इजराइल में अब कौन बनाएगा सरकार? न नेतन्याहू के पास बहुमत,न आइजनकोट के पास, किस पार्टी के अब क्या है ऑप्शन?

Israel Election: इजराइल में 90 फीसदी से ज्यादा वोट गिने जा चुके हैं। फिर भी तस्वीर साफ नहीं है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का गठबंधन 53 सीटों पर आगे है। विपक्षी नेता गादी आइजनकोट का गठबंधन 48 पर है। 90.9% वोटों की गिनती के बाद यही आंकड़ा है। संसद में कुल 120 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 61 सीटें चाहिए। यानी दोनों खेमे इस आंकड़े से दूर हैं। बीच में खड़ी हैं अरब पार्टियां, जिन्हें 19 सीटें मिलती दिख रही हैं। इसी वजह से उन्हें किंगमेकर कहा जा रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि नेतन्याहू बहुमत न होने के बावजूद सरकार चला सकते हैं और उन्हें इसके लिए किंगमेकर बनी अरब पार्टियों की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐसे में आइए जानते हैं कि नेतन्याहू के पास सरकार बनाने का क्या विकल्प हैं। ये भी जानेंगे कि विपक्षी नेता गादी आइजनकोट के सामने क्या हैं रास्ते?

Israel Election

नेतन्याहू के पास सरकार बनाने के 3 बड़े विकल्प

शुरुआती नतीजों में नेतन्याहू का गठबंधन 53 सीटों के साथ आगे चल रहा है। बहुमत के 61 के आंकड़े से दूर होने के बावजूद उनके सामने सत्ता में बने रहने के कुछ रास्ते हैं और उन्हें अरब पार्टियों की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

विपक्षी सांसदों का समर्थन: नेतन्याहू विपक्षी गठबंधन की किसी पार्टी या कुछ सांसदों को अपने साथ ला सकते हैं। इसके लिए सरकार में हिस्सेदारी का ऑफर देना पड़ सकता है। कुछ मांगें भी माननी पड़ सकती हैं। विश्वास मत के दिन अगर विपक्ष के कुछ सांसद उनके पक्ष में वोट दें या गैरहाजिर रहें, तो काम बन जाएगा।

पेंच यह है कि विपक्षी नेताओं ने यह चुनाव नेतन्याहू को हटाने के नाम पर ही लड़ा है। ऐसे में उनका कोई साथी पाला बदले, तो उसके लिए राजनीतिक कीमत बहुत भारी होगी। अभी किसी भी विपक्षी नेता के पाला बदलने की पुष्टि नहीं हुई है।

राष्ट्रीय एकता सरकार: इसमें नेतन्याहू के दक्षिणपंथी और धार्मिक सहयोगियों के साथ विपक्ष के कुछ चेहरे भी सरकार में बैठेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट और खुद आइजनकोट की भूमिका इसमें अहम हो सकती है।

लेकिन सौदा आसान नहीं है। प्रधानमंत्री की कुर्सी किसे मिले, सेना में भर्ती के नियम क्या हों, बाकी नीतियां कैसी हों, इन सब पर समझौता करना होगा। आइजनकोट और नेतन्याहू के बीच मतभेद गहरे हैं। ऊपर से नेतन्याहू के अति-दक्षिणपंथी साथी भी विपक्षी नेताओं के साथ सत्ता बांटने को राजी हों, यह जरूरी नहीं।

अल्पमत सरकार चलाना: यहां खेल गणित का है। सरकार के पास 61 सीटें न हों, फिर भी वह विश्वास मत जीत सकती है। अरब पार्टियों को सरकार में शामिल होने की जरूरत नहीं। वे वोटिंग से दूर रहें या सरकार के खिलाफ वोट न दें, तो सदन में मौजूद और वोट डालने वाले सांसदों के हिसाब से नेतन्याहू जीत सकते हैं।

पर यह जीत टिकाऊ नहीं होगी। बजट हो या कोई कानून, हर बड़े फैसले के लिए उन्हें संसद में समर्थन जुटाना पड़ेगा। विपक्ष एकजुट होकर वोट कर दे, तो सरकार संकट में आ जाएगी।

Israel Election

विपक्षी नेता गादी आइजनकोट के सामने क्या हैं रास्ते?

नेतन्याहू को कड़ी टक्कर देने वाले विपक्षी नेता गादी आइजनकोट का गठबंधन 48 सीटों पर है। उनके लिए बहुमत जुटाना एक बड़ी चुनौती है। आइजनकोट के पास भी सरकार बनाने के तीन रास्ते हैं।

  • अरब पार्टियों का साथ: विपक्षी खेमा अरब पार्टियों की 19 सीटों को जोड़कर बहुमत तक पहुंच सकता है। विश्लेषक लोवेनस्टीन के अनुसार, कई इजरायली यहूदी दल अरब पार्टियों के साथ खुलकर जाने से बचते हैं, जिससे यह गठबंधन लंबे समय तक चलना मुश्किल हो सकता है।
  • नेतन्याहू खेमे में सेंधमारी: आइजनकोट सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ सांसदों को तोड़कर अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके लिए उन सांसदों को अपने पुराने सहयोगियों से अलग होना होगा।
  • अल्पमत सरकार का दांव: आइजनकोट भी बिना पूरे बहुमत के ऐसी सरकार बनाने का सोच सकते हैं, जिसे जरूरत पड़ने पर बाहर से दूसरी पार्टियों का समर्थन मिलता रहे। हालांकि, एविगडोर लिबरमैन जैसे नेता इस विकल्प के सख्त खिलाफ हैं।

अरब पार्टियां क्यों हैं किंगमेकर?

विशेषज्ञ लोवेनस्टीन ने अल जजीरा से कहा कि इजराइल के अरब नागरिकों ने इस बार बड़ी संख्या में वोट डाला। उनके मुताबिक फिलिस्तीनी मूल के इन लोगों को चुनाव में कोई विकल्प खास अच्छा नहीं लग रहा था। फिर भी वे नेतन्याहू सरकार के चार और साल नहीं चाहते थे।

अब सवाल यह है कि क्या आइजनकोट और उनके साथी अरब पार्टियों को साथ लेंगे। आइजनकोट अब तक अरब पार्टियों के साथ सरकार बनाने से इनकार करते आए हैं। लोवेनस्टीन का कहना है कि ऐसा गठबंधन बन सकता है, लेकिन उसके लंबे समय तक चलने की उम्मीद कम है।

Israel Election

डबल-एनवेलप बैलेट: 5 लाख वोट पलट सकते हैं गणित (Double-Envelope Ballots Explained)

गुरुवार सुबह डबल-एनवेलप बैलेट की गिनती शुरू हो गई। ये करीब 5 लाख वोट हैं और संसद की सीटों का अंतिम बंटवारा बदल सकते हैं। ये वोट उन लोगों के हैं जिन्होंने अपने तय मतदान केंद्र की जगह कहीं और वोट डाला। इनमें सैनिक, राजनयिक, पुलिसकर्मी और विस्थापित लोग शामिल हैं।

प्रक्रिया ऐसे चलती है:

  • मतदाता पसंदीदा पार्टी की पर्ची एक छोटे लिफाफे में रखता है।
  • यह लिफाफा दूसरे, बड़े लिफाफे में जाता है। इस पर मतदाता की पहचान लिखी होती है।
  • अफसर जांचते हैं कि उस व्यक्ति ने कहीं और वोट तो नहीं डाला।
  • जांच पूरी होने पर बाहरी लिफाफा हटा दिया जाता है। अंदर का लिफाफा बिना पहचान के खुलता है, ताकि वोट गुप्त रहे।

इसी बीच इजराइली मीडिया में दावा है कि अरब पार्टी राअम को एक सीट और मिल सकती है। 91% गिनती पर राअम की सीटें 7 से 8 और जॉइंट लिस्ट की 12 से 11 होने की बात कही गई। दोनों को मिलाकर आंकड़ा 19 ही रहेगा। लेकिन द टाइम्स ऑफ इजराइल ने बताया कि सुबह 5:57 बजे तक चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों में कोई बदलाव नहीं हुआ था। अतिरिक्त वोटों के समझौते के तहत 19वीं सीट अब भी जॉइंट लिस्ट के पास थी। राअम उससे करीब 1,200 वोट पीछे थी।

जॉइंट लिस्ट क्या है (What is the Joint List)

जॉइंट लिस्ट इजराइल की अरब आबादी के हक की बात करने वाला गठबंधन है। 85% गिनती पर इसे 12 सीटें मिलती दिख रही थीं। इसमें तीन पार्टियां हैं और अरब नेताओं के साथ यहूदी नेता भी हैं।

  • हदाश: वामपंथी पार्टी। अरब और यहूदी नागरिकों की बराबरी, मजदूरों के हक और फिलिस्तीन के साथ शांति की बात करती है।
  • ताल: अहमद तिबी की पार्टी। अरब नागरिकों के बराबर अधिकार, बेहतर पढ़ाई-नौकरी और फिलिस्तीनी राज्य का समर्थन करती है।
  • बलद: अरब राष्ट्रवादी सोच वाली धर्मनिरपेक्ष पार्टी। ऐसा इजराइल चाहती है जहां सब नागरिकों को बराबर अधिकार मिले।

जॉइंट लिस्ट का सफर:

  • 2015: पहली बार अरब समुदाय की चार बड़ी पार्टियां साथ लड़ीं। 13 सीटें मिलीं।
  • 2019 (सितंबर): फिर 13 सीटें।
  • 2020: बेहतर प्रदर्शन, 15 सीटें।
  • 2021: आपसी मतभेद के कारण राअम अलग हो गई। हदाश, ताल और बाकी दल साथ लड़े।
  • 2022: हदाश और ताल साथ रहे, बलद अलग हो गई। बलद संसद में आने के लिए जरूरी 3.25% वोट नहीं ला पाई।
  • 2026: हदाश, ताल और बलद फिर साथ आए। राअम इस बार भी अलग रही।

धांधली के आरोप पर तिबी का जवाब

नेतन्याहू की पार्टी लिकुड ने अरब पार्टियों पर धांधली का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि वोटरों को धमकाया गया, हिंसा हुई और फर्जी वोट डाले गए। पार्टी ने पुलिस और शिन बेट से जांच मांगी है और कहा है कि सबूत एजेंसियों को सौंप दिए हैं।

जॉइंट लिस्ट के नेता अहमद तिबी ने अल जजीरा से कहा कि चुनाव में कोई गड़बड़ी नहीं हुई। उन्होंने लिकुड के आरोपों को हारने वालों की बयानबाजी बताया। तिबी का आरोप है कि कुछ लोग अरब पार्टियों को मिले वोटों की वैधता पर ही सवाल उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जॉइंट लिस्ट को मिली सीटों को बड़ी जीत कहा। केंद्रीय चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने भी धांधली के आरोप खारिज कर दिए हैं।

Israel Election

सरकार बनाने के लिए 42 दिन (How Israel Forms a Government)

इजराइल में चुने गए नेता को सरकार बनाने के लिए पहले 28 दिन मिलते हैं। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति 14 दिन और दे सकते हैं। कुल 42 दिन। इस दौरान नेता को पार्टियों से बात करके समर्थन जुटाना होता है। नीतियों और मंत्री पदों पर सौदे होते हैं। आम तौर पर 61 सांसदों का साथ चाहिए। इतना न जुटे, तो नेता छोटी पार्टियों के सहारे अल्पमत सरकार बना सकता है। दूसरा तरीका है दो नेताओं के बीच बारी-बारी से प्रधानमंत्री बनने का समझौता।

इजराइल में वोट कैसे सीट बनते हैं (How Israel Voting System Works)

इजराइल में लोग नेता को नहीं, पार्टी को वोट देते हैं। हर पार्टी चुनाव से पहले उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करती है। पूरे देश में मिले वोटों के हिसाब से तय होता है कि पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी। मान लीजिए किसी पार्टी को 20 सीटें मिलीं, तो उसकी लिस्ट के पहले 20 नाम सांसद बन जाएंगे।

एक शर्त भी है। संसद में घुसने के लिए पार्टी को कुल वैध वोटों का कम से कम 3.25% चाहिए। इससे कम मिले, तो एक भी सीट नहीं।

आगे क्या?

तस्वीर साफ है। नेतन्याहू के पास 61 का आंकड़ा नहीं, फिर भी कुर्सी बचाने के रास्ते खुले हैं। आइजनकोट के सामने चुनौती उलटी है। उन्हें अलग-अलग सोच वाली पार्टियों को एक छत के नीचे लाना है।

दोनों के लिए असली इम्तिहान यही है कि संसद में समर्थन जुटाएं और उसे टिकाए रखें। डबल-एनवेलप वोटों की गिनती पूरी होने पर अंतिम सीटें तय होंगी, और उसके बाद हर्जोग का फैसला इस पूरी कहानी की दिशा तय करेगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+