'ना पानी मिला, ना खाना', इंडियन व्लॉगर अनंत को चीन ने 15 घंटें हिरासत में रखा, Video जारी कर बताई आपबीती
Indian Vlogger Detained In China: सोशल मीडिया पर ट्रैवल वीडियोज़ से पहचान बनाने वाले मशहूर व्लॉगर अनंत मित्तल उर्फ "ऑन रोड इंडियन" का हाल ही में सामने आया अनुभव काफ़ी चौंकाने वाला है। मित्तल ने दावा किया है कि चीन पहुंचते ही उन्हें करीब 15 घंटे तक हिरासत में रखा गया, और यह सब एक ऐसे वीडियो की वजह से हुआ, जिसमें उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के एक नागरिक के समर्थन में अपनी बात रखी थी।
अनंत मित्तल ने बताया कि यह घटना 16 नवंबर की है, जब वे चीन में दाखिल हुए थे। एयर पोर्ट पर इमिग्रेशन के दौरान उन्हें अचानक रोक लिया गया। उनके पासपोर्ट पर लगे एक स्टिकर के कारण सिस्टम में अलर्ट आया और इसके बाद एक अधिकारी उन्हें हिरासत वाले क्षेत्र में ले गया, जहां पहले से कई विदेशी नागरिक मौजूद थे।

मित्तल के मुताबिक, करीब दो घंटे तक उनसे कोई बातचीत नहीं की गई। बाद में उन्हें एक अलग कमरे में ले जाया गया, जहां चीनी अधिकारियों ने उनका फोन और कैमरा जब्त कर लिया ताकि वे कुछ रिकॉर्ड न कर सकें। हालांकि, उनके आईपैड पर अधिकारियों का ध्यान नहीं गया, जिसकी मदद से उन्होंने बाद में अपने अनुभव को दस्तावेज़ किया।
'15 घंटे तक ना पानी दिया ना खाना'
करीब 15 घंटे की इस हिरासत के दौरान मित्तल ने कई बार पानी और खाने की मांग की, लेकिन उन्हें सिर्फ एक बार पानी दिया गया। जैसे-जैसे समय बीतता गया, डर और बेचैनी बढ़ती गई। 12-13 घंटे बाद उन्हें लगने लगा कि शायद वे कभी भारत वापस न लौट पाएं।
व्लॉगर ने अरुणाचल के नागरिकों के सपोर्ट में शेयर की थी पोस्ट
व्लॉगर अनंत मित्तल का मानना है कि यह सब उस वीडियो की वजह से हुआ, जो उन्होंने चीन में पहले हिरासत में लिए गए अरुणाचल प्रदेश के एक नागरिक के समर्थन में पोस्ट किया था। उन्होंने साफ कहा कि उनका कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है। इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा, "मुझे किसी से नफरत नहीं है। मैं बस दुनिया को अपनी आंखों से देखता हूं और आपसे शेयर करता हूं।"
करीब 15 घंटे बाद एक चीनी अधिकारी आया और उन्हें बताया गया कि उनका "प्रोसेस पूरा हो गया है" और उन्हें तुरंत देश छोड़ना होगा। इस फैसले की कोई ठोस वजह नहीं बताई गई।
भावुक होकर व्लॉगर ने कहा- हम बहुत छोटे लोग हैं
भारत लौटने के बाद मित्तल ने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर इस पूरे अनुभव को "डरावना और परेशान करने वाला" बताया। उन्होंने कहा कि चीन में उनके दोस्त भी हैं और वे सिर्फ एक ट्रैवल व्लॉगर हैं। भावुक होते हुए उन्होंने लिखा, "अगर मुझसे किसी को दुख पहुंचा हो तो मुझे माफ़ करें। हम बहुत छोटे लोग हैं।" उन्होंने यह भी साफ किया कि वीडियो उन्होंने किसी दबाव में नहीं बनाया।
पहले भारतीय महिला को 18 घंटे हिरासत में लिया था
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब इससे कुछ दिन पहले अरुणाचल प्रदेश की एक महिला को भी शंघाई पुडोंग एयरपोर्ट पर करीब 18 घंटे हिरासत में रखा गया था। इस पर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
भारत ने चीन को दिया था दो टूक जवाब
विदेश मंत्रालय ने दो टूक कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है, और चीन द्वारा इसे न मानने से हकीकत नहीं बदलती। मंत्रालय ने चीन की कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय यात्रा नियमों का उल्लंघन बताया और इस तरह की मनमानी हिरासत की कड़ी निंदा की।












Click it and Unblock the Notifications