कनाडा में कार्डियक अरेस्ट से भारतीय छात्र की मौत, परिवार ने विदेश मंत्रालय से लगाई बॉडी मंगाने की गुहार
Indian student dies in Canada: हैदराबाद के रहने वाले एक छात्र की कनाडा में दिल का दौरा पड़ने से देहांत हो गया और अब शोक संतप्त परिवार ने विदेश मंत्रालय से छात्र के बॉडी को वापस मंगाने की अपील की है।
हैदराबाद में रहने वाले परिवार ने अपील की है, कि छात्र के शव को विदेश मंत्रालय उसके गृहनगर वापस मंगाने में मदद करे। मजलिस बचाओ तहरीक के प्रवक्ता अमजद उल्लाह खान ने मृतक का विवरण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है।

25 वर्षीय भारतीय छात्र की पहचान टोलीचौकी के रहने वाले शेख मुजम्मिल अहमद के रूप में की गई है। वह कनाडा के किचनर सिटी ओंटारियो में वाटरलू कैंपस के कोनेस्टोगा कॉलेज से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में मास्टर की पढ़ाई कर रहा था।
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को संबोधित एक पत्र के अनुसार, छात्र 2022 से कनाडा में पढ़ रहा था। वह पिछले सप्ताह से बुखार से पीड़ित था, लेकिन परिवार को उसके एक दोस्त ने फोन किया, कि छात्र शेख की हृदय गति रुकने से सोमवार को मृत्यु हो गई है। घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है और परिवार ने भारतीय विदेश मंत्री से छात्र के शव को वापस भारत पहुंचाने में मदद करने की अपील की है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
इस बीच, परिवार की अपील पर जवाब देते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय की मदद शाखा, जो विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों की मदद करती है, उसने कहा है, कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संबंधित विभाग को भेज दिया गया है।
पोस्ट में लिखा है, "शिकायत आईडी CATMTR109799124 के माध्यम से मामला मदद पोर्टल पर दर्ज किया गया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित मिशन/पोस्ट को भेज दिया गया है। इसकी स्थिति को मदद पोर्टल पर ट्रैक किया जा सकता है।"
इससे पहले, मजलिस बचाओ तहरीक के प्रवक्ता अमजद उल्लाह खान ने ही संयुक्त राज्य अमेरिका में क्रूर हमले का सामना करने वाले एक भारतीय छात्र का वीडियो पोस्ट किया था और विदेश मंत्रालय से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया था। पोस्ट का जवाब देते हुए, शिकागो में भारतीय दूतावास ने परिवार के सदस्यों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और कहा कि उसने गहन जांच के लिए अमेरिका में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया है।












Click it and Unblock the Notifications