India-China border agreement: चीन ने LAC विवाद पर की समझौते की पुष्टि, ऐतिहासिक एग्रीमेंट पर क्या बोला?
India-China border agreement: भारत की तरफ से सीमा समझौते की घोषणा के एक दिन बाद, चीन ने मंगलवार को कहा है, कि दोनों पक्ष "प्रासंगिक मामलों" पर एक समाधान पर पहुंच गए हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई ने चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान के हवाले से इसकी जानकारी दी है।
पीटीआई की रिपोर्ट में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है, कि "अब दोनों पक्ष प्रासंगिक मामलों पर एक समाधान पर पहुंच गए हैं, जिसकी चीन बहुत प्रशंसा करता है।"

सैन्य गतिरोध के चार साल से ज्यादा समय बाद भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय संबंधों में काफी गिरावट आई है और दोनों देशों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर सैनिकों की वापसी और गश्त व्यवस्था पर सहमति व्यक्त की है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच कजान में मंगलवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान होने वाली बैठक से पहले सोमवार को यह घोषणा की है, जिससे ये संभावना प्रबल हो गई है, कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात और द्विपक्षीय बैठक हो सकती है।
बीजिंग में एक प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए जियान ने कहा, कि आगे चलकर चीन इन प्रस्तावों को लागू करने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करेगा।
उन्होंने कहा, "हाल के समय में, चीन और भारत चीन-भारत सीमा से संबंधित मुद्दों पर कूटनीतिक और सैन्य चैनलों के माध्यम से निकट संपर्क में हैं।" पीएम मोदी और राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक पर जियान ने कहा, कि "अगर कुछ भी सामने आता है तो हम आपको अपडेट रखेंगे।"
भारत के बयान में कहा गया है, कि "भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर गश्त व्यवस्था पर सहमति बन गई है, जिससे 2020 में इन क्षेत्रों में उत्पन्न हुए मुद्दों का समाधान हो गया है और हम इस पर अगला कदम उठाएंगे।"
इसके अलावा, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, कि "हम कह सकते हैं कि चीन के साथ सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है।" उन्होंने कहा कि गश्त पर समझौता स्थिति को वापस उसी स्थिति में ले जाता है, जहां यह 2020 में क्षेत्र में चीनी घुसपैठ के बाद मुद्दे उठने से पहले थी।












Click it and Unblock the Notifications