'मुझे परेशान किया जा रहा है', पाकिस्तान में शादी के बाद भारतीय महिला का Audio Viral
कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन पंजाब की सरबजीत कौर के लिए यह 'अंधा प्यार' अब एक खौफनाक जीवन में बदल चुका है। पिछले साल नवंबर में गुरु नानक जयंती के अवसर पर जत्थे के साथ पाकिस्तान गईं 48 वर्षीय सरबजीत ने वहीं के एक शख्स नासिर हुसैन से निकाह कर लिया था। लेकिन अब जो ऑडियो सामने आया है, उसने दोनों देशों में खलबली मचा दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस अनवेरिफाइड ऑडियो में सरबजीत (अब नूर) भारत में अपने पूर्व पति से रोते हुए मिन्नतें कर रही हैं। उनके शब्दों में बेबसी साफ झलक रही है।

'दाने-दाने और इज्जत के लिए गिड़गिड़ा रही हूं'
सरबजीत कौर को ऑडियों में यह कहते सुना जा सकता है कि, 'यहा' हालात बहुत खराब हैं। वो लोग मुझे परेशान कर रहे हैं। मैं अपने बच्चों के बिना नहीं रह सकती। मैं लोगों को लाखों रुपये बांटती थी, मैं एक सरदारनी हूं और आज यहां दाने-दाने और इज्जत के लिए गिड़गिड़ा रही हूं।'
प्यार या ब्लैकमेल?
इस ऑडियो में सरबजीत ने एक चौंकाने वाला दावा भी किया है। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान किसी जासूसी के लिए नहीं, बल्कि अपनी 'आपत्तिजनक तस्वीरों' को डिलीट करवाने गई थीं। उनका आरोप है कि नासिर हुसैन के पास उनकी कुछ निजी तस्वीरें थीं, जिनके जरिए उसे मजबूर किया गया था।
कोर्ट का आदेश और फिर गिरफ्तारी
कहानी में कानूनी पेच भी कम नहीं हैं। निकाह के बाद सरबजीत और नासिर ने लाहौर हाई कोर्ट में सुरक्षा की गुहार लगाई थी। कोर्ट के आदेश के बावजूद, पंजाब पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल सरबजीत को लाहौर के सरकारी शेल्टर होम (Darul Aman) में रखा गया है, जबकि उसका पाकिस्तानी पति पुलिस कस्टडी में है।
जासूसी का आरोप और वतन वापसी की छटपटाहट
पाकिस्तान के कुछ स्थानीय नेताओं ने सरबजीत पर 'भारतीय जासूस' होने का शक जताया है और वीजा खत्म होने के बाद उन्हें देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताया है। दूसरी तरफ, सरबजीत अब बस किसी भी तरह भारत लौटना चाहती हैं। उन्होंने अपने पूर्व पति से वादा माँगा है कि 'जब मैं वापस आऊं, तो तुम मुझे कोई दुख मत देना।'
पाकिस्तान ने सरबजीत कौर को डिपोर्ट करना रोक दिया
6 जनवरी को पाकिस्तानी अधिकारियों ने सरबजीत कौर को वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत भेजने का इंतज़ाम किया था। हालांकि, इस प्रक्रिया को अचानक रोक दिया गया, और कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई।
बाद में पाकिस्तानी मीडिया ने डिपोर्टेशन रोकने की वजह डॉक्यूमेंट से जुड़ी दिक्कतें बताईं। तब से, उसके कानूनी स्टेटस या डिपोर्टेशन की प्रक्रिया कब फिर से शुरू होगी, इस बारे में कोई साफ जानकारी नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीर्थयात्रा वीजा खत्म होने के बाद भी वह बिना वैलिड इजाज़त के पाकिस्तान में रह रही है, जिससे उसका वहां रहना कानूनी तौर पर अनिश्चित हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications