‘तुम्हारी भलाई के लिए किया हमला’, मिसाइल अटैक के बाद ईरान ने पाकिस्तान को पुचकारा, दी ये सफाई
ईरान ने मंगलवार रात पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आतंकी संगठन जैश अल अदल के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक किया। इसमें कुछ पाकिस्तानी लोग मारे गए हैं। इस घटना के बाद पाकिस्तान और ईरान के रिश्तों में तनाव पैदा हो गया है।
पाकिस्तान ने ईरान के एम्बेसडर को देश छोड़ने का फरमान जारी कर दिया। इसके साथ ही ईरान में मौजूद अपने राजदूत को भी फौरन वापस बुला लिया है। पाकिस्तान की नाराजगी के बीच अब ईरान की इस मामले पर प्रतिक्रिया आई है।

ईरान के शीर्ष राजनयिक होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन ने दावोस में विश्व आर्थिक मंच के मौके पर कहा है कि उन्होंने पाकिस्तान पर नहीं बल्कि ईरानी आतंकवादी समूह को निशाना बनाया है।
विदेश मंत्री अब्दुल्लाहियन ने कहा कि हमने पाकिस्तान के भीतर आतंकी संगठन पर हमला किया है। उन्होंने कहा, "मित्रवत और भाईचारे वाले देश पाकिस्तान के किसी भी नागरिक को ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों द्वारा निशाना नहीं बनाया गया। हमने जैश अल-अदल के ठिकाने को निशाना बनाया है।"
उन्होंने कहा, "आतंकी समूह ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के कुछ हिस्सों में शरण ले रखी है। इन आतंकियों ने ईरान में हमारे खिलाफ कुछ ऑपरेशन किए। हमारे सुरक्षाकर्मियों को मार गिराया। हमने उसी के अनुरूप इन पर कार्रवाई की है। हमने पाकिस्तान की जमीं पर सिर्फ ईरान के आतंकियों पर हमला किया है।"
ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के अधिकारियों से बातचीत की है। हमने उन्हें आश्वासन दिया है कि तेहरान, पाकिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करता है, लेकिन हम हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं कर सकते। हमारी कुछ आपत्तियां थीं। हमने जो भी किया, वह पाकिस्तान और इराक की सुरक्षा के मद्देनजर ही किया।
स्ट्राइक पर पाकिस्तान ने क्या कहा?
पाकिस्तान ने देशों की साझा सीमा के पास हमले की निंदा की और ईरान से अपने राजदूत को वापस बुला लिया है, जबकि तेहरान के दूत को इस्लामाबाद लौटने से रोक दिया। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी कार्यवाहक पीएम अनवर-उल-हक काकर ने दावोस के इतर हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन से भी मुलाकात की।












Click it and Unblock the Notifications