किडनैपर से इश्क करके जान बचाने वाली एलिंग
मॉडल क्लोए एलिंग को बीते साल इटली में छह दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया.
लेकिन जब वो वापस ब्रिटेन लौटीं तो कई लोगों को उनकी कहानी पर शक़ हुआ.
उन्होंने बीबीसी के विक्टोरिया डर्बीशर कार्यक्रम में अपनी पूरी कहानी साझा की और बताया कि जो लोग उन पर शक़ करते हैं उनसे वो कैसे निबटती हैं
दो दिनों तक कमरे में बंधे रहने के बाद क्लोए अपने अपहरणकर्ता के साथ एक बिस्तर साझा करने के लिए तैयार हो गईं.
उन्होंने कहा, "हमने जितनी ज़्यादा बात की उतना ही हमारे बीच रिश्ता बनता गया. मुझे अहसास हो गया कि वो मुझे पसंद करने लगा है और मैंने इसी को अपने फ़ायदे के लिए इस्तेमाल किया."
दक्षिणी लंदन की रहने वाली बीस वर्षीय क्लोए एलिंग का कहना है कि बीते साल जुलाई में 30 वर्षीय लुकाज़ हर्बा ने उन्हें फोटोशूट के लिए मिलान बुलाया था.
लेकिन उन्हें केटामाइन ड्रग का इंजेक्शन दिया गया. कपड़े उतारे गए और हथकड़ी लगाकर एक बैग में डाला गया. इसके बाद गाड़ी की डिक्की में डालकर मिलान से 120 किलोमीटर दूर एक फ़ार्महाउस पर ले जाया गया.
एलिंग का कहना है कि जब वो फार्महाउस पर पहुंची तो हर्बा ने कहा कि अगर उन्होंने तीन लाख यूरो का इंतेज़ाम नहीं किया उन्हें 'सेक्स गुलाम' के रूप में बेच दिया जाएगा.
वो कहती हैं, "मुझे लग रहा था कि जो वो बोल रहे हैं सब सच है. मुझे एक पल के लिए भी उन पर शक़ नहीं हुआ क्योंकि वो मेरे हर सवाल का विस्तार से जवाब दे रहे थे."
लेकिन इसी दौरान हर्बा ने एलिंग से पूछा कि क्या वो उन्हें किस कर सकते हैं और क्या दोनों के बीच कोई रिश्ता बन सकता है.
एलिंग कहती हैं, "तब मुझे लगा कि मेरे पास यही मौका है."
अमरीका में 'टॉलीवुड सेक्स रैकेट' की पूरी कहानी क्या है
क्या सेक्स की लत वाक़ई एक बीमारी है?
16 साल की सज़ा
"मैंने कहा कि भविष्य में कुछ हो सकता है और उनकी प्रतिक्रिया भांपी. वो बहुत उत्साहित थे और वास्तव में रिश्ता बनाने का सोच रहे थे और हमेशा इसी बारे में बात कर रहे थे. मुझे लगा कि मुझे ऐसे ही करते रहना होगा."
जब हर्बा को अहसास हुआ कि उन्हें फिरौती की रकम नहीं मिलने वाली है तो उन्होंने एलिंग को मिलान में ब्रितानी वाणिज्यिक दूतावास के बाहर छोड़ दिया.
जब वो दूतावास के खुलने का इंतज़ार कर रहे थे तब कुछ चश्मदीदों ने उन्हें एक कैफे में हंसी मज़ाक करते हुए देखा था.
एलिंग कहती हैं, ये अजीब लग सकता है लेकिन "आप ऐसे व्यक्ति के साथ क्यों मूड ऑफ़ रखेंगी जो आपको पसंद करता हो और जो अपनी भावनाओं की वजह से आपको आज़ाद कर रहा हो?"
"मैंने वो हर चीज़ की जो मैं उसे अपने से प्यार करवाने के लिए कर सकती थी."
मिलान की अदालत में मुक़दमे की सुनवाई पूरी होने के बाद मूलरूप से पोलैंड के नागरिक हर्बा को सोलह साल की सज़ा सुनाई गई है.
अपने बचाव में हर्बा ने अदालत से कहा कि वो एलिंग से पहले मिल चुका थे और उन्हें प्यार करने लगे थे.
हर्बा ने दावा किया कि वो एक स्कैंडल करके एलिंग के लिए पब्लिसिटी हासिल करना चाहते थे ताकि उसे करियर में मदद मिल सके.
एक सेक्स वर्कर के प्यार और आज़ादी की कहानी...
'सेक्स के लिए मुझे यूं बहाने बनाने पड़ते थे'
महिलाओं ने की सबसे ज़्यादा आलोचना
एलिंग कहती हैं, "मैं अभी भी पूरी तरह उनका इरादा नहीं समझ पाई हूं. उन्होंने दो साल पहले मुझे फ़ेसबुक पर एड किया था. उन्होंने मुझे चुना, इसकी वजह सिर्फ़ पैसा नहीं हो सकती है. वो लंबे समय से मेरा पीछा कर कर रहे थे, हो सकता है वो मुझे लेकर जुनूनी हों."
हर्बा के चंगुल से छूटकर ब्रिटेन लौटने के बाद एलिंग ने अपने घर के बाहर टीवी पत्रकारों से बात की थी.
एलिंग काफ़ी ख़ुश दिख रही थीं. कुछ लोगों ने इसे लेकर उनकी आलोचना की. उन्होंने जो कपड़े पहने थे, उन्हें लेकर भी उनकी आलोचना की गई.
एलिंग कहती हैं कि वो अपने घर लौटकर बहुत ख़ुश थीं क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वो कभी नहीं लौट पाएंगी.
वो विमान से उतरकर सीधे घर पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने टॉप और शार्ट्स पहन रखे थे.
"मैं पत्रकारों के पास गई थी क्योंकि मुझे लगा था कि ऐसा करने से वो वहां से चले जाएंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं."
"लोग मुझसे उम्मीद करते हैं कि मैं हमेशा रोती ही रहूं और बाकी दुनिया से ख़ुद को अलग कर लूं, कैमरे के सामने ही ना आऊँ. मैं ऐसा कर सकती थी लेकिन फिर मैंने सोचा कि इससे मुझे उबरने में कैसे मदद मिलेगी? इस बारे में बात करके, लोगों के साथ समय बिताकर मैं इससे उबरने की कोशिश कर रही हूं."
एलिंग अपने अनुभवों पर किताब भी लिख चुकी हैं. वो कहती हैं कि हर्बा के दोषी क़रार दिए जाने के बाद भी लोग उन पर शक करते हैं, ये हास्यस्पद है.
एलिंग कहती है कि उन्हें सबसे ज़्यादा आलोचना का सामना महिलाओं की ओर से करना पड़ रहा है. वो इसके लिए मीडिया को ज़िम्मेदार मानती हैं.
"एक बार वो किसी को विवादित मान लें तो फिर और ज़्यादा खोदते हैं और कोशिश करते हैं कि लोग उससे नफरत करें क्योंकि इससे ही उन्हें दर्शक मिलते हैं."
एलिंग कहती हैं, "ये कष्टदायी है क्योंकि मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इतने बुरे हालात का सामना करना पड़ेगा और मेरे ही देश के लोग मुझ पर भरोसा नहीं करेंगे."












Click it and Unblock the Notifications