इंडोनेशिया में सुनामी की वजह से अब तक 1,234 लोगों की मौत, भारत की ओर से राहत सामग्री रवाना
जकार्ता। इंडोनेशिया में सुनामी और भूकंप की वजह से मरने वालों की संख्या अब 1,232 हो गई है, न्यूज एजेंसी एएफपी की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है। 28 सितंबर को इंडोनेशिया में भूकंप के बाद सुनामी ने जमकर तबाही मचाई है। सबसे ज्यादा नुकसान यहां के पालू में हुआ है। जो बात लोगों को सबसे ज्यादा हैरान कर रही है वह है कि इस देश के मौसम और भू-विज्ञान एजेंसी की ओर से शनिवार की शाम छह बजे सुनामी का जो अलर्ट जारी किया गया था, उसे आधे घंटे बाद यानी 6:30 बजे उठा लिया गया। अब ऐसी खबरें हैं कि अगर इंडोनेशिया में अर्ली वॉर्निंग सिस्टम ठीक से काम कर रहा होता तो शायद मौत का आंकड़ां कुछ कम होता।
इंडियन नेवी के तीन जहाज इंडोनेशिया रवाना
भारत की ओर से शनिवार को इंडोनेशिया में आई आपदा पर शोक जताया गया था। यूनाइटेड नेशंस जनरल एसेंबली (उंगा) में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अपने संबोधन की शुरुआत में इंडोनेशिया में सुनामी की वजह से मारे गए लोगों की मौत पर देश की तरफ से शोक जाहिर किया था। वहीं दूसरी ओर इंडियन नेवी की तरफ से सोमवार को कहा कि उसने साउथ-ईस्ट एशिया में तैनात अपने तीन जहाजों को मानवीय सहायता के लिए सुनामी प्रभावित इंडोनेशिया के लिए रवाना कर दिया है। इंडियन नेवी की ओर से ट्वीट कर बताया कि आपदा के बाद नेवी ने आईएनएस तीर, आईएनएस सुजाता और आईएनएस शार्दुल को इंडोनेशिया रवाना कर दिया है। तीनों जहाज सोमवार को तड़के अपनी यात्रा पर निकले। इंडियन नेवी ने जानकारी दी कि जहाजों पर तीस हजार लीटर पीने का पानी, 1500 लीटर पैक्ड जूस, 500 लीटर दूध, 700 किलोग्राम बिस्कुट और 20 टेन्ट लोड है। ये भी पढ़ें-इंडोनेशिया में अलर्ट सिस्टम की नाकामी से सुनामी में गईं हजारों जानें!