बीजिंग में प्रदूषण की वजह से जारी किया गया साल का पहला रेड अलर्ट
बीजिंग। चीन की राजधानी बीजिंग ने खतरनाक स्तर तक पहुंचे वायु प्रदूषण को लेकर सोमवार को वर्ष का पहला ‘रेड अलर्ट' जारी किया गया। चेतावनी जारी होने के साथ ही अधिकारियों ने स्कूलों को बंद रखने और स्पेशल व्हीकल्स और फैक्ट्रियों पर बैन लगाने का आदेश जारी किया है।

बीजिंग की जनसंख्या फिलहाल 2.2 करोड़ से ज्यादा है और इस समय बीजिंग धुंध की मोटी चादर से ढंक गया है। आने वाले महीनों में स्थिति और खराब होने की आशंका है। चीन की न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, बीजिंग ने वायु प्रदूषण संबंधी अलर्ट को ‘नारंगी' रंग से बढ़ाकर सबसे अधिक स्तर लाल पर कर दिया है।
ऐसा पहली बार हुआ है जब राजधानी में ‘रेड अलर्ट' जारी किया गया है, जो मंगलवार को सुबह सात बजे से गुरुवार को दोपहर 12 बजे तक रहेगा। शहर के डिजास्टर मैनेजमेंट ऑफिस के मुताबिक रेड अलर्ट के दौरान किंडर गार्डन, प्राइमरी और हाई स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया गया है।
जिन जगहों पर कंस्ट्रक्शन हो रहा है वहां पर बाहरी गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। कुछ फैक्ट्रियों को भी प्रोडक्शन कंट्रोल करने या बंद करने को कहा गया है।
पिछले हफ्ते कई दिनों तक धुंध के घने बदलों के बाद जारी इस नोटिस में स्पेशल व्हीकल्स पर बैन भी लगाया गया है।
बयान के मुताबिक, इस दौरान कारों का प्रयोग भी कम होगा। कारों को एक दिन के अंतर पर, उनके सम-विषम नंबर प्लेटों के आधार पर सड़क पर आने की अनुमति होगी। इसके अलावा सम-विषम के आधार पर 30 प्रतिशत सरकारी कारों के सड़कों पर आने पर बैन होगा।
बीजिंग म्युनिसिपल एंवायरमेंट मॉनिटरिंग सेंटर के मुताबिक यह खतरनाक वायु प्रदूषण गुरुवार तक रहेगा। गुरुवार की दोपहर ठंड बढ़ने के साथ इसके कम होने की संभावना है।
बीजिंग स्थित अमेरिकी दूतावास का वायु गुणवत्ता अलर्ट के अनुसार, पीएमआई 256 से ज्यादा है, जो स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है। इससे हृदय और फेफड़े संबंधी बीमारियां हो सकती हैं और सामान्य लोगों को सांस संबंधी दिक्कतें पैदा हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications