चीन से होता हुआ अमेरिका जा पहुंचा जानलेवा Corona Virus, अब तक छह लोगों की मौत
सिएटल। चीन का रहस्यमय नोवोल कोरोना वायरस अब अमेरिका तक पहुंच चुका है। मंगलवार को अमेरिका के सिएटल में 30 साल के युवक को इस वॉयरस से संक्रमित पाया गया है। इस युवक का इलाज सिएटल के बाहर एवरेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि अभी मरीज की हालत स्थिर है। वहीं, दूसरी तरफ आज विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) की एक इमरजेंसी मीटिंग होने वाली है। इस मीटिंग के बाद माना जा रहा है कि संस्था स्थिति को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर सकती है।
चीन से लौटे युवक को इनफेक्शन
अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन की तरफ से बताया गया है जो युवक इस वायरस से संक्रमित हुआ है वह चीन से लौटा है। अब तक इस वायरस की वजह से छह लोगों की मौत हो चुकी है। भारत के अलावा दुनिया भर के एसरपोर्ट्स पर यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। चीन की तरफ से इस बात की पुष्टि की गई है कि यह वायरस आसानी से इंसानों में फैल सकता है। चीनी अथॉरिटीज वुहान से आने और यहां से जाने वाले लोगों पर कड़ा नियंत्रण रखे हुए हैं। बताया जा रहा है कि वायरस की असली जड़ी सेंट्रल चीन का वुहान ही है जो हुबेई प्रांत की राजधानी है। इस वायरस की वजह से चीन में आने वाले लूनार न्यू ईयर (एलएनवाई) को लेकर भी अथॉरिटीज परेशान हो गई हैं। यह लूनर ईयर चीन का सबसे बड़ा त्यौहार होता है।
कई और देश भी चपेट में
चीन के स्वास्थ्य विभाग की मानें तो 319 से ज्यादा लोग इस वायरस से इनफेक्टेड हैं। वुहान में दो और लोगों की मौत पिछले 24 घंटे में इस वायरस की वजह से हुई है। बीजिंग के पड़ोसी शहर तियानजिन में भी दो केस मिले हैं। चीन के बाहर भी सात केस मिले हैं। चीन से सटे थाइलैंड, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और ऑस्ट्रेलिया को भी यह वायरस तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। यूके के वैज्ञानिकों ने अंदाजा लगाया है कि करीब 1700 लोग इस वायरस का शिकार हो सकते हैं। एक भारतीय टीचर भी पिछले दिनों इस वायरस की चपेट में आ गई हैं। बताया जा रहा है कि चीन में यह पहली विदेशी नागरिक हैं जो इस वायरस का शिकार हुई हैं।