गाजा में शरणार्थी शिविर पर इजराइल की भीषण बमबारी, दर्जनों लोगों के मारे जाने की खबर, हमास के खिलाफ ऑपरेशन
Israel-Hamas War News: गाजा में हमास नियंत्रित स्वास्थ्य महकमे के स्वास्थ्य अधिकारियों ने दावा किया है, कि इजरायली एयरफोर्स ने रविवार तड़के मध्य गाजा पट्टी में मघाजी शरणार्थी शिविर पर हमला किया है, जिसमें कम से कम 53 लोग मारे गए हैं।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब एक दिन पहले अमेरिका ने इजराइल से गाजा पर बमबारी बंद करने का मानवीय आग्रह किया था। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मृत फिलिस्तीनियों के शव और साथ ही घायल लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। हालांकि, मौत के आंकड़ों की हम स्वतंत्र तौर पर पुष्टि करने में असमर्थ हैं, लेकिन अमेरिका और अरब देशों के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत फेल हो गई है।

अल-मगाज़ी शरणार्थी शिविर वाडी गाजा के दक्षिण में तटीय परिक्षेत्र के मध्य भाग में स्थित है। संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी के मुताबिक, शिविर की विशेषता संकरी गलियां और उच्च जनसंख्या घनत्व है, जिसमें 0.6 वर्ग किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में 33,000 से ज्यादा लोग रहते हैं। इजराइली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने बार-बार गाजा में नागरिकों से वाडी गाजा के दक्षिण में जाने का आह्वान किया है, क्योंकि इसने गाजा शहर और उत्तरी गाजा पर अपने हवाई और जमीनी हमले तेज कर दिए हैं।
अमेरिका ने कहा है, कि अगर हमास को खत्म नहीं किया गया, तो वो फिर से इजराइल पर हमला करेगा, जबकि मिस्र ने इजराइल से बंधकों की रिहाई के बदले इजराइली जेलों में बंद हमास के लोगों को रिहा करने की अपील की है, लेकिन इजराइल इस शर्त को मानेगा, इसकी कोई संभावना नहीं है।
गाजा पर इजरायल की बमबारी से नागरिकों की मौत की संख्या बढ़ने के बीच, अमेरिका और उसके अरब सहयोगी शनिवार को गाजा पट्टी में युद्धविराम पर विभाजित दिखे। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है, कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के रविवार को दो दिवसीय दौरे पर तुर्की पहुंचने की उम्मीद है।
मरने वालों की संख्या क्या है?
हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया है, कि 7 अक्टूबर से गाजा पर इजरायली हमलों में 3,900 बच्चों सहित कम से कम 9,488 फिलिस्तीनी मारे गए हैं। हम इस आंकड़ों की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। 7 अक्टूबर को हमास के हमले में 1,400 से ज्यादा इजरायली मारे गए थे और 240 से ज्यादा लोगों को गाजा में हमास के आतंकियों ने बंधक बनाकर रखा हुआ है।
दूसरी तरफ, इजराइल की सेना ने कहा है, कि उसने गाजा शहर को घेर लिया है, जो हमास को कुचलने के लिए उसके हमले का लक्ष्य है।

वहीं, गाजा से अभी भी इजराइल में रॉकेट दागे जा रहे हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, आज भी गाजा पट्टी से कम से कम आठ रॉकेट इजराइल में दागे गये हैं, जिनमें से 6 रॉकेट्स को आईडीएफ ने हवा में मार गिराया। इजरायली टेलीविजन चैनलों ने आईडीएफ की आयरन डोम रक्षा प्रणाली द्वारा गिराए जा रहे रॉकेटों का लाइव वीडियो प्रसारित किया है। इज़रायली पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा, कि रॉकेट गिरने वाले क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वहीं, इजराइल ने शुक्रवार को गाजा सिटी के अल-शिफा अस्पताल के बाहर एक एम्बुलेंस पर हमले की जिम्मेदारी ली, जो इस क्षेत्र की सबसे बड़ी चिकित्सा सुविधा है। यह वाहन राफा की ओर जा रहे एक काफिले में था, जो इजराइल द्वारा क्षेत्र की घेराबंदी के दौरान गाजा से अंदर और बाहर जाने के लिए एकमात्र शेष विकल्प है। इज़राइल ने दावा किया कि एम्बुलेंस का इस्तेमाल हमास लड़ाकों द्वारा किया जा रहा था, जिसे गाजा में हमास-नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय ने खारिज कर दिया है। एम्बुलेंस पर किए गये हमले में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट है।












Click it and Unblock the Notifications