US में 5-11 साल की उम्र के बच्चों के टीकाकरण का रास्ता साफ, CDC ने फाइजर की वैक्सीन को दी अंतिम मंजूरी
वॉशिंगटन, नवंबर 03। अमेरिका में अब बहुत जल्द 5-11 साल की उम्र के बच्चों को फाइजर और बायोनटेक की कोरोना वैक्सीन का टीका लगना शुरू हो जाएगा। दरअसल, अमेरिका में फाइजर और बायोनटेक की 5-11 साल के बच्चों की वैक्सीन को अंतिम मंजूरी प्राप्त हो गई है। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने इस वैक्सीन को अंतिम मंजूरी प्रदान की है। आपको बता दें कि फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की तरफ से इस वैक्सीन को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।

ढाई करोड़ से अधिक बच्चों को अब लगेगी वैक्सीन
CDC के निदेशक डॉ रोशेल वालेंस्की की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद एक सलाहकार पैनल ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि फाइजर-बायोनटेक की वैक्सीन को 5-11 साल के बच्चों के लिए शुरू कर देना चाहिए। आपको बता दें कि CDC की अंतिम मंजूरी के बाद अब अमेरिका में करीब 2.8 करोड़ बच्चों के वैक्सीनेशन का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। हालांकि अमेरिकी सरकार ने CDC की अंतिम अनुमति से पहले ही वैक्सीन की लाखों डोज राज्यों, डॉक्टरों, अस्पतालों और फार्मेसियों तक भेज दी हैं।
8 नवंबर से शुरू हो सकता है बच्चों का वैक्सीनेशन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में व्हाइट हाउस के पैंडेमिक को-ऑर्डिनेटर जेफ जिएंट्स ने कहा हैं कि बच्चों के टीकाकरण की तैयारी हमने पहले से ही की हुई थी, इसलिए हमें पूरी उम्मीद है कि 8 नवंबर से पूरी क्षमता के साथ हम वैक्सीनेशन शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि जैसे ही एफडीए से वैक्सीन को मान्यता मिली, हमने एक क्षण की भी देरी नहीं की और तुरंत वैक्सीन की पैकिंग करने और शिपिंग के काम में लग गए।












Click it and Unblock the Notifications