Iran Israel War: तेहरान पर कहर बनकर टूट रहा है IDF, ताबड़तोड़ हमलों में 8 की मौत और 80 घर हुए जमींदोज
Iran Israel War: मिडिल ईस्ट में तनाव इस वक्त अपने चरम पर पहुंच गया है। इजरायल ने ईरान के ऊपर ताबड़तोड़ बमबारी और एयर स्ट्राइक की है। तेहरान और इस्फहान जैसे अहम शहरों को निशाना बनाया जा रहा है। इसके जवाब में ईरान ने भी क्षेत्र में कई जगहों पर पलटवार किया है। इजरायली सेना (IDF) के अनुसार, उसने ईरान के खिलाफ हवाई हमलों की नई लहर शुरू की है।
आईडीएफ (IDF) की ओर से दी जानकारी में कहा गया कि तेहरान और इस्फहान में ईरानी शासन से जुड़े ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए गए। इससे पहले इजरायली रक्षा बलों ने बताया था कि उनके करीब 80 फाइटर जेट्स ने रातभर तेहरान और मध्य ईरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया। राजधानी तेहरान में कई जगहों पर जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई।

Iran Israel War: 8 की मौत और 80 घरों के जमींदोज होने का दावा
- दूसरी ओर ईरान के अधिकारियों का कहना है कि इस्फहान में हुए हमलों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है।
- इस्फहान प्रांत के गवर्नर कार्यालय से जुड़े सुरक्षा अधिकारी अकबर सालेही ने बताया कि हमले में एक महिला सहित आठ नागरिकों की जान गई और लगभग 80 घरों को नुकसान पहुंचा है।
- लगातार हमलों से तेहरान समेत कई और शहरों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई इमारतें, स्कूल और सार्वजनिक बिल्डिंग अब तक ध्वस्त हो चुके हैं।
Iran Israel War: मिडिल ईस्ट में चरम पर पहुंचा तनाव
इसी बीच क्षेत्र में तनाव तब और बढ़ गया जब दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास धमाकों की आवाज सुनी गई। सुरक्षा अलर्ट जारी होने के बाद एयरपोर्ट पर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया था और यात्रियों को सुरक्षा के तहत एयरफील्ड के नीचे बनी ट्रेन टनल में ले जाया गया। बाद में जानकारी मिली कि एयरपोर्ट परिसर के पास एक ड्रोन का मलबा गिरा था। एयरलाइन एमिरेट्स ने दुबई आने-जाने वाली फ्लाइट्स को अगली सूचना तक रोकने की घोषणा की।
इस बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया है कि उसने खाड़ी क्षेत्र में एक तेल टैंकर को निशाना बनाया। ईरान की अर्धसरकारी न्यूज एजेंसी तस्नीम के मुताबिक 'प्राइमा ट्रेड' नाम के तेल टैंकर को एक ड्रोन ने टक्कर मारी। बताया गया कि जहाज ने होर्मुज स्ट्रेट में यातायात रोकने से जुड़ी चेतावनियों को नजरअंदाज किया था। लगातार हो रहे इन हमलों के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है और कई देशों ने सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications