हमास के सबसे बड़े नेता इस्माइल हानिया के घर इजराइली सेना का एयरस्ट्राइक, भाई-भतीजे समेत 14 मरे
हमास और इजराइल के बीच जंग 11वें दिन जारी है। इजराइल में 7 अक्टूबर को हमाल के हमले के बाद से ही इजराइली सेनाएं गाजा पर लगातार बम बरसा रही हैं। दोनों तरफ से मिलाकर अब तक इस जंग में 3200 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं।
इजराइल ने हमास के निर्वासित राजनीतिक नेता इस्माइल हानिया के गाजा स्थित घर पर हमला किया, जिसमें 14 लोग मारे गए हैं। ये सभी इस्माइल हानिया के घर के लोग हैं। हानिया के भाई और भतीजे की कथित तौर पर हमले में मौत हो गई है।

इजरायल की तबाही का ख्वाब देखने वाला इस्माइल हानिया 2017 से हमास का सर्वोच्च राजनीतिक नेता है। हमास में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च इकाई शूरा परिषद ने 2021 में उसे दोबारा चार साल के लिए चुना था। संगठन में उसे चुनौती देने वाला और कोई भी नहीं था इसलिए वह निर्विरोध चुना गया।
कतर में छुपा है हानिया
हनिया 2019 से ही विदेश में रह रहा है। ऐसा कहा जाता है कि वह कतर में छुपा हुआ है। इस्माइल हनिया की देखरेख में ही हमास ने इजरायल पर पिछले 75 सालों में सबसे बर्बर हमले की साजिश रची थी।
इस बीच इजराइल के विदेश मंत्री एली कोहेन ने हमास के 1000 आतंकियों के मारने का दावा किया है।
इजराइल के विदेश मंत्री एली कोहेन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''अब तक हमने 1000 आतंकियों का सफाया कर दिया है। आतंकी ठिकानों समेत हजारों ठिकानों पर हमले किए गए हैं... हमास ने कभी गाजा के लोगों की परवाह नहीं की... उनका लक्ष्य हमारे इलाके में शांति कायम होने से रोकना है।''
कोहेन ने आगे कहा कि अभी भी उन्हें गाजा के लोगों की भी परवाह नहीं है। वे उनका उपयोग मानव ढाल करे रूप में कर रहे हैं। इजराइल अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान करता है। हम कभी भी स्वतंत्र नागरिकों, बच्चों और परिवार को निशाना नहीं बनाएंगे। यह हमारा तरीका नहीं है।
'सरेंडर करो या मर जाओ'
इस बीच इजरायली रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने मंगलवार को कहा, ''हमास के सदस्यों के पास दो विकल्प हैं- या तो अपनी पोजिशन पर मर जाएं या बिना शर्त आत्मसमर्पण करें। कोई तीसरा विकल्प नहीं है।''
एली कोहेन ने आगे कहा कि ये युद्ध हमने शुरू नहीं किया है। उन्होंने हमें इस युद्ध में प्रवेश करने के लिए मजबूर किया। हम उम्मीद करते हैं कि हमास से लड़ते समय अंतरराष्ट्रीय समुदाय हमारा समर्थन करेगा।
'हमास को पूरी तरह से मिटा देंगे'
कोहेन ने कहा कि 'गाजा अब इजराइल या किसी और के लिए खतरा नहीं होगा। हम उसे पूरी तरह से मिटाने जा रहे हैं। हम सिर्फ इजराइल के लिए नहीं लड़ रहे हैं संपूर्ण स्वतंत्र युद्ध के लिए लड़ रहे हैं।
इजराइली विदेश मंत्री ने कहा कि हमास एक भयानक कैंसर की तरह है। यह फैलने को तैयार है। और अगर हमने इसे यहीं नहीं रोका, तो यह पेरिस लंदन, न्यूयॉर्क, अन्य सभी स्थानों पर भी आ जाएगा..."
मारा गया हमास का एक और कमांडर
इस बीच इजराइल ने हमास के एक और कमांडर को मार गिराया है। इजराइली सेना ने कहा है कि उसने हमास के कमांडर अयमान नोफाल को मार दिया है। हमास ने भी नोफाल के मारे जाने की पुष्टि की है।
साल 2006 में इजराइली सैनिक गिलाड शालित को किडनैप किया गया था। नोफाल इसका मास्टरमाइंड था। इजराइली सैनिक गिलाद शालित को हमास ने गाजा में पांच साल से अधिक समय तक बंदी बनाकर रखा था। इसके बाद 2011 में उनकी रिहाई के बदले में, बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाली तत्कालीन इजराइली सरकार ने 1,027 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया था।
हमास के 5000 ठिकानों पर हमला
IDF ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि वो अभी दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। अल अरबिया चैनल को दिए बयान में इजरायल ने कहा कि उसने गाजा पट्टी में अब तक हमास के 5000 ठिकानों पर हमला किया है।
इजराइल गाजा से लोगों को निकालने की कोशिश में अभी भी जुटा हुआ है, लेकिन सवाल ये है कि यहां से निकाले जाने के बाद गाजा के लोग शरण कहां लेंगे। रविवार को मिस्र ने साफ कर दिया कि वो गाजा के लोगों को अपने सिनाई रेगिस्तान में रुकने की मंजूरी नहीं देगा।
जॉर्डन ने भी शरण देने से किया इनकार
वहीं, मंगलवार को जॉर्डन ने भी गाजा के लोगों को अपने देशमें एंट्री देने से साफ इनकार कर दिया। जॉर्डन के राजा किंग अब्दुल्ला ने कहा, जॉर्डन फलस्तीनी शरणार्थियों को अपनी जमीन पर शरण नहीं देगा। उन्होंने कहा, उनका देश फलस्तीनी शरणार्थियों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा, गाजा में मानवीय संकट से गाजा के अंदर ही निपटा जाना चाहिए।
तेल अवीव पहुंचे जर्मन चांसलर
इस बीच इजराइल को मदद का भरोसा दिलाने के लिए जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज राजधानी तेल अवीव पहुंच गए हैं। वो इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात के बाद जर्मनी के उन परिवारों से भी मिलेंगे, जिनके परिजन हमास के कब्जे में हैं।
इजराइल जाएंगे इमैनुएल मैक्रॉन
इसके साथ ही फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन इस्राइल ने भी इजराइल का दौरान करने की बात कही है। हालांकि, मैक्रॉन के दौरे की तारीख फिक्स नहीं हुई है, लेकिन बाइडन के दौरे की खबर के बाद मैक्रॉन के दौरे की खबर इजराइल युद्ध के बीच बड़ी घटना मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications