न्यूयॉर्क में बर्फबारी ने बरसाया कहर, टूटे सारे रिकॉर्ड, 2 की मौत, स्नो इमरजेंसी का ऐलान
अमेरिका में न्यूयॉर्क सहित कई राज्यों में तूफान के साथ-साथ भारी बर्फबारी हुई है। भारी बर्फबारी से अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका में न्यूयॉर्क सहित कई राज्यों में तूफान के साथ-साथ भारी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी का सबसे अधिक असर पश्चिमी न्यूयॉर्क में देखा जा रहा है। भारी बर्फबारी से अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है। रिकॉर्ड बर्फबारी के संभावित खतरों के चलते पश्चिमी न्यूयॉर्क में इमरजेंसी का ऐलान किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम विभाग ने कहा है कि देश में रविवार को 4 फीट तक बर्फ गिर सकती है।
Image- @WeatherWupk

कई हिस्सों में 6 फीट तक हुई बर्फबारी
पश्चिमी न्यूयॉर्क के कई हिस्से में 6 फीट तक बर्फबारी हुई है। तूफान के कारण कई सड़कों को बंद कर दिया गया है और आंशिक ड्राइविंग प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा कई उड़ानों को भी रद्द कर दिया गया है। अमरीकी मौसम सेवा का अनुमान है कि यह स्थिति सोमवार सुबह तक बनी रह सकती है।

टूटा 2014 का रिकॉर्ड
माना जा रहा कि आने वाले 24 घंटों में न्यूयॉर्क में अब तक की सबसे ज्यादा बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने भारी हिमपात को लेकर चेतावनी जारी की है। लोगों के स्थिति ठीक न होने तक घर में ही रहने की अपील की गई है। इस भयानक बर्फाबारी ने एक बार फिर से 2014 और 1945 की याद दिला दी है। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने शनिवार को कहा कि एक दिन में 16 इंच से अधिक हिमपात हुआ है, जिसने 2014 में बनाए गए 7.6 इंच के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

बर्फबारी के कारण मैचस्थल शिफ्ट
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूयॉर्क की गर्वनर कैथी होचुल ने कहा कि स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है। कैथी होचुल ने एरी काउंटी के सबसे गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों में बर्फ हटाने में सहायता के लिए नेशनल गार्ड के लगभग 70 जवानों को भेजा है। बर्फबारी के कारण नेशनल फुटबॉल लीग को बिल व क्लीवलैंड ब्राउन के बीच रविवार को होने वाले मैच को हाईमार्क स्टेडियम से डेट्रायट में स्थानांतरित करने पर मजबूर होना पड़ा है।
बफेलो बिल्स में गिरी 77 इंच बर्फ
नेशनल फुटबॉल लीग की बफेलो बिल्स के मैदान ऑर्चर्ड पार्क में पिछले 48 घंटे में 77 इंच बर्फ गिरी है। बफेलो नियाग्रा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तीन फीट तक बर्फ जमा हो गई है। वहीं, न्यूयॉर्क के दूसरे सबसे बड़े शहर बफेलो के मेयर बायरन ब्राउन ने कहा, यह बहुत ही अप्रत्याशित तूफान है, बहुत गीली और भारी बर्फ बहुत तेजी से नीचे आ रही है।
कई इलाकों में बचाव अभियान जारी
पश्चिमी न्यूयॉर्क के कई इलाकों में रेस्क्यू टीम दिन-रात काम कर रही है। अभी तक यहां 300 लोगों को बचाया जा चुका है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यहां लगभग 1,600 लोग बिना बिजली के रह रहे हैं। बर्फबारी वाली जगहों पर सरकारी कर्मचारी सड़कों और महत्वपूर्ण जगहों से बर्फ हटाने का काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications