G20 Virtual Summit: PM मोदी ने गाजा में बंधकों की रिहाई का किया स्वागत, डीपफेक पर फिर जताई चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को जी20 वर्चुअल शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। इजराइल-हमास संघर्ष पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि जंग क्षेत्रीय संघर्ष में न बढ़ जाए। उन्होंने कहा कि "कठिनाइयों" के बावजूद, दुनिया शांति प्राप्त करने की दिशा में काम कर सकती है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज की दुनिया चुनौतियों से भरी है। इसमें आपसी विश्वास ही है जो हमें बांधता है, एक-दूसरे से जोड़े रखता है। इस दौरान उन्होंने संघर्ष विराम समझौते में बंधकों की रिहाई की खबर का भी स्वागत किया।

पीएम मोदी ने कहा कि आज हुए बंधकों के रिलीज के समाचार का हम स्वागत करते हैं। उम्मीद करते हैं कि सभी बंधकों जल्द ही रिहा हो जाएंगे। प्रधानमंत्री ने ये भी कहा कि "नागरिकों की मौत, चाहे कहीं भी हो, निंदनीय है"।
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के विश्व को आगे बढ़ते हुए ग्लोबल साउथ की चिंताओं को प्राथमिकता देनी होगी। ग्लोबल साउथ के देश ऐसी अनेक कठिनाइयों से गुजर रहे हैं, जिनके लिए वे जिम्मेदार नहीं हैं। समय की मांग है कि हम विकास एजेंडे को अपना पूर्ण समर्थन दें।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की स्पष्ट सोच है कि AI के वैश्विक रेगुलेशन को लेकर हमें मिलकर काम करना चाहिए। डीपफेक समाज के लिए, व्यक्ति के लिए कितना खतरनाक है, इसकी गंभीरता को समझते हुए हमें आगे बढ़ना है। हम चाहते हैं कि एआई लोगों तक जरूर पहुंचना चाहिए, लेकिन यह समाज के लिए सुरक्षित भी जरूर होना चाहिए।
पीएम मोदी ने कहा कि अगले महीने भारत में ग्लोबल AI पार्टनरशिप समिट का आयोजन किया जा रहा है, मुझे उम्मीद है कि आप सब इसमें भी सहयोग देंगे।












Click it and Unblock the Notifications