'हमने निज्जर की हत्या के बारे में कई हफ्ते पहले भारत को बताया था ताकि...', कनाडाई PM जस्टिन ट्रूडो का नया दांव
India-Canada row Canadian PM Justin Trudeau: भारत-कनाडा विवाद पर कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो ने अब नया दांव चलते हुए कहा कि उन्होंने कई हफ्ते पहले खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के संबंध में भारत के साथ आरोप साझा किए थे।
पीएम जस्टिन ट्रूडो ने कहा, "भारत के संबंध में, कनाडा ने भारत के साथ ये विश्वसनीय आरोप साझा किए हैं। हमने कई हफ्ते पहले ही ऐसा किया था। हम भारत के साथ रचनात्मक रूप से काम करने के लिए तैयार हैं और हमें उम्मीद है कि वे भी इसमें शामिल होंगे ताकि हम इस बेहद गंभीर मामले की तह तक पहुंच सकें।"

22 सितंबर को स्थानीय समय के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीएम जस्टिन ट्रूडो ने कहा, "भारत के संबंध में, कनाडा ने उन विश्वसनीय आरोपों को कई सप्ताह पहले ही भारत के साथ साझा किया था, जिनके बारे में मैंने सोमवार को बात की थी। हम उस मामले पर भारत के साथ रचनात्मक रूप से काम करने के लिए तैयार हैं। हमें उम्मीद है कि वे हमारे साथ जुड़ेंगे ताकि हम इस बेहद गंभीर मामले की जड़ तक पहुंचे।''
PM जस्टिन ट्रूडो ने कहा था- निज्जर की हत्या के पीछे भारत की भूमिका
पीएम जस्टिन ट्रूडो ने सोमवार को संसद में बोलते हुए खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत की भूमिका का आरोप लगाया था। जिसके बादा दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया। भारत ने मंगलवार को ऐसे आरोपों को 'बेतुका' और 'झूठ से प्रेरित' बताते हुए खारिज कर दिया था।
भारत ने कनाडा के आरोपों को कहा- बेतुका
विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो ने भारत पर जो आरोप लगाए हैं, उन्हें हम पूरी तरह से खारिज कर रहे हैं। ये बस ध्यान भटकाने की कोशिश है।
विदेश मंत्रालय ने कहा, "हमने उनकी संसद में कनाडाई प्रधानमंत्री के बयान को देखा है और उनके विदेश मंत्री के बयान को भी खारिज कर दिया है। कनाडा में हिंसा के किसी भी कृत्य में भारत सरकार की संलिप्तता के आरोप बेतुके हैं।"












Click it and Unblock the Notifications