बांग्लादेश में आईएसआईएस की मौजूदगी से परेशान अमेरिका
ढाका। अमेरिका ने बांग्लादेश में आईएसआईएस की मौजूदगी पर चिंता जाहिर की है। आईएसआईएस ने पिछले माह एक इटैलियन एड वर्कर की हत्या के बाद देश में कई आतंकी हमले करने की जिम्मेदारी ली थी। बांग्लादेश की पुलिस ने सोमवार को चार लोगों को एक इटैलियन एड वर्कर की हत्या में शामिल होने की वजह से गिरफ्तार किया गया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने जानकारी दी कि हमलों की जिम्मेदारी लेने के आईएसआईएस के दावे को लेकर अमेरिका चिंतित हैं। इन दावों को हम गंभीरता से लेते हैं। किर्बी से संवाददाताओं ने बांग्लादेश में एक इटैलियन नागरिक की हत्या सहित अन्य आतंकी गतिविधियों के बारे में आईएसआईएस के दावे को लेकर सवाल पूछे थे।
किर्बी ने कहा हम इन हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए और दोषियों को न्याय के दायरे में लाने में मदद करने के लिए बांग्लादेश सरकार और प्रमुख सहयोगियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, यह कहना मुश्किल है कि आईएसआईएल बांग्लादेश में किस हद तक सक्रिय है या नहीं है। शनिवार को ढाका के पुराने इलाके में शियाओं के एक जुलूस में अज्ञात तत्वों ने ग्रेनेड हमला किया था। आईएसआईएस ने इस हमले की भी जिम्मेदारी ली थी।
किर्बी ने कहा फिलहाल जांच जारी है और जो भी मदद की जरूरत होगी, हम करेंगे। प्रवक्ता ने कहा, हमलों की जिम्मेदारी की पुष्टि करना बांग्लादेशी कानून प्रवर्तन अधिकारियों का काम है। लेकिन मुझे लगता है कि हमें आईएसआईएल के दावों को गंभीरता से लेना चाहिए और हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications