अमेरिकी गैस स्टेशन पर काम करने वाले हैदराबाद के छात्र की गोली मारकर हत्या, परिवार ने सरकार से लगाई गुहार
Indian student shot dead US: अमेरिका के टेक्सास में एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें भारतीय छात्र चंद्रशेखर पोल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चंद्रशेखर पोल को डलास में अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। घटना उस समय हुई जब वह गैस स्टेशन पर काम कर रहे थे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है। परिवार ने सरकार से मदद की अपील की है ताकि चंद्रशेखर का शव जल्द उनके घर लाया जा सके।

कौन हैं चंद्रशेखर पोल?
चंद्रशेखर पोल ने भारत में डेंटल सर्जरी में ग्रेजुएशन की डिग्री पूरी करने के बाद 2023 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए। उन्होंने अमेरिका में मास्टर डिग्री छह महीने पहले पूरी की थी और फिलहाल फुल-टाइम नौकरी की तलाश कर रहे थे। इसी बीच वह एक गैस स्टेशन पर काम कर रहे थे।
मीडिया जानकारी के अनुसार, पोल को अफ्रीकी-अमेरिकी मूल के एक व्यक्ति ने गोली मारी। घटना स्थल डेल्टन का गैस स्टेशन था। छात्र के परिवार ने भारतीय सरकार से अपील की है कि उनके बेटे की मृत देह को अमेरिका से जल्द वापस लाया जाए।
शव परिवार को सौंपने की उठी मांग
भारत राष्ट्र समिति (BRS) के विधायक सुधीर रेड्डी और पूर्व तेलंगाना मंत्री टी. हरीश राव, सहित अन्य पार्टी नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। हरीश राव ने कहा, "यह बेहद दुखद है कि एलबी नगर के दलित छात्र चंद्रशेखर पोल, जिन्होंने अमेरिका में उच्च शिक्षा पूरी की, उनकी हत्या कल सुबह कुछ अपराधियों द्वारा कर दी गई। यह माता-पिता के लिए असहनीय पीड़ा है, जो अपने बेटे के उज्जवल भविष्य की उम्मीद कर रहे थे।"
उन्होंने तेलंगाना सरकार से आग्रह किया कि चंद्रशेखर की शवयात्रा को उनके पैतृक गांव लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा, "BRS की ओर से हम मांग करते हैं कि राज्य सरकार तुरंत पहल करे और चंद्रशेखर के शव को उनके घर लाने का प्रयास करे।"
परिवार में शोक की लहर
चंद्रशेखर की अचानक मौत ने परिवार और तेलंगाना के समुदाय में गहरा शोक और चिंता फैला दी है। युवा छात्रों के लिए यह घटनाएँ सुरक्षा और विदेश में जीवन के जोखिम को लेकर गंभीर सवाल उठाती हैं। इस तरह की घटनाएँ भारतीय छात्रों की सुरक्षा और विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार और समुदाय के लिए गंभीर चुनौती बन गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications