हिंसक प्रदर्शनों के बाद फ्रांस में पेट्रोल टैक्स में होने वाली बढ़ोतरी रोकी गई
पेरिस। फ्रांस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो ने प्रदर्शनकारियों के उग्र तेवर देखते हुए पेट्रोल में टैक्स इजाफे के आदेश को वापस लेने का मन बना लिया है। फ्रांस की स्थानीय मीडिया की ओर से इस बाबत जानकारी दी गई। फ्रांस में पिछले कई हफ्तों से हिंसक विरोध प्रदर्शन जारी थे और इसकी वजह से लगातार मैंक्रो पर दबाव बढ़ रहा था। इन प्रदर्शनों में 80 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई और शनिवार को इस घटना के बाद प्रदर्शनों ने नया रूप ले लिया था। महिला की मौत फ्रांस के शहर मार्सेले में हुई थी। फ्रांस में इन विरोध प्रदर्शनों को येलो वेस्ट मूवमेंट कहा जा रहा है। मंगलवार को इस मूवमेंट में शामिल प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री एडवर्ड फिलिपी की मीटिंग से बाहर कर दिया गया था।
तीन लोगों की हो चुकी थी मौत
शनिवार को फ्रांस में 80 वर्षीय वृद्ध महिला की मृत्यु उस समय हुई थी जब आंसू गैस का एक कनस्तर उनके घर की खिड़की से टकरा गया था। यह महिला जिस अपार्टमेंट में रहती थी, उसके एकदम करीब ही प्रदर्शन हो रहे थे। खिड़की बंद करते समय कनस्तर उनके चेहरे से टकराया था। फ्यूल टैक्स में इजाफे के आदेश ने आम जनता को खासा नाराज कर दिया था क्योंकि इससे रोजमर्रा की चीजों की कीमतें आसमान छूने लगती। रविवार को पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इन विरोध प्रदर्शनों में तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। विरोध प्रदर्शन करीब दो हफ्तों पहले शुरू हुआ था। फ्रांस के आतंरिकत मंत्रालय की ओर से बताया गया था कि करीब 136,000 लोग इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं। रविवार को फ्रांस में पूरे देश में प्रदर्शन हुए।