भारतीयों को अब ब्राजील जाने के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं पड़ेगी
ब्राजील। भारतीय नागरिकों को ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो ने एक बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि अब भारत के कारोबारियों को ब्राजील आने के लिए वीजा की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय और चीनी लोगों के लिए वीजा की जरूरतों को कम किए जाने का फैसला लिया गया है।
बता दें बोल्सोनारो इस साल ही सत्ता में आए हैं। उन्होंने कई विकसित देशों के लिए वीजा की जरूरतों को कम किया है। उन्होंने हाल ही में अपनी चीनी यात्रा के दौरान कहा था कि विकासशील देशों के लिए उनकी नीतियों में विस्तार किया जाएगा। इससे पहले ब्राजील ने अमेरिका, कनाडा, जापान और ऑस्ट्रेलिया के पर्यटकों और कारोबारियों को वीजा में छूट दी थी। हालांकि इन देशों ने ब्राजील को इस तरह की कोई छूट नहीं दी है।
कैसे मिली थी जीत?
जेयर बोल्सोनारो को अपने भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने के वादे की वजह से जीत मिली थी। उन्होंने बेहद अधिक अंतर से चुनाव जीता था। लेकिन ऐसा नहीं है कि वह कभी विवादित बयानों के कारण चर्चा में नहीं रहे हैं। जेयर बोल्सोनारो अपने नस्लवादी, समलैंगिक विरोधी और महिला विरोधी बयानों के कारण अक्सर चर्चा में भी बने रहते हैं। इससे पहले उनकी आलोचना फ्रांस के राष्ट्रपति की पत्नी पर टिप्पणी करने के कारण भी हो चुकी है।
दरअसल जी-7 सम्मेलन की कुछ तस्वीरें आई थीं। इस दौरान लोगों ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की उनकी पत्नी के साथ और बोल्सोनारो की उनकी पत्नी के साथ ली गई तस्वीर की तुलना की थी। तभी कुछ मीम्स में कहा गया कि मैक्रों इर्षालु लग रहे हैं। इसपर बोल्सोनारो ने कमेंट कर कहा था, 'व्यक्ति को बेइज्जत ना करो.. हा हा'। उनकी इसी टिप्पणी को मैक्रों ने आपत्तिजनक बताया था। बता दें मक्रों की पत्नी 66 साल की हैं, और वह अपनी पत्नी से उम्र में काफी छोटे हैं।