Video: जापान में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद लगे 'जय श्रीराम' और 'वंदे मातरम' के नारे
ओसाका। जापान के ओसाका में 28 जून से जी-20 शिखर सम्मेलन का आगाज हो रहा है। इस सम्मेलन के शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जापान के पीएम शिंजो आबे से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने कोबे स्थित ह्योगो गेस्ट हाउस में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। बड़ी संख्या में लोग यहां पर पीएम मोदी को सुनने के लिए आए थे। जिस समय पीएम मोदी भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे थे, वहां पर जय श्री राम, वंदे मातरम और मोदी-मोदी के नारे लग रहे थे।
भारत और जापान के रिश्ते कई सदी पुराने
पीएम मोदी ने यहां पर आए भारतीयों से कहा कि वह भाग्यशाली हैं जो उन्हें सात माह बाद फिर से जापान में बसे भारतीयों के बीच आने का मौका मिला। पीएम मोदी ने कहा, 'जब मैं आखिरी बार जापान आया था तो यहां पर चुनाव के नतीजे आ चुके थे। आप लोगों ने मेरे प्यारे दोस्त शिंजो आबे पर अपना भरोसा दिखाया है। आज मैं यहां पर हूं तो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र ने इस प्रधान सेवक पर अपना भरोसा जताया है।' उन्होंने कहा कि अगर चीन को हटा दिया जाए तो 61 करोड़ भारतीय मतदाता दुनिया के किसी भी देश की जनसंख्या से भी ज्यादा हैं। पीएम मोदी के मुताबिक 130 करोड़ भारतीयों ने पहले से कहीं मजबूत सरकार तीन दशकों के बाद चुनी है। भारतीयों को संबोधित करते हुए उन्होंने आगे कहा कि क्योटो में होने वाले फेस्टिवल के लिए भारत के सिल्क का प्रयोग होता है। कुछ जापानी मूर्तियों का सात भारतीय देवी-देवताओं से सीधा ताल्लुक है। पीएम मोदी की मानें तो जब दुनिया के साथ भारत के रिश्तों की बात आती है तो जापान बहुत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। ये रिश्ते आज से नहीं है बल्कि कई सदियों से हैं।
#WATCH Japan: Slogans of 'Vande Mataram', 'Jai Sri Ram' raised at community event at the Hyogo Prefecture Guest House, in Kobe after the conclusion of PM Narendra Modi's address. pic.twitter.com/E5C2kAtpWL
— ANI (@ANI) June 27, 2019
आबे ने दी मोदी को जीत की बधाई
इससे पहले गुरुवार को पीएम मोदी ने जी20 शिखर सम्मेलन ने पहले जापानी पीएम शिंजो आबे से मुलाकात की। जापान के पीएम आबे जब मोदी से मिले जो उन्होंने लोकसभा चुनावों में हासिल प्रचंड जीत पर मोदी को बधाई दी। आबे ने मोदी से कहा कि अब भारत दौरा करने की उनकी बारी है और वह इसका इंतजार कर रहे हैं। पीएम मोदी ने आबे का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने जापानी पीएम से कहा कि आबे पहले नेता थे जिन्होंने चुनावों में जीत के बाद उन्हें कॉल करके बधाई दी थी। पीएम मोदी ने आबे से कहा, 'आप भारत के पहले दोस्त थे जिन्होंने मुझे फोन करके बधाई दी थी। गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए मैं आपका और जापान की सरकार का शुक्रगुजार हूं।'
PM @narendramodi - You have brought Japanese talent, tradition and technology to India to strengthen India-Japan ties.
Ahead of the #G20OsakaSummit PM addressed members of the Indian community in Japan. @IndianEmbTokyo pic.twitter.com/w5gv9EmmNq
— Raveesh Kumar (@MEAIndia) June 27, 2019