है, कि बच्चों के अस्पताल के तहखाने का इस्तेमाल बंधकों को रखने और हथियार रखने के लिए किया गया है। आईडीएफ ने दावा किया है, कि "हमास ने इस पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया और इस अस्पताल से इजरायलियों के खिलाफ अपना युद्ध चलाया है।"

इजराइली सेना ने क्या दावा किया?
आईडीएफ के प्रवक्ता, रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने कहा, कि इजरायली बलों को "ग्रेनेड, आत्मघाती जैकेट और अन्य विस्फोटकों सहित हथियारों के भंडार के साथ एक कमांड सेंटर" मिला है। उन्होंने दावा किया, कि ये हथियार हमास के आतंकवादियों ने अस्पताल के तहखाने में जमा कर रखे थे, जहां युद्ध से पहले बच्चों और कैंसर रोगियों की देखभाल की जाती थी।
उन्होंने कहा, कि "हमें ऐसे संकेत भी मिले हैं, जो बताते हैं कि हमास ने यहां बंधकों को रखा हुआ है, यह फिलहाल हमारी जांच के अधीन है। लेकिन हमारे पास ऐसी खुफिया जानकारी भी है जो इसकी पुष्टि करती है।"
आईडीएफ फ़ुटेज से बता चलता है, कि अस्पताल में एक खुफिया कैदखाना बनाया गया था, जहां लोगों को रखा गया है। वहां एक छोटी रसोई और पास में सुरंगनुमा शाफ्ट था, जो हमास के एक वरिष्ठ नौसैनिक कमांडर के घर से जुड़ता है।
उन्होंने कहा, कि उन्हें एक मोटरसाइकिल मिली है जिस पर गोलियों के निशान हैं। उन्होंने कहा, कि वाहन का इस्तेमाल 7 अक्टूबर को अचानक हुए हमले के बाद बंधकों को गाजा लाने के लिए किया गया होगा, जब हमास के आतंकवादियों ने दक्षिणी इजरायली गांवों और एक संगीत समारोह में हमला किया था, जिसमें लगभग 1,200 लोगों की मौत हो गई थी।
हमास के आतंकियों ने इस दौरान 240 लोगों को बंधक बना लिया था।
जिसके बाद इजराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ एक जमीनी कार्रवाई के साथ-साथ भारी बमबारी शुरू कर दी, जिसके तहत आईडीएफ सैनिक गाजा पट्टी में अब पूरी तरह से दाखिल हो चुके हैं। फिलिस्तीन के हमास स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, गाजा में 11,000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।

इजरायली सेना अब अल शिफा अस्पताल के गेट के बाहर तैनात है। फिलहाल अस्पताल के अंदर सैकड़ों मरीज हैं जो बाहर निकाले जाने का इंतजार कर रहे हैं।
इजराइल का दावा है, कि अस्पताल हमास का नियंत्रण और कमांड सेंटर था। इजराइल ने कहा है, कि आतंकवादी समूह हमास, हथियारों की स्थिति को छिपाने के लिए अस्पतालों और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचे का उपयोग कर रहा है और नागरिकों के साथ-साथ मरीजों को मानव ढाल के रूप में उपयोग कर रहा है।
हालांकि, हमास ने इन आरोपों से इनकार किया है, और इन अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टरों और अधिकारियों ने भी आरोपों से इनकार किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक संगठनों ने गाजा में स्वास्थ्य सेवा पर हमलों को रोकने का आह्वान किया। लेकिन, इजराइल ने यह कहकर पलटवार किया है कि वह मरीजों और नागरिकों को निकलने की अनुमति दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications