ईरान-इजराइल युद्ध को रोकने के लिए मध्यस्थता करेगा भारत? भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर का आया बड़ा बयान
India on Middle East Conflict: भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है, कि भारत मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष को लेकर चिंतित है, क्योंकि इजरायल और ईरान के बीच तनाव एक बड़े पैमाने पर युद्ध में विकसित होने का जोखिम है।
उन्होंने कहा है, कि उस चिंता के हिस्से के रूप में, भारत चर्चा और कूटनीति के माध्यम से इस मामले में शामिल हो सकता है। यानि, ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष के बीच भारत ने मध्यस्थता करवाने और तनाव कम करवाने के संकेत दिए हैं।

भारतीय विदेश मंत्री ने कहा, कि "कठिन समय में कम्युनिकेशन के महत्व को कम मत समझिए। अगर कुछ बातें कही जानी हैं और आगे बढ़ाई जानी हैं, तो मुझे लगता है कि ये सभी योगदान हैं जो हम कर सकते हैं, और हम करते हैं...।"
आपको बता दें, कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने वाशिंगटन में एक थिंक टैंक के साथ बातचीत के दौरान ये बातें, ईरान की तरफ से इजराइल के खिलाफ मिसाइलों की बौछार शुरू करने से कुछ घंटे पहले कही है। उन्होंने कहा, "हम संघर्ष के व्यापक होने की संभावना से चिंतित हैं, न सिर्फ लेबनान में जो हुआ, बल्कि हूतियों और लाल सागर में भी, और ईरान और इजरायल के बीच जो कुछ भी घटित होता है, उससे भी।"
विदेश मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया, कि किसी भी देश की प्रतिक्रिया में अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन किया जाना चाहिए और नागरिकों को नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा, कि "हम 7 अक्टूबर को आतंकवादी हमला मानते हैं। हम समझते हैं, कि इजरायल को जवाब देने की जरूरत थी, लेकिन हम यह भी मानते हैं, कि किसी भी देश की प्रतिक्रिया में अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून को ध्यान में रखना चाहिए और उसे नागरिक आबादी को किसी भी तरह के नुकसान या प्रभाव के बारे में सावधान रहना चाहिए।" उन्होंने कहा, "किसी तरह का अंतर्राष्ट्रीय मानवीय प्रयास होना महत्वपूर्ण है"।
आपको बता दें, कि ईरान ने हिज्बुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह की हत्या और क्षेत्र में इजराइली सेना की तरफ से जारी सैन्य हमले के जवाब में मंगलवार को इजराइल में कम से कम 180 मिसाइलें दागीं हैं। इस घटनाक्रम से मध्य पूर्व में क्षेत्रव्यापी युद्ध की आशंका है, जबकि इजराइल और अमेरिका ने तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने की कसम खाई है।












Click it and Unblock the Notifications