Igor Kirillov: रूस के वो जनरल, जिनपर रासायनिक हथियार चलाने के लगे आरोप, उन्हें यूक्रेन ने कैसे बम से उड़ाया?
Igor Kirillov: यूक्रेन ने दावा किया है, कि उसने मंगलवार सुबह दक्षिण-पूर्वी मॉस्को में रूस के परमाणु, जैविक और रासायनिक सुरक्षा बलों के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव की हत्या कर दी है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स और एएफपी की रिपोर्ट में एक यूक्रेनी सुरक्षा सूत्र के हवाले से ये रिपोर्ट दी गई है। इगोर और उनके सहायक की मौत रियाज़ान्स्की प्रॉस्पेक्ट पर एक आवासीय अपार्टमेंट के बाहर हुए बम विस्फोट में हुई है और यह सड़क क्रेमलिन से करीब 7 किमी दक्षिण-पूर्व में शुरू होती है।

रूसी जनरल को यूक्रेन ने क्यों मारा?
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) के एक सूत्र के हवाले से कहा गया है, कि कीव ने किरिलोव को युद्ध अपराधी और मारने योग्य "बिल्कुल वैध लक्ष्य" माना है। यूक्रेन ने उन पर युद्ध में यूक्रेनी सेना के खिलाफ प्रतिबंधित रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल का आदेश देने का आरोप लगाया है।
यूक्रेनी मीडिया रिपोर्टों में यह भी कहा गया है, कि किरिलोव को यूक्रेनी सुरक्षा सेवाओं ने मार गिराया है।
कीव इंडिपेंडेंट और समाचार एजेंसी आरबीसी यूक्रेन ने एजेंसी के अज्ञात सूत्रों के हवाले से बताया, कि किरिलोव की हत्या एसबीयू ने की थी।
जनरल को मारने के लिए स्पेशल प्लान
AFP की एक रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया है, कि किरिलोव की हत्या यूक्रेन की एसबीयू सुरक्षा सेवा की तरफ से चलाया गया एक स्पेशल अभियान था। एएफपी ने सूत्रों के हवाले से बताया है, कि "रूसी सशस्त्र बलों के रेडिएशन, रासायनिक और जैविक रक्षा सैनिकों के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव का खात्मा एसबीयू का एक विशेष अभियान है।" सूत्र ने कहा, "यूक्रेनियों को मारने वालों का ऐसा ही शर्मनाक अंत होने वाला है। युद्ध अपराधों के लिए प्रतिशोध निश्चित है।"
TASS की एक रिपोर्ट में रूसी जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको के हवाले से कहा गया है, कि यह विस्फोट एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में बम लगाकर किया गया है।"
जांच में पता चला है, कि 17 दिसंबर की सुबह, मॉस्को के रियाज़ान्स्की एवेन्यू पर एक आवासीय इमारत के दरवाजे के पास एक स्कूटर में लगाया गया विस्फोटक उपकरण फट गया। इस विस्फोट में रूस के विकिरण, रासायनिक और जैविक सुरक्षा बलों के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव और उनके सहयोगी की मौत हो गई।"
इससे पहले दिन में समिति के मॉस्को विभाग ने हमले की आपराधिक जांच शुरू कर दी है।
रूसी टेलीग्राम चैनलों पर पोस्ट की गई विस्फोट स्थल की तस्वीरों में मलबे से अटी एक इमारत का टूटा हुआ दरवाजा और खून से सनी बर्फ में दो शव पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं।
वहीं, यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने बताया, कि विस्फोट उस घटना के कुछ घंटों बाद हुआ, जब यूक्रेनी अभियोजकों ने सोमवार को किरिलोव पर यूक्रेन में प्रतिबंधित रासायनिक हथियारों के कथित इस्तेमाल का आरोप लगाया। हालांकि, रूस ने इन आरोपों से इनकार किया है।
अक्टूबर में ब्रिटेन ने किरिलोव और परमाणु सुरक्षा बलों पर दंगा नियंत्रण एजेंटों का इस्तेमाल करने और युद्ध के मैदान में जहरीले चोकिंग एजेंट क्लोरोपिक्रिन के इस्तेमाल की कई रिपोर्टों के लिए प्रतिबंध लगा दिया था।
ब्रिटेन ने आरोप लगाया, कि किरिलोव ने यूक्रेन में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की निगरानी की थी और क्रेमलिन की गलत सूचनाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मुखपत्र के रूप में काम किया था। रूस के रेडियोधर्मी, रासायनिक और जैविक रक्षा सैनिक, जिन्हें आरकेएचबीजेड के रूप में जाना जाता है, विशेष बल हैं जो रेडियोधर्मी, रासायनिक और जैविक संदूषण की स्थितियों में काम करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications