'इंशाअल्लाह! मैं जल्द प्लेन उड़ाऊंगा', कॉकपिट हमले के बाद पहली बार बोले कैप्टन स्मित माछर, आया बड़ा बयान
Smit Machchhar: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में 30 सितंबर 2026 को हुई खौफनाक घटना एक बार फिर चर्चा में है। हजारों फीट की ऊंचाई पर विमान के अंदर जो कुछ हुआ, उसने यात्रियों की जान खतरे में डाल दी थी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल भारतीय कैप्टन स्मित माछर अब पहली बार कैमरे के सामने आए हैं। दुबई में उनका इलाज चल रहा है और उन्होंने उस दिन के डरावने पलों को याद किया है।
उनके इंटरव्यू की कुछ झलकियां सामने आई हैं, जिनमें उन्होंने बताया कि हमले के दौरान उनकी क्या हालत हो गई थी। उनका पूरा इंटरव्यू आज रात प्रसारित होगा। इसी बीच मामले में दो अन्य पायलटों की गिरफ्तारी और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कर्मचारियों की तैनाती से जुड़ी नई खबरें भी सामने आई हैं।

पहली बार स्मित माछर ने सुनाई आपबीती
भारतीय कैप्टन स्मित माछर के इंटरव्यू का प्रोमो सामने आया है। इसमें उन्होंने बताया कि जब पहली बार उनके सिर पर चोट लगी, तो उन्हें लगा कि शायद विमान के किसी हिस्से से कोई चीज टूटकर उन पर गिर गई है। लेकिन इसके बाद लगातार वार होने लगे। इसी दौरान उन्हें हमलावर की एक झलक दिखाई दी। स्मित के मुताबिक, उस समय विमान भी तेजी से नीचे गिर रहा था।
ये भी पढ़ें: फ्लाईदुबई फ्लाइट में 'आतंकी' का सगा कौन? खून से लथपथ पड़े थे कैप्टन माछर,हमलावर के सपोर्ट में झगड़ने लगा क्रू?
'बार-बार बेहोश हो रहा था'
स्मित ने बताया कि विमान को तेजी से नीचे जाते देखकर वह तुरंत मुड़े और अपने हाथ से हमलावर को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान उनके हाथ में भी चोट लग गई। उन्होंने कहा कि वार इतने जोरदार थे कि वह बार-बार बेहोश हो रहे थे और फिर होश में आ रहे थे। गंभीर चोटों के बावजूद उन्होंने विमान को बचाने की कोशिश जारी रखी। इंटरव्यू के अंत में स्मित ने कहा, "मैं बस एक आम इंसान हूं। इंशाअल्लाह! मैं बहुत जल्द वापस काम पर लौट आऊंगा।"
30 सितंबर को विमान में क्या हुआ था?
30 सितंबर को फ्लाईदुबई का विमान दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहा था। आरोप है कि उड़ान के दौरान सह-पायलट हमम अल हम्ममी ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। इस दौरान भारतीय कैप्टन स्मित माछर पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का विरोध किया। यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की मदद से सह-पायलट की कोशिश नाकाम कर दी गई।
इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। घायल कैप्टन को बाद में दुबई ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, आरोपी सह-पायलट से पूछताछ की जा रही है।
पाकिस्तानी पायलटों पर पाबंदी की खबर
इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में पायलटों और चालक दल के चयन को लेकर बहस शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एयर फ्रांस ने पाकिस्तानी पायलटों और केबिन क्रू को इजरायल आने-जाने वाली उड़ानों में तैनात करने पर रोक लगाई है।
बताया जा रहा है कि इजरायली अधिकारी उन देशों के नागरिकों से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू कर रहे हैं, जिनके इजरायल के साथ राजनयिक संबंध नहीं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस और चेक गणराज्य की स्मार्टविंग्स ने भी इन नियमों के अनुसार कदम उठाए हैं। हालांकि, इन पाबंदियों की आधिकारिक पुष्टि स्पष्ट नहीं है।
मालदीव के दो पायलट गिरफ्तार
मालदीव के समाचार पोर्टल 'अधाधु' की रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात की पुलिस ने फ्लाईदुबई में काम करने वाले मालदीव के दो पायलटों को हिरासत में लिया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी को दुबई-तेल अवीव उड़ान को कथित तौर पर अगवा करके दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की जांच से जोड़ा जा रहा है।
बताया गया है कि संयुक्त अरब अमीरात में मालदीव के दूतावास ने दोनों पायलटों के परिवारों को गिरफ्तारी की जानकारी दे दी है। हालांकि, मालदीव के अधिकारियों ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। दोनों पायलटों की कथित भूमिका और उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
आज रात आएगा पूरा इंटरव्यू
स्मित माछर का पूरा इंटरव्यू आज रात प्रसारित होगा। इसमें कॉकपिट में हुए हमले और विमान को बचाने के दौरान सामने आई मुश्किलों के बारे में अधिक जानकारी मिल सकती है। फिलहाल स्मित दुबई में इलाज करा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि वह जल्द स्वस्थ होकर दोबारा विमान उड़ाने लौटेंगे।
ये भी पढ़ें: स्मित माछर से मिलने अस्पताल पहुंचे दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान, मिलते ही चूमा कैप्टन का माथा


Click it and Unblock the Notifications
