मशहूर लेखक सलमान रुश्दी को जर्मन शांति पुरस्कार, साहित्यिक कार्यों के लिए मिलेगा अवॉर्ड
भारतीय मूल के जाने-माने लेखक सलमान रुश्दी (Salman Rushdie ) को प्रतिष्ठित जर्मन शांति पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया गया है। उनको यह अवॉर्ड उनके साहित्यिक कार्यों के लिए दिया गया है। लेखक सलमान रुश्दी को उनके साहित्यिक कार्यों और विपरीत परिस्थितियों में उनके संकल्प और सकारात्मक नजरिए के लिए इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
मशहूर लेखक सलमान रुश्दी को "उनकी अदम्य भावना, जीवन की नजरिया और कहानी कहने के अपने प्यार" के लिए जर्मन बुक ट्रेड के 2023 शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस अवॉर्ड की घोषणा 19 जून को हुई, इसी दिन रुश्दी 76 वर्ष के हुए थे।

बता दें कि ब्रिटिश भारतीय उपन्यासकार और निबंधकार रुश्दी को 22 अक्टूबर, 2023 को फ्रैंकफर्ट में एक समारोह में पुरस्कार दिया जाएगा। इसका जर्मन सार्वजनिक टीवी पर सीधा प्रसारण भी होगा।
लेखक की तारीफ करते हुए अवॉर्ड की जूरी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "1981 में उनकी उत्कृष्ट कृति 'मिडनाइट्स चिल्ड्रन' प्रकाशित होने के बाद से सलमान रुश्दी ने प्रवासन और वैश्विक राजनीति की अपनी व्याख्याओं से हमें आश्चर्यचकित कर दिया है।"
जूरी ने आगे कहा कि अपने उपन्यासों और गैर-काल्पनिक उपन्यासों में वह कथात्मक दूरदर्शिता को अचूक साहित्यिक नवीनता, हास्य और ज्ञान के साथ जोड़ते हैं। उनका काम दमनकारी शासनों द्वारा पूरे समाज को नष्ट करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ताकत का वर्णन करता है, साथ ही व्यक्तिगत मनुष्यों द्वारा प्रदर्शित प्रतिरोध की अविनाशी भावना का भी जश्न मनाता है।
बता दें कि ईरान के अयातुल्ला खुमैनी ने 1989 में सलमान रुश्दी के खिलाफ फतवा जारी किया था, जिसके बाद से लेखक लगातार खतरे में जी रहे हैं। फिर भी वह विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं।
मालूम हो कि अगस्त 2022 में रुश्दी को उस समय बेरहमी से चाकू मार दिया गया था, जब वह न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में मंच पर थे। हालांकि वह हमले में बच गए, लेकिन उनकी एक आंख की रोशनी चली गई है।












Click it and Unblock the Notifications