बोले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन- 'गुजर चुका है कोरोना का बुरा दौर', वैक्सीन लगने का प्लान भी बताया
Union
Recommended Video

जनवरी से लगने लगेंगे टीके: स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ब्रिटेन और अमेरिका में कोरोना वायरस वैक्सीन के टीके लोगों को लगने शुरू हो गए हैं। अब जल्द ही भारत में भी कोरोना वायरस के टीके लगना शुरू हो जाएंगे। हमारी प्राथमिकता सुरक्षा और वैक्सीन के प्रभाव को लेकर है। हम किसी भी मामले में समझौता नहीं करना चाहते हैं।
सरकार वैक्सीन को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं दिखाएगी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार वैक्सीन को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं दिखाएगी, हमने इसके लिए एक लिखित प्लान बनाया है, जिसमें एक्सपर्ट का एक ग्रुप बनाया है, जिन्होंने लंबा मंथन किया है, हमारा लक्ष्य 30 करोड़ लोगों तक वैक्सीन पहुंचाने का लक्ष्य है, जिसमें 1 करोड़ हेल्थ वर्कर, 2 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर (पुलिस, सफाई कर्मचारी, सेना आदि) शामिल हैं जबकि करीब 26 करोड़ लोग ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 से अधिक है, इसके अलावा 1 करोड़ ऐसे लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी उम्र 50 से कम है लेकिन वो गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं।

'कोरोना का बुरा दौर गुजर चुका है'
जब हेल्थ मिनिस्टर से पूछा गया कि क्या भारत में कोरोना का सबसे बुरा दौर गुजर गया है तो इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हां ऐसा सोचा जा सकता है। इस वक्त पूरे भारत में तीन लाख एक्टिव केस हैं, कुछ महीने पहले हमारे पास 10 लाख कोरोना के एक्टिव केस थे, अगर 1 करोड़ कुल संक्रमित केसों की बात की जाए तो उसमें 95 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। हमारा रिकवरी रेट सबसे अच्छा है लेकिन खतरा टला नहीं है ऐसे में सभी को सावधानी बरतने की अभी भी आवश्यकता है।

'वैक्सीन को लेकर सरकार किसी पर कोई दवाब नहीं बनाएगी'
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हम पिछले 4 महीने से राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, सरकार राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर लिस्ट तैयार करने में जुटी है, हर जगह टास्क फोर्स बनाई गई है, करीब 260 जिलों में हजारों लोगों को ट्रेन किया गया है, जबकि कई को ट्रेन किया जा रहा है जिससे वैक्सीन के प्रोग्राम में किसी भी तरह की ढिलाई ना हो। मंत्री ने कहा कि वैक्सीन से जुड़ी हर जानकारी मसलन फोन पर मिल जाएगी जैसी कि ये कहां, कब और कैसे मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने ये भी साफ किया कि अगर कोई व्यक्ति वैक्सीन लेने से मना करता है तो सरकार उस पर किसी भी तरह का कोई दवाब नहीं बनाएगी।
'हमारी प्राथमिकता सुरक्षा और वैक्सीन का प्रभाव'
हमारी प्राथमिकता सुरक्षा और वैक्सीन का प्रभाव है। हम इस पर समझौता नहीं करना चाहते हैं। भारत का रिकवरी रेट दुनिया में सबसे ज्यादा 95.46 फीसदी है। डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि लोगों को बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है, स्वदेशी वैक्सीन को तैयार कर लिया गया है और हमारे पास 30 करोड़ लोगों को टीकाकरण की क्षमता होगी। उन्होंने कहा कि हमारे देश में मृत्य दर दुनिया में सबसे कम मृत्यु दर में से एक है, जो कि 1.45 फीसदी है। पूरे भारत में 16 करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट हो चुके हैं।

देश में कोरोना वायरस के 24337 नए मामले सामने आए
देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में एक बार फिर गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 24337 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 25709 मरीज ठीक हुए हैं। इन नए मामलों के साथ देश में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 1,00,55,560 हो गए हैं। हालांकि राहत की बात ये है कि देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अभी तक 96,06,111 मरीज ठीक हो चुके हैं और एक्टिव केस केवल 3,03,639 बचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications