एलन मस्क के साथ विवेक रामास्वामी हुए ट्रंप सरकार में शामिल, ब्यूरोक्रेसी की 'सफाई' करने की दी गई जिम्मेदारी
Elon Musk Vivek Ramaswamy: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, कि टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस पद का संकेत ट्रंप ने 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान ही दिया था।
अरबपति कारोबारी एलन मस्क और भारतीय-अमेरिकी उद्यमी विवेक रामास्वामी के साथ DOGE का नेतृत्व करेंगे। ट्रंप ने एक बयान में कहा है, कि "मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि ग्रेट एलन मस्क, अमेरिकी देशभक्त विवेक रामास्वामी के साथ मिलकर डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) का नेतृत्व करेंगे।"

विवेक रामास्वामी पहले भारतीय अमेरिकी हैं, जिन्हें ट्रंप ने अगले साल 20 जनवरी से शुरू होने वाले अपने प्रशासन के लिए चुना है।
ट्रंप ने एक बयान में कहा है, "ये दोनों शानदार अमेरिकी, मेरे प्रशासन के लिए सरकारी नौकरशाही की 'सफाई' करने, अनावश्यक विनियमनों को कम करने, फिजूलखर्ची को कम करने और संघीय एजेंसियों को पुनर्गठित करने का रास्ता खोलेंगे, जो 'अमेरिका बचाओ' आंदोलन के लिए आवश्यक है।"
अमेरिका के भावी राष्ट्रपति ने आगे कहा, कि वह एलन मस्क और विवेक रामास्वामी से "कार्यदक्षता पर नज़र रखते हुए संघीय नौकरशाही में बदलाव करने और साथ ही सभी अमेरिकियों के लिए जीवन को बेहतर बनाने" की उम्मीद करते हैं।
ट्रंप ने कहा, कि मस्क और रामास्वामी अमेरिकी अर्थव्यवस्था को "मुक्त" करने और सरकार को "हम लोगों" के प्रति जवाबदेह बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
ट्रंप ने कहा, "उनका काम 4 जुलाई 2026 से पहले पूरा हो जाएगा - एक छोटी सरकार होगी, जिसमें ज्यादा दक्षता और कम नौकरशाही होगी, अमेरिका को स्वतंत्रता की घोषणा की 250वीं वर्षगांठ पर ये एक बेहतरीन उपहार होगा।" उन्होंने आगे कहा, "मुझे विश्वास है कि वे सफल होंगे!"
ट्रंप ने कहा कि DOGE "संभावित रूप से हमारे समय का 'मैनहट्टन प्रोजेक्ट' बन जाएगा"।
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आगे लिखा, कि "रिपब्लिकन राजनेताओं ने बहुत लंबे समय से 'DOGE' के उद्देश्यों के बारे में सपना देखा है। इस तरह के बड़े बदलाव को आगे बढ़ाने के लिए, डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी सरकार के बाहर से सलाह और मार्गदर्शन प्रदान करेगा, और बड़े पैमाने पर संरचनात्मक सुधार को आगे बढ़ाने के लिए व्हाइट हाउस और प्रबंधन और बजट कार्यालय के साथ साझेदारी करेगा, और सरकार के लिए एक उद्यमी दृष्टिकोण तैयार करेगा, जो पहले कभी नहीं देखा गया।"
एलन मस्क और विवेक रामास्वामी ने क्या कहा?
इस चुनाव में एलन मस्क, ट्रंप के कट्टर समर्थक रहे हैं और ट्रंप के राष्ट्रपति अभियान का भी अहम हिस्सा रहे हैं। एक्स के मालिक ने ट्रंप के फिर से चुनाव लड़ने के लिए 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा का दान दिया और सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म का इस्तेमाल करके आक्रामक तरीके से प्रचार भी किया।
ट्रंप द्वारा DOGE का नेतृत्व करने की घोषणा के जवाब में, मस्क ने कहा: "इससे सिस्टम में और सरकारी बर्बादी में शामिल सभी लोगों में हड़कंप मच जाएगा, जिसमें बहुत से लोग शामिल हैं।"
अमेरिकी चुनावों में जीत हासिल करने के कुछ ही दिनों बाद, 9 नवंबर को ट्रंप ने यह स्पष्ट कर दिया था, कि एलन मस्क उनके प्रशासन का हिस्सा होंगे, जब उन्होंने कथित तौर पर मस्क से यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ बातचीत में शामिल होने के लिए कहा था।
वहीं, टेक उद्यमी विवेक रामास्वामी, जिन्होंने इस वर्ष की शुरुआत में राष्ट्रपति पद की अपनी दावेदारी वापस ले ली थी और व्हाइट हाउस की दौड़ में डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था, उन्होंने कहा, "हम नरमी से आगे नहीं बढ़ेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications