इजराइल में नेतन्याहू की कुर्सी फंसी,अमेरिका में ट्रंप का इम्तिहान! क्या चुनाव बाद ईरान पर फिर बरसेंगे बम?

इजराइल के चुनाव नतीजों ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए नई राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है। संसद में उनकी अगुवाई वाला गठबंधन बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गया है। दूसरी तरफ अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनाव भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आगे की रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इन दोनों चुनावों के बीच एक सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है, क्या चुनावी प्रक्रिया पूरी होते ही अमेरिका और इजराइल एक बार फिर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकते हैं?

इजराइल के 120 सदस्यों वाले नेसेट (संसद) में सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत होती है। चुनाव की मतगणना पूरी होने के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिली हैं। वहीं गादी आइजनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के पास 48 सीटें हैं। अरब दलों को मिलाकर 19 सीटें मिली हैं। यानी किसी भी खेमे के पास अपने दम पर सरकार बनाने लायक संख्या नहीं है। ऐसे में किसी भी खेमे को सरकार बनान के लिए दूसरे दलों का समर्थन जरूरी होगा।

Israel Election Results 2026

इसका मतलब है कि इजराइल में नई सरकार का गठन आसान नहीं होगा। गठबंधन की बातचीत में कई हफ्ते या महीने भी लग सकते हैं। लेकिन इस राजनीतिक अनिश्चितता का एक दूसरा पहलू भी है। जब तक नई सरकार को लेकर तस्वीर साफ नहीं होती, नेतन्याहू के पास सैन्य फैसले लेने की गुंजाइश बनी रह सकती है। ऐसे में ईरान के खिलाफ संभावित नए हमले की टाइमिंग पर इजराइल की राजनीति और अमेरिकी चुनाव दोनों का असर पड़ सकता है।

इजराइल चुनाव में नेतन्याहू को झटका, लेकिन सत्ता की उम्मीद बाकी

इजराइल का यह चुनाव 7 अक्टूबर 2023 के हमलों और उसके बाद गाजा में शुरू हुए युद्ध के बाद पहला बड़ा चुनाव था। इसे नेतन्याहू के नेतृत्व और उनकी सरकार के कामकाज पर जनता के फैसले के तौर पर देखा जा रहा था।

99 फीसदी से ज्यादा वोटों की गिनती के दौरान नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटें मिलती दिखीं, जबकि विपक्षी खेमे को 48 सीटें हासिल हुईं। अरब दलों के पास कुल 19 सीटें रहीं। अंतिम नतीजों के प्रमाणन और आधिकारिक घोषणा तक आंकड़ों में बदलाव की गुंजाइश बताई गई थी।

इन नतीजों से नेतन्याहू को पूरी तरह बाहर नहीं माना जा सकता, लेकिन उनके लिए सरकार बनाना पहले से ज्यादा मुश्किल हो गया है। दूसरी तरफ, विपक्ष के नेता गादी आइजनकोट के सामने भी बहुमत जुटाने की चुनौती है। आइजनकोट के साथ पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट, यायर लैपिड और यायर गोलान जैसे नेता हैं। लेकिन इस गठबंधन के भीतर अरब दलों के साथ सरकार बनाने को लेकर सहमति नहीं है। ऐसे में 61 सीटों का आंकड़ा जुटाना आसान नहीं दिख रहा।

सरकार बनाने में क्यों लग सकते हैं कई महीने?

इजराइल में चुनाव जीतना और सरकार बना लेना दो अलग-अलग बातें हैं। किसी भी दल या गठबंधन को संसद में बहुमत साबित करना होता है। मौजूदा नतीजों में नेतन्याहू और विपक्ष दोनों इस आंकड़े से दूर हैं।

आइजनकोट की मुश्किल यह है कि उनकी सरकार अरब दलों के समर्थन के बिना बनती नहीं दिख रही। लेकिन विपक्षी गठबंधन के कई नेता फिलिस्तीनी मूल के इजराइली नागरिकों की पार्टियों के साथ गठबंधन करने के पक्ष में नहीं हैं।

विपक्षी खेमे में डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रमुख यायर गोलान इस मुद्दे पर बाकी नेताओं से अलग नजर आते हैं। उन्होंने अरब पार्टी रा'म के प्रमुख मंसूर अब्बास से मुलाकात भी की। गोलान ने इस मुलाकात के बाद कहा कि देश के सामने बदलाव का मौका है और विपक्ष को इसे गंवाना नहीं चाहिए।

याशार नेता आइजनकोट ने भी नफ्ताली बेनेट और यायर गोलान से बातचीत की है। उनका मकसद जल्द से जल्द नई सरकार बनाने का रास्ता निकालना है। हालांकि, गठबंधन की बातचीत में सिर्फ समर्थन जुटाना ही काफी नहीं होगा। मंत्रालयों का बंटवारा और दूसरे पदों पर सहमति बनाना भी बड़ी चुनौती होगी।

इजराइल के पूर्व रक्षा अधिकारी और आइजनकोट के सहयोगी एविगडोर लिबरमैन ने भी चुनावी नतीजों के बाद सरकार बनाने की बातचीत को लेकर जल्दबाजी नहीं दिखाई। उनके सामने अरब दलों, नेतन्याहू या नए चुनावों में से किसी एक रास्ते को चुनने की मुश्किल है। यही वजह है कि नई सरकार बनने में चार-पांच दिन नहीं, बल्कि कई हफ्ते या महीने लग सकते हैं।

Israel Election Results 2026

क्या अमेरिकी चुनाव के बाद ईरान पर फिर हमला कर सकते हैं ट्रंप?

इजराइल के चुनावी समीकरणों के साथ अब सबकी नजर अमेरिका पर भी है। 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए राजनीतिक परीक्षा की तरह हैं। इन चुनावों में अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों की स्थिति बदल सकती है। इसका असर ट्रंप की घरेलू और विदेश नीति पर भी पड़ सकता है। ईरान के साथ टकराव पहले ही अमेरिकी राजनीति में उनके लिए दबाव का कारण बना हुआ है।

द यरूशलम पोस्ट के मुताबिक, ट्रंप चुनाव से पहले ईरान के खिलाफ नया सैन्य अभियान शुरू करने के पक्ष में नहीं थे। इसकी एक बड़ी वजह यह थी कि ईरान के साथ युद्ध अमेरिकी मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता और रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुंचा सकता था।

हालांकि चुनाव खत्म होने के बाद स्थिति बदल सकती है। ट्रंप के पास तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने का विकल्प नहीं है। ऐसे में उनके कार्यकाल के आखिरी वर्षों में विदेश नीति से जुड़े फैसलों पर घरेलू चुनावी दबाव पहले जैसा नहीं रहेगा।

ट्रंप कई बार ईरान पर फिर बड़े हमले करने की धमकी दे चुके हैं। उन्होंने ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और दूसरे बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की बात भी कही है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में सैन्य तैयारी का जिक्र किया गया है। हालांकि, सैन्य तैयारी का मतलब यह नहीं है कि हमले का अंतिम आदेश दिया जा चुका है।

नेतन्याहू को सेना प्रमुख ने क्यों रोका था?

इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू हाल के हफ्तों में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करने पर विचार कर रहे थे। लेकिन दो अहम लोगों का रुख उनके रास्ते में आया। पहला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दूसरा इजराइली सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर।

द यरूशलम पोस्ट के मुताबिक जमीर की आपत्ति ईरान पर हमले के खिलाफ नहीं, बल्कि इजराइल के चुनाव से पहले सैन्य कार्रवाई करने को लेकर थी। उन्हें आशंका थी कि ईरान जवाब में बैलिस्टिक मिसाइलें दाग सकता है। इससे मतदान के दिन सुरक्षा का खतरा पैदा हो सकता था।

इसके अलावा चुनाव से ठीक पहले हमला करने पर यह सवाल भी उठता कि क्या नेतन्याहू अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने के लिए युद्ध का इस्तेमाल कर रहे हैं। ट्रंप की आपत्ति भी चुनाव से पहले हमला करने को लेकर थी। वह नहीं चाहते थे कि 3 नवंबर के अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से पहले ईरान के साथ संघर्ष दोबारा शुरू हो। अब इजराइल का चुनाव पूरा हो चुका है और अमेरिकी चुनाव भी नजदीक हैं। ऐसे में हमले को रोकने वाली दोनों राजनीतिक समयसीमाएं खत्म होने के करीब हैं।

Israel Election Results 2026

ईरान पर हमले को लेकर इजराइल के विपक्ष और सरकार में कितनी सहमति?

इजराइल की राजनीति में ईरान के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच उतना बड़ा मतभेद नहीं है, जितना सरकार बनाने के सवाल पर दिखाई देता है। गादी आइजनकोट, नफ्ताली बेनेट, यायर लैपिड और यायर गोलान जैसे विपक्षी नेताओं ने भी ईरान के खिलाफ अमेरिकी और इजराइली सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया है। इनमें पिछले साल के 12 दिवसीय युद्ध और मौजूदा संघर्ष के दौरान हुए हमले शामिल हैं।

इन नेताओं का रुख ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी सख्त है। वे चाहते हैं कि ईरान के पास मौजूद संवर्धित यूरेनियम के भंडार को हटाया जाए और उसके परमाणु कार्यक्रम को खत्म किया जाए। इसके साथ ही तेहरान समर्थित क्षेत्रीय सशस्त्र संगठनों के नेटवर्क को कमजोर करना भी इजराइली राजनीति का साझा लक्ष्य रहा है।

हालांकि रणनीति को लेकर अंतर जरूर है। आइजनकोट ने नेतन्याहू के हमलों का समर्थन किया और ट्रंप के सैन्य फैसले को साहसिक बताया। लेकिन उनका मानना है कि केवल बमबारी करके ईरान की मौजूदा सरकार को गिराना व्यावहारिक नहीं है। वहां राजनीतिक बदलाव ईरान के लोगों के जरिए ही आ सकता है।

दूसरी तरफ, सेना प्रमुख एयाल जमीर फिलहाल जल्दबाजी में हमले के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि कार्रवाई तभी होनी चाहिए, जब ईरान की तरफ से इजराइल पर वास्तविक हमले का खतरा हो या फिर अमेरिकी समर्थन के साथ कोई ठोस सैन्य रणनीति तैयार हो।

Israel Election Results 2026

ट्रंप के सामने ईरान पर हमला करने के अलावा क्या विकल्प हैं?

अमेरिका के सामने सिर्फ सैन्य कार्रवाई का विकल्प नहीं है। वह ईरान पर आर्थिक दबाव, प्रतिबंध और समुद्री नाकेबंदी जारी रखकर भी तेहरान को बातचीत के लिए मजबूर करने की कोशिश कर सकता है। जुलाई से ईरान के दक्षिणी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी जारी है। इससे ईरान के तेल निर्यात और व्यापार को बड़ा झटका लगा है। पहले से लागू कड़े आर्थिक प्रतिबंधों ने भी आम लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है।

ट्रंप के सलाहकारों के बीच भी ईरान के खिलाफ फिर युद्ध शुरू करने को लेकर एक राय नहीं है। कुछ लोगों को लगता है कि कुछ दिनों की तेज सैन्य कार्रवाई से ईरान बातचीत के लिए तैयार हो सकता है। लेकिन दूसरे सलाहकारों का मानना है कि फरवरी से जारी दबाव के बावजूद ईरान पीछे नहीं हटा है। ऐसे में कुछ और दिनों की बमबारी से कोई बड़ा नतीजा निकलने की गारंटी नहीं है।

एक और खतरा यह है कि ईरान अमेरिकी सीजफायर के बाद भी जवाबी हमले जारी रख सकता है। ऐसे में ट्रंप अगर कुछ दिनों की कार्रवाई चाहते हैं, तो संघर्ष लंबा खिंच सकता है। अमेरिका के सामने एक और रास्ता है। अगर ईरान परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई ठोस समझौता करने के लिए तैयार हो जाता है, तो सैन्य कार्रवाई टल सकती है। ट्रंप की तरफ से आर्थिक दबाव और सैन्य धमकियों के बीच बार-बार बदलते रुख ने भी ईरान के साथ बातचीत को मुश्किल बनाया है।

ईरान में लोग क्यों डरे हुए हैं?

इजराइल और अमेरिका के चुनावों पर सिर्फ राजनीतिक गलियारों की नजर नहीं है। ईरान के आम लोग भी इन नतीजों को लेकर चिंतित हैं। उन्हें डर है कि चुनाव खत्म होने के बाद कहीं दोबारा बमबारी शुरू न हो जाए। तेहरान के 37 वर्षीय निवासी सज्जाद ने अल जजीरा से बातचीत में कहा कि नेतन्याहू जीतें या आइजनकोट, उन्हें लगता है कि ईरान के साथ संघर्ष जारी रह सकता है। सुरक्षा कारणों से उन्होंने अपना पूरा नाम नहीं बताया।

वहीं 32 वर्षीय शायान का मानना है कि युद्ध की शुरुआत में जिन लोगों को ईरान की सरकार बदलने की उम्मीद थी, उनमें से कई अब अमेरिकी और इजराइली कार्रवाई को देखकर निराश हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि तेल, गैस, बिजली और स्टील जैसे बुनियादी ढांचे पर हमलों का असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ता है।

ईरान में कुछ लोगों ने संभावित हमलों की चेतावनी देने के लिए अपने दोस्तों और परिवारों के साथ समूह भी बनाए हैं। इन समूहों के जरिए लड़ाकू विमानों की आवाज सुनने या हमले की आशंका होने पर एक-दूसरे को सतर्क किया जाता है।

ईरान में इंटरनेट और संचार सेवाएं बंद किए जाने की आशंका के चलते कुछ लोग घरेलू मैसेजिंग ऐप और सामान्य टेक्स्ट मैसेज का भी सहारा ले रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अली नाम के एक यूजर ने लिखा कि करीब 9 करोड़ लोगों की नजरें आसमान पर हैं कि अगला युद्ध कब शुरू होगा।

नेतन्याहू के लिए युद्ध राजनीतिक फायदा भी बन सकता है?

नेतन्याहू के सामने सबसे बड़ी चुनौती नई सरकार बनाने की है। लेकिन अगर ईरान के साथ संघर्ष फिर शुरू होता है, तो देश का राजनीतिक फोकस बदल सकता है। युद्ध के दौरान आमतौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बन जाती है। ऐसे में नेतन्याहू विपक्षी दलों के बीच चल रही गठबंधन की बातचीत पर दबाव बना सकते हैं। आइजनकोट और उनके सहयोगियों के लिए अरब दलों के साथ समझौता करना भी ज्यादा मुश्किल हो सकता है।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि नेतन्याहू को युद्ध से निश्चित तौर पर राजनीतिक फायदा मिलेगा। उन्हें यह भी समझाना होगा कि जब पहले के हमलों के बाद ईरान के परमाणु और मिसाइल खतरे को कमजोर करने का दावा किया गया था, तो अब नई कार्रवाई की जरूरत क्यों पड़ रही है।

अगर वह एक तरफ दावा करते हैं कि ईरान की सैन्य क्षमताओं को पहले ही बड़ा नुकसान पहुंचाया जा चुका है और दूसरी तरफ नए हमले की मांग करते हैं, तो उनकी रणनीति पर सवाल उठ सकते हैं। इजराइल में विपक्षी नेता गादी आइजनकोट पहले ही नेतन्याहू पर चुनावी नतीजों को कमजोर दिखाने का आरोप लगा चुके हैं।

नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने अरब दलों पर चुनाव में गड़बड़ी और विदेशी दखल के आरोप लगाए थे। इन दावों को लेकर केंद्रीय चुनाव समिति के प्रमुख और सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस नोआम सोहलबर्ग ने शिन बेट को जांच के लिए पत्र भेजा था। उन्होंने कहा था कि आरोप गंभीर हैं, लेकिन उनकी पुष्टि करना अभी संभव नहीं है।

आइजनकोट ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू सरकारी संस्थाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों के लिए कर रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषक जेवियर अबू ईद ने भी कहा कि विपक्ष के लिए एक विकल्प नेसेट के स्पीकर को बदलने की कोशिश हो सकता है। इससे नेतन्याहू का एक अहम संसदीय सहयोगी कमजोर पड़ सकता है।

अब ईरान पर हमले का फैसला किन बातों पर निर्भर करेगा?

पूरे घटनाक्रम को देखें तो ईरान के खिलाफ नए युद्ध की टाइमिंग तीन बड़े फैक्टर तय कर सकते हैं। पहला, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद ट्रंप का राजनीतिक दबाव कितना कम होता है। दूसरा, इजराइल में नेतन्याहू नई सरकार बनाने में कितने सफल होते हैं। तीसरा, सेना प्रमुख एयाल जमीर और अमेरिकी सलाहकार सैन्य कार्रवाई को लेकर क्या रुख अपनाते हैं।

अगर ट्रंप हमले के पक्ष में फैसला लेते हैं और इजराइल को सैन्य तथा रक्षा संबंधी पूरा समर्थन देते हैं, तो नेतन्याहू के लिए कार्रवाई का रास्ता आसान हो सकता है। लेकिन अगर अमेरिकी प्रशासन को लगता है कि नया युद्ध लंबा खिंच सकता है और उसका आर्थिक तथा राजनीतिक नुकसान ज्यादा होगा, तो ईरान पर प्रतिबंध और नाकेबंदी जारी रखने का विकल्प चुना जा सकता है।

फिलहाल सबसे अहम बात यह है कि इजराइल में चुनाव खत्म होने का मतलब नई सरकार बनना नहीं है और अमेरिका में चुनाव खत्म होने का मतलब ईरान पर हमले का आदेश भी नहीं है। दोनों देशों की राजनीतिक स्थिति, सैन्य आकलन और तेहरान के साथ परमाणु बातचीत ही आगे की दिशा तय करेगी। यानी आने वाले कुछ हफ्ते सिर्फ इजराइल और अमेरिका की राजनीति के लिए नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम एशिया की सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद अहम हो सकते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+