पत्रकार से की ज्यादती की तो बेलारूस पर एक साथ 27 देशों ने लगाया प्रतिबंध, फाइटर जेट से किया था अगवा
फाइटर जेट के जरिए पत्रकार रोमन प्रोतसाविक को प्लेन से गिरफ्तार करने वाले बेलारूस के खिलाफ यूरोपीयन यूनियन ने आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए हैं, जिसका अमेरिकन राष्ट्रपति जो बाइडेन ने स्वागत किया है।
मिंस्क/बेलारूस, मई 25: पत्रकार को मिग-29 फाइटर जेट से अगवा करने वाले बेलारूस पर यूरोपीयन देश काफी गुस्सा हो गये हैं और एक साथ 27 देशों ने बेलारूस पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। बेलारूस पर लगाए गये इस प्रतिबंध का अमेरिका ने स्वागत किया है। बेलारूस की सरकार ने एक तरह से आतंकियों की तरफ व्यवहार करते हुए यूनान से लिथुआनिया जा रहे फ्लाइट को आसमान में उड़ाने की धमकी देकर मिंस्क एयरपोर्ट पर उतार लिया था और फिर सरकार विरोधी पत्रकार रोमन प्रोतसाविक को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, पत्रकार रोमन प्रोतसाविक से बेलारूस की सरकार ने जबरन गुनाह कबूल करवाया है।

बेलारूस पर प्रतिबंधों का ऐलान
बेलारूस की सरकार के खिलाफ यूरोपीयन यूनियन ने प्रतिबंधों का ऐलान कर दिया है, जिसके तहत बेलारूस जाने वाली तमाम फ्लाइट्स पर प्रतिबंध लगा दिया गया है साथ ही बेलारूस की विमानों को भी यूरोपीयन देशों के एयरजोन के इस्तेमाल करने पर पाबंदी लगा दी गई है। यूरोपीयन यूनियन ने ये कदम बेलारूस सरकार के उस कदम के बाद उठाया है जब जर्नलिस्ट रोमन प्रोतसाविक को गिरफ्तार करने के लिए बेलारूस के राष्ट्रपति ने फाइटर जेट मिग-29 को भेज दिया था और रयान एयर विमान को उड़ाने की धमकी देकर मिंस्क एयरपोर्ट पर उतार लिया था। करीब सात घंटे तक बिना वजह के रयान एयर की विमान को मिंस्क एयरपोर्ट पर रोक कर रखा गया था।

रोमन प्रोतसाविक का कबूलनामा
पत्रकार रोमन प्रोतसाविक को फ्लाइट से उनकी रूसी गर्लफ्रेंड के साथ गिरफ्तार किया गया है और अब बेलारूस की सरकार ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें पत्रकार रोमन प्रोतसाविक अपना गुनाह कबूल करने नजर आ रहे हैं। हालांकि, रोमन प्रोतसाविक की गिरफ्तारी का पूरी दुनिया के लोकतांत्रिक देशों में विरोध हो रहा है और दुनिया के लोकतांत्रिक देश रोमन प्रोतसाविक की फौरन रिहाई की मांग कर रहे हैं। रोमन प्रोतसाविक बेलारूस की सरकार की कड़ी आलोचना करने के लिए जाने जाते हैं और बेलारूस में उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गये है। उनके खिलाफ आतंकी धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं और रोमन प्रोतसाविक ने आशंका जताई है कि बेलारूस की सरकार उन्हें मौत की सजा दे सकती है। इस वीडियो में रोमन प्रोतसाविक कहते नजर आ रहे हैं कि वो बेलारूस की सरकार को अपने खिलाफ चलने वाली जांच में सहायता करेंगे। वहीं उनके समर्थकों का कहना है कि सरकार ने उनका बयान उन्हें टॉर्चर करने के बाद लिया है। (बेलारूस के राष्ट्रपति)

अमेरिका ने किया स्वागत
यूरोपीयन यूनियन के फैसले का स्वागत करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि 'मैं यूरोपियन के उस फैसले का स्वागत करता हूं, जिसमें बेलारूस के खिलाफ कई आर्थिक प्रतिबंध भी लगाए गये हैं। मैंने अपनी टीम से भी कहा है कि बेलारूस के खिलाफ जो भी संभव कार्रवाई हो सकती है वो किया जाए और फ्लाइट को हाइजैक करने के पीछे जो भी तत्व हों, उनकी जिम्मेदारी तय की जाए।' अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने फ्लाइट रोकने की घटना की तो निंदा की ही है, इसके साथ ही उन्होंने पत्रकार रोमन प्रोतसाविक की गिरफ्तारी की भी निंदा की है। उन्होंने तत्काल रोमन प्रोतसाविक को उनकी गर्लफ्रेंड के साथ रिहा करने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications