गूगल में जॉब कटौती लगभग तय, सुंदर पिचाई ने दिए संकेत, कर्मचारियों को दे दी तगड़ी वॉर्निंग
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने संकेत दिया है कि अगर कंपनी 20 प्रतिशत अधिक कुशल नहीं बनती है तो नौकरी में और कटौती हो सकती है। गूगल के कर्मचारियों पर तीसरी तिमाही में कमाई के नतीजे बेहतर करने का भारी दबाव है।
वाशिंगटन, 08 सितंबरः गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने संकेत दिया है कि अगर कंपनी 20 प्रतिशत अधिक कुशल नहीं बनती है तो नौकरी में और कटौती हो सकती है। बतादें कि इससे तीन हफ्ते पहले गूगल सीईओ ने अपने कर्मचारियों को चेतावनी दी थी कि अगर तीसरी तिमाही के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं आए तो कंपनी कर्मचारियों की छटनी करेगी। गूगल के कर्मचारियों पर तीसरी तिमाही में कमाई के नतीजे बेहतर करने का भारी दबाव है।

कमर्चारियों की संख्या बढ़ी तो कंपनी हुई धीमी
सीएनबीसी की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि लॉस एंजिल्स में कोड सम्मेलन को संबोधित करते हुए जानकारी दी थी कि कंपनी आर्थिक अनिश्चितता और विज्ञापन खर्च में व्यापक मंदी के बीच सुस्ती से कैसे निपटेगी। पिचाई ने कहा कि मैक्रोइकॉनोमिक परफॉर्मेंस विज्ञापनों पर खर्च, उपभोक्ता खर्च से जुड़ा हुआ है। पिचाई ने स्वीकार किया कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ने के बाद कंपनी 'धीमी' हो गई, जबकि मैक्रोइकॉनॉमिक कारक उसके नियंत्रण से बाहर हैं।

कंपनी की उत्पादकता बढ़ाने वाले कर्मियों की जरूरत
सुंदर पिचाई ने कहा कि हमें ऐसे कर्मियों की ही जरूरत है जो कंपनी की उत्पादकता को बढ़ा सकें। पिचाई ने इस कार्यक्रम में कहा, "हम जो कुछ भी करते हैं, हम निर्णय लेने में धीमे हो सकते हैं।" उन्होंने कहा, "आप इसे शुरू से अंत तक देखते हैं और यह पता लगाते हैं कि कंपनी को 20 प्रतिशत अधिक उत्पादक कैसे बनाया जाए।" पिचाई ने उदाहरण दिया कि वह इसे कैसे आगे बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने YouTube Music और Google Play Music को एक उत्पाद में मिलाने के उदाहरण भी दिया।

गूगल में हो सकती है भारी कटौती
इसके साथ ही एक अन्य उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आपके पास निर्णय लेने वाले तीन लोग हैं तो इसे घटाकर एक या दो किया जा सकता है। बतादें कि अगस्त में, Google ने एक कंपनी मेल में कर्मचारियों से कहा था कि अब सेल्स की प्रोडक्टिविटी और सामान्य स्थिति में प्रोडक्टिविटी की पूरी जांच होगी और यदि अगली तिमाही के परिणाम सही नहीं दिखें तो भारी छंटनी हो सकती है। इसके लिए उन्होंने 'ब्लड ऑन द स्ट्रीट' फ्रेज का इस्तेमाल भी किया।

गूगल ने बहाली प्रक्रिया को किया धीमा
बतातें चलें कि जुलाई महीने में सुंदर पिचाई ने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे गए एक ईमेल में कहा था कि कंपनी अपनी बहाली प्रक्रिया को धीमा करने जा रहा है। साल 2022 और 2023 में कंपनी का फोकस सिर्फ इंजीनियरिंग, तकनीकी विशेषज्ञ और महत्वपूर्ण पदों पर बहाली करने पर होगा। सुंदर पिचाई ने ईमेल में लिखा, "अन्य कंपनियों की तरह हम भी आर्थिक प्रतिकूलताओं से अछूते नहीं हैं। अनिश्चित वैश्विक आर्थिक परिदृश्य की हम अनदेखी नहीं कर सकते। हमने हमेशा ऐसी चुनौतियों को बाधाओं के रूप में नहीं बल्कि इनको अवसर के रूप में देखा है। वर्तमान परिस्थितियों को भी हम अवसर में बदलेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications