ईरान में चुना गया सुप्रीम लीडर का उत्तराधिकारी! अयातुल्ला अली खामेनेई दे सकते हैं इस्तीफा, ये होगा नया नेता
Iran Supreme Leader: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने अपना उत्तराधिकारी चुन लिया है और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, काफी ज्यादा सीक्रेट बरतते हुए, तेहरान ने गुप्त रूप से ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के दूसरे बेटे मोजतबा खामेनेई को अपना उत्तराधिकारी चुना है।
85 वर्षीय खामेनेई, जो कथित तौर पर गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, वो अपनी मृत्यु से पहले पद छोड़ सकते हैं और उनके बेटे मोजतबा अपने पिता के जीवित रहते हुए पद संभाल सकते हैं। इजराइली समाचार आउटलेट ynetnews ने ईरान इंटरनेशनल का हवाला देते हुए इसकी रिपोर्ट दी है, जो एक फारसी भाषा का अंतर्राष्ट्रीय मीडिया आउटलेट है, जिसका ईरानी शासन विरोधियों से संबंध है।

रिपोर्टों के मुताबिक, खामेनेई की मांग पर ईरान की विशेषज्ञ सभा के 60 सदस्य 26 सितंबर को एकत्रित हुए थे और उन्हें अत्यंत गोपनीयता के साथ उत्तराधिकार पर तत्काल फैसला लेने का आदेश दिया गया।
सदस्यों को गोपनीयता बनाए रखने की धमकी दी गई- रिपोर्ट
असेंबली ने मोजतबा को खमेनेई के उत्तराधिकारी के रूप में चुनने के लिए सर्वसम्मति से सहमति बनाई, जबकि इस फैसले पर विरोध भी जताया गया था। हालांकि, नेता और उनके प्रतिनिधियों ने इस पर जोर दिया, जिसमें कथित तौर पर प्रत्यक्ष धमकियां भी शामिल थीं।
अधिकतम गोपनीयता बनाए रखने का फैसला, व्यापक सार्वजनिक विरोध के डर से लिया गया है। असेंबली सदस्यों को बैठक और उसके विवरण को गोपनीय रखने की चेतावनी दी गई थी। रिपोर्ट में कहा गया है, कि किसी भी लीक के लिए उन्हें परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
इस बैठक से संबंधित जानकारियां पांच हफ्तों तक गुप्त रखा गया।
जानकारी को गुप्त क्यों रखा गया?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी आशंकाएं और उत्तराधिकार चुनने की प्रक्रिया की अलोकतांत्रिक प्रकृति को देखते हुए चयन को गुप्त रखा गया है। पिछले दो वर्षों में, मोजतबा को नेतृत्व के लिए रणनीतिक रूप से तैयार किया गया है, जो ईरानी शासन के फैसले लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसलिए, किसी भी अनुभव की कमी और सरकार में किसी भी औपचारिक पद पर उनकी भागीदारी न होने के बावजूद, उनकी नियुक्ति पहले से ही तय किया जा चुका था।
रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक से परिचित सूत्रों ने बताया, कि खामेनेई अपने जीवनकाल में ही पद त्याग कर अपने दूसरे बेटे को सत्ता सौंप सकते हैं। उन्होंने कहा, कि खामेनेई अपने बेटे को नेता के रूप में स्थापित करना चाहते हैं, ताकि उनकी मृत्यु के बाद होने वाले संभावित विरोध और विरोध प्रदर्शनों को रोका जा सके।












Click it and Unblock the Notifications