यूरोप में X को बंद करने पर विचार कर रहे एलन मस्क, युद्ध से जुड़े कंटेंट को लेकर लग सकता है भारी जुर्माना
इजराइल-हमास युद्ध से संबंधित कंटेंट को लेकर यूरोपीय संघ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स जो पहले ट्विटर था, की जांच कर रहा है। इस बीच एक अमेरिकी समाचार बेवसाइट ने बुधवार को दावा किया है कि अब एलन मस्क यूरोप से एक्स प्लेटफॉर्म बंद करने पर विचार कर रहे हैं।
बेवसाइट इनसाइडर के मुताबिक एलन मस्क यूरोप में एक नए इंटरनेट प्लेटफॉर्म रेगुलेशन के जवाब में यूरोप से ट्विटर सेवा को हटाने पर विचार कर रहे हैं। इससे पहले भी खबर आई थी कि एलन मस्क ने यूरोपीय संघ (EU) में एक समझौते के तहत आगे बढ़ने से इनकार कर दिया था, जिसका उद्देश्य ऑनलाइन गलत सूचना का मुकाबला करना है।

कंपनी से परिचित एक शख्स ने इनसाइडर को बताया कि एलन मस्क यूरोप में एक्स ऐप की उपलब्धता को हटाने, या यूरोपीय संघ में उपयोगकर्ताओं को इसे एक्सेस करने से रोकने पर विचार कर रहे हैं।
यूरोपीय संघ ने अगस्त में डिजिटल सेवा अधिनियम (DSA) को अपनाया है। DSA बड़ी सोशल मीडिया साइटों के लिए गलत सूचनाओं की निगरानी और उन्हें चिह्नित करना अनिवार्य बनाता है, जो पहले स्वैच्छिक थी।
नय रेगुलेशन के तहत दुष्प्रचार और बॉट फार्म के खिलाफ उपाय तलाशना, राजनीतिक विज्ञापन के बारे में पारदर्शी चेतावनी प्रदान करना, और तथ्य-जांच का समर्थन करना जैसी चीजें भी शामिल हैं।
DSA सामग्री को हटाने के लिए ट्विटर को बाध्य नहीं करता है, लेकिन उपयोगकर्ताओं को अवैध सामग्री की रिपोर्ट करने के तरीकों की पेशकश ट्विटर को करनी होगी।
मौजूदा समझौते से हटने पर, ट्विटर को DSA के तहत संभावित दंड का सामना करना पड़ सकता है, जिसके परिणामस्वरूप यूरोपीय आयोग द्वारा उसके वार्षिक राजस्व का 6 प्रतिशत तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
इससे पहले यूरोपीय अधिकारियों ने मस्क और एक्स को चेतावनी दी थी कि नियमों का पालन करने में विफल रहने पर मंच को यूरोपीय संघ से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
यूरोपीय यूनियन के कमिश्नर थिएरी ब्रेटन ने कहा था कि हमास के हमलों के बाद एक्स का इस्तेमाल ईयू में अवैध कंटेंट और दुष्प्रचार फैलाने के लिए किया जा रहा है।
मस्क को संबोधित पत्र में ब्रेटन ने कहा था कि ईयू डिजिटल सेवा अधिनियम (DSA) कंटेंट माडरेशन के संबंध में दायित्व निर्धारित करता है। उन्हें अल्टीमेटम देते हुए जानकारी मांगी गई थी कि यूरोपीय संघ के डिजिटल नियमों का एक्स कैसे अनुपालन कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications