यूक्रेन के बाद अब जॉर्जिया से उलझा रूस, युद्ध का खतरा बढ़ा, किस बात से भड़के जॉर्जियाई पीएम?
रूस और यूक्रेन के बीच जंग के अगले फरवरी 2 साल पूरे हो जाएंगे। इस बीच रूस का तनाव जॉर्जिया से भी बढ़ गया है। दरअसल एक चौंकाने वाले घटनाक्रम में जॉर्जिया से अलग हुए प्रांत दक्षिण ओसेशिया में तैनात रूसी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा के पास एक जॉर्जियाई नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया है।
इससे जॉर्जिया भड़क उठा है। जॉर्जिया के प्रधानमंत्री इराकली गैरीबाश्विली ने आरोप लगाया है कि रूसी सैनिकों ने रूस समर्थित दक्षिण ओसेशिया और जॉर्जियाई सरकार के कब्जे वाले क्षेत्र के बीच सीमा पर एक जॉर्जियाई नागरिक की हत्या कर दी और एक अन्य को हिरासत में ले लिया है।

पीएम के बयान में कहा गया है कि यह घटना किरबाली गांव के पास हुई जो वास्तविक सीमा के करीब है। पीएम ने अपने बयान में कहा,''यह घटना मौजूदा गंभीर सुरक्षा स्थिति की पुष्टि करती है।''
उन्होंने कहा, ''सभी संबंधित तंत्रों को सक्रिय कर दिया गया है और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को सूचित कर दिया गया है।'' रूसी अधिकारियों या दक्षिण ओसेशिया में अलगाववादी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।
2008 में रूस के साथ एक संक्षिप्त युद्ध के बाद जॉर्जियाई प्रांत में यह पहली घातक घटना है। रूस और यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध के अलावा, मास्को के साथ एक और संघर्ष का खतरा बढ़ गया है।
रूस और जॉर्जिया ने 2008 में दक्षिण ओसेशिया पर एक संक्षिप्त युद्ध लड़ा था। दरअसल रूस ने दक्षिण ओसेशिया और एक अन्य जॉर्जियाई प्रांत अबकाजिया को स्वतंत्र राज्यों के रूप में मान्यता दे दी थी जिसके बाद दोनों पक्ष उलझ गए थे।
बता दें कि दुनिया के अधिकांश देश दोनों अलग हुए क्षेत्रों को जॉर्जिया का हिस्सा मानते हैं, जो कि पूर्व सोवियत गणराज्य का हिस्सा था। दक्षिण ओसेशिया को दुनिया के अधिकांश लोग जॉर्जिया के हिस्से के रूप में मान्यता देते हैं।
रूस ने 1992 से छोटे से अलग हुए क्षेत्र में अपनी सेनाएं तैनात कर रखी हैं। दोनों देशों के बीच नियंत्रण रेखा अपरिभाषित है और नागरिकों को अक्सर सीमा के आसपास गिरफ्तार किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications