डोनाल्ड ट्रंप बहुत बुरे फंसे, गोपनीय दस्तावेज मामले में बने आरोपी, फिर राष्ट्रपति बनने का सपना टूटेगा?
Donald Trump Indictment case: डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से चुनाव लड़ने की घोषणा कर रखी है, लेकिन उनपर कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है, लिहाजा अब उन्हें पार्टी से टिकट मिलने की उम्मीद कम हो गई है।

Donald Trump Indictment: संयुक्त राज्य अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर आरोप लगाया है, कि उन्हें गोपनीय दस्तावेजों को अपने पास रखने के मामले में आरोपी ठहराया गया है।
डोनाल्ड ट्रंप के ऊपर लगा ये सबसे खतरनाक मामला है, जिसके बाद उन्हें संघीय अभियोग का सामना करना पड़ेगा, यानि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति एक और गंभीर कानूनी संकट में फंस गये हैं, जिसमें उनपर आरोप है, कि व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद वो अपने साथ अमेरिका के गोपनीय दस्तावेज भी अपने साथ लेकर चले गये थे।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, कि 'मुझे मंगलवार को मियामी की फेडरल कोर्टहाउस में पेश होने के लिए समन भेजा गया है।' उन्होंने आगे लिखा है, कि "मैंने कभी नहीं सोचा था, कि यह संभव है कि संयुक्त राज्य अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति के साथ ऐसा हो सकता है।"
डोनाल्ड ट्रंप ठहराए गये आरोपी
डोनाल्ड ट्रंप पर लगा ये सबसे गंभीर कानूनी आरोप हैं, क्योंकि इसके बाद उनके लिए राष्ट्रपति चुनाव फिर से लड़ने की कोशिशों को भी झटका लग सकता है, क्योंकि इस मामले में उनके खिलाफ देश की सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लग सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, कि उनके वकीलों ने उन्हें इस बात की जानकारी दी है, कि गोपनीय दस्तावेजों को रखने के आरोप में उन्हें आरोपी ठहराया गया है।
जिसके बाद डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर से पहले ऐसे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बन गये हैं, जिन्हें गोपनीय दस्तावेजों के मामले में आरोपी ठहराया गया है। उनसे पहले अमेरिका के किसी भी पूर्व या मौजूदा राष्ट्रपति को ऐसे मामले में आरोपी नहीं ठहराया गया था।
इससे पहले इसी साल अप्रैल में मैनहट्टन जिला अटॉर्नी एल्विन ब्रैग ने एक एडल्ट स्टार को चोरी से पैसों का भुगतान करने के मामले में आरोपी ठहराया था और इस केस का मुकदमा इसी साल नवंबर से शुरू होगा।
वहीं, गोपनीय दस्तावेजों के मामले में ट्वीट करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो संदेश में कहा, कि "मैं एक निर्दोष व्यक्ति हूं, मैंने कुछ गलत नहीं किया।"
वहीं, सूत्रों ने कहा है, कि गोपनीय दस्तावेजों को व्हाइट हाउस से ले जाने के मामले में डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ 7 आरोप लगाए गये हैं। हालांकि, मामले से परिचित एक व्यक्ति ने अपना नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा, कि "आरोप अभी साफ नहीं हैं, क्योंकि वो अभी सीलबंद हैं।"
महीने भर चली जांच
डोनाल्ड ट्रंप को करीब महीने भर चली जांच के बाद गोपनीय दस्तावेजों के मामले में आरोपी ठहराया गया है। आपको बता दें, कि पिछले साल अगस्त में अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थिति मार-ए-लागो एस्टेट पर छापेमारी की थी।
इस दौरान एफबीआई ने डोनाल्ड ट्रंप के घर से भारी संख्या में गोपनीय दस्तावेजों के मिलने का दावा किया था और एफबीआई अधिकारियों को दस्तावेज बक्सों में बंद कर अपने साथ ले जाते हुए देखा गया था। वहीं, एसोसिएटेड प्रेस और रॉयटर्स सहित समाचार एजेंसियों ने बताया है, कि पूर्व राष्ट्रपति पर जांच से संबंधित सात मामलों का सामना करना पड़ रहा है। एक बार अभियोग को सीलबंद लिफाफे से बाहर निकालने के बाद उनके खिलाफ जो आरोप लगाए गये हैं, उन्हें सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।
वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने एक और मामले में आरोपी बनाए जाने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडेन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली है और उन्होंने कहा है, कि "हमारा देश नर्क में जा रहे हैं और वो जस्टिस डिपार्टमेंट को हथियार बनाकर डोनाल्ड ट्रंप के पीछे हाथ धोकर पड़ गये हैं।"
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, कि "उन्हें इसलिए अभियोगी बनाया गया है, क्योंकि उनका इरादा उन्हें राष्ट्रपति चुनाव की रेस से बाहर करना है। इसे चुनावी हस्तक्षेप कहा जाता है। वो मेरी प्रतिष्ठा को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि वो चुनाव जीत सकें।"
कोर्ट में पेश होंगे डोनाल्ड ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप को एक बार फिर से कोर्ट में पेश होना पड़ेगा और कोर्ट में पेशी के बाद उनके खिलाफ जो सात आरोप लगाए गये हैं, उन्हें सार्वजनिक कर दिया जाएगा, जो फिलहाल सीलबंद हैं।
वहीं, मियामी पुलिस ने कहा है, कि वो संघीय एजेंसियों को डोनाल्ड ट्रंप की कोर्ट में पेशी के लिए मदद करेंगे।
ट्रुथ सोशल पर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा है, कि उन्हें "मंगलवार को अपराह्न 3 बजे मियामी में फेडरल कोर्टहाउस में पेश होने के लिए बुलाया गया है।"
वहीं, यूएस सीक्रेट सर्विस आज कर्मचारियों के साथ एक बैठक करेगी और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के अभियोग से संबंधित कोर्ट में पेशी को लेकर उनकी सुरक्षा योजना पर काम शुरू कर देगी। सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से बताया है, कि डोनाल्ड ट्रंप ने अभियोग के बारे में सूचित किए जाने से पहले यूएस सीक्रेट सर्विस को इसके बारे में सचेत नहीं किया गया था, लिहाजा सीक्रेट सर्विस के पास उनकी सुरक्षा व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए कम समय है।












Click it and Unblock the Notifications