राजदूत ने बताया, पीएम मोदी के बारे में जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल क्या कहती थीं?
भारत में जर्मनी के राजदूत वाल्टर जे लिंडनर ने प्रधानमंत्री मोदी की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। वाल्टर लिंडनर के कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व कौशल शानदार रहा है।
नई दिल्ली, 01 जूनः भारत में जर्मनी के राजदूत वाल्टर जे लिंडनर ने प्रधानमंत्री मोदी की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। वाल्टर लिंडनर के कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व कौशल शानदार रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल से उनकी जब भी बात होती थी वह, हमेशा पीएम मोदी की प्रशंसा किया करती थीं।

इसी महीने होंगे रिटायर्ड
लिंडनर ने जर्मन दूतावास में यह बयान दिया। बतादें कि जल्द ही जर्मनी के राजदूत की सेवानिवृत्ति होने वाली है। उन्होंने कहा कि मैं चार सप्ताह तक यहां उसके बाद मैं यह देश छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि जर्मनी के राजदूत के रूप में भारत और भूटान की नौकरी समाप्त होने वाली है। मैं 1976 में भारत आया था, तब से यह देश मेरी रगों में बस गया है। मुझे इस देश ने कभी नहीं छोड़ा।

“पूरी तरह जीना भारत से सीखा”
जर्मनी के राजदूत ने भारत की समृद्ध विविधता, विशिष्टता और इन सभी को एक इकाई में बांधने की क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत ने मुझे सिखाया है कि आपको पूरी तरह से जीना है। हिन्दी सीखने के बारे में उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह दिखाना महत्वपूर्ण है कि आप उनकी संस्कृति में रूचि रखते हैं। यह कुर्ता पहनने से भी हो सकता है, भोजन करने से भी हो सकता है और उनकी भाषा बोलने से भी हो सकता है।

सिर्फ हिन्दी जानना ही पर्याप्त नहीं
लिंडनर ने कहा, "यह देश विशाल है। अगर आप देश के विभिन्न हिस्सों से यात्रा करेंगे तो आपको लगेगा कि सिर्फ हिन्दी जानना ही पर्याप्त नहीं है। देश में ऐसे स्थान भी हैं जहां अंग्रेजी और अन्य भाषाएं बोली जाती हैं। काश मैं भारत की दस महत्वपूर्ण भाषाएं सीख पाता।" भारत के विभिन्न स्थानों की अपनी यात्राओं के बारे में भी जर्मन राजदूत ने बात की। उन्होंने कहा कि जब मैंने भारतीयों से उनकी मातृभाषा में बात करने की कोशिश की तो उनके चेहरे पर एक अलग ही मुस्कान दिखी।

भारत के लोग अविश्वसनीय
चांदनी चौक, कोलकाता या गुजरात के किसी जगह पर उनकी भाषा में लोगों से यदि आप बात करें तो उनकी मुस्कान देखते ही बनती है। वह मुस्कान आपको जीने लायक बनाती है। एक राजनयिक के रूप में हम अन्य देशों की यात्रा के दौरान इसका अनुभव करने के लिए भाग्यशाली हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लोग अविश्वसनीय हैं।












Click it and Unblock the Notifications