इक्वाडोर को गैंगस्टर्स ने बनाया जंग का मैदान, बेकाबू हालात के बीच आपातकाल का ऐलान, समझिए पूरा मामला
Ecuador declares state of emergency: इक्वाडोर में सशस्त्र गिरोहों के सिलसिलेवार हमलों में कम से कम 10 लोग मारे गए हैं और पूरा देश अराजकता में डूब गया है, जिसे नए राष्ट्रपति ने "आंतरिक सशस्त्र संघर्ष" का नाम दिया है।
36 साल के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ ने इक्वाडोर के सबसे बड़े गिरोह, लॉस चोनेरोस के लीडर जोस एडोल्फो मैकियास उर्फ "फिटो" के भागने के बाद सोमवार को 60 दिनों की आपातकाल और रात्रिकालीन कर्फ्यू की घोषणा की है। गैंग लीडर मैकियास, इक्वाडोर के बंदरगाह वाले शहर गुआयाकिल की ला रीजनल जेल में 34 साल की सज़ा काट रहा था।

पूरे देश में गैंगस्टर मचा रहे उत्पात
पुलिस ने देर रात कहा है, कि गुआयाकिल में हमलों में आठ लोगों की मौत और तीन के घायल होने के बाद गैंगस्टरों ने पूरे देश में और कई खचाखच भरी जेलों में आतंक की लहर फैला दी है, जबकि पास के शहर नोबोल में दो अधिकारियों की "सशस्त्र अपराधियों द्वारा बेरहमी से हत्या" कर दी गई है।
इसके अलावा, स्थानीय गिरोहों ने कई पुलिस अधिकारियों को बंधक बना लिया है और देश के कई शहरों में बम विस्फोट किए हैं, जिससे देश की हालत अस्तव्यस्त हो गई है और ऐसा लग रहा है, कि देश में कानून का शासन खत्म हो गया है। हथियारबंद और हुड पहने गिरोह के सदस्यों ने मंगलवार को गुआयाकिल में सरकारी स्वामित्व वाली टीसी टेलीविजन के एक स्टूडियो पर बंदूकों और विस्फोटकों के साथ उस समय धावा बोल दिया, जब एक कार्यक्रम लाइव चल रहा था। बाद में 13 बंदूकधारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गुआयाकिल, एक तटीय शहर जो इक्वाडोर का सबसे बड़ा शहर है, वो देश का सबसे खतरनाक जगह माना जाता है, और इसके बंदरगाह को नशीली दवाओं की तस्करी का सबसे बड़ा केंद्र कहा जाता है।
अधिकारियों का कहना है, कि आठ प्रांतों में कम से कम 23 अलग-अलग हिंसक घटनाएं हुई हैं, जिनमें कई कार बम विस्फोट भी शामिल हैं।"
अधिकारियों का कहना है, कि "कई पुलिस कारों को जला दिया गया और गिरोह के सदस्यों ने कम से कम सात पुलिस अधिकारियों का अपहरण कर लिया है।"

गैंगवार खत्म करना बनी बड़ी चुनौती
दक्षिण अमेरिकी देश में हिंसा के बढ़ते स्तर पर नकेल कसने का वादा करके नवंबर में राष्ट्रपति का पदभार संभालने वाले कारोबारी नोबोआ के लिए यह पहली बड़ी परीक्षा है।
राष्ट्रपति नोबोआ ने कहा, कि "मैंने अभी आपातकाल के आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं ताकि सशस्त्र बलों को उनके कार्यों के लिए सभी राजनीतिक और कानूनी समर्थन मिले।" उन्होंने कहा, कि "अब वह समय ख़त्म हो गया है, जब मादक पदार्थों की तस्करी के दोषी, हमलावर और संगठित अपराध करने वाले लोग, सरकार को निर्देश देंगे, कि क्या करना है।"
सरकार ने कहा है, कि 2023 में राष्ट्रीय स्तर पर हिंसक मौतें बढ़कर 8,008 हो गईं, जो 2022 के 4,500 से आकड़े से लगभग दोगुनी हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोप जाने वाले कोकीन व्यापार पर एक महत्वपूर्ण रोक बनने के बाद से नशीली दवाओं की हिंसा ने देश पर भारी असर डाला है।
हत्या की दर 2018 से 2022 तक चौगुनी हो गई और पिछले साल रिकॉर्ड 200 टन ड्रग्स जब्त किए गए।
इक्वाडोर में सुरक्षा व्यवस्था, कोविड-19 महामारी के बाद से खराब हो रही है, जिसने अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित किया है।
इक्वाडोर के राजनीतिक विश्लेषक एड्रियन पेरेज़ सालज़ार का कहना है, कि संरचनात्मक समस्याओं के कारण देश में गिरोह और असुरक्षा की समस्याएं पैदा हुई हैं। उनका कहना है, कि "कारण कई हैं। इस बात पर जोर देना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, कि हम एक डॉलर आधारित अर्थव्यवस्था हैं, और इसलिए स्वाभाविक रूप से अंतरराष्ट्रीय अपराध के लिए इक्वाडोर जैसी जगह में मनी लॉन्ड्रिंग करना बहुत आसान है।"
उन्होंने कहा, कि "यह कुछ ऐसा है, जो कई वर्षों से नीतियों के रूप में बन रहा है, जो आव्रजन के मामले में बहुत ढीले थे, गिरोह के नेताओं को जेलों से अपना साम्राज्य चलाने की इजाजत मिलती थी, उनके खिलाफ कार्रवाई होती थी, भ्रष्टाचार का बोलबाल था और अब जबकि, पिछले कुछ समय से इनकी संरचना में बदलाव हो रहा है, तो हम इन समस्याओं को बढ़ता हुआ देख रहे हैं।"

'हिंसा की लहर'
टीवी स्टेशन पर हमले के तुरंत बाद, राष्ट्रपति नोबोआ ने एक डिक्री में कहा, कि उन्होंने माना कि इक्वाडोर में एक "आंतरिक सशस्त्र संघर्ष" चल रहा है। उन्होंने कई आपराधिक गिरोहों को आतंकवादी समूहों को सेना का नया टारगेट बताया, जिसमें ड्रग लीडर लॉस चोनेरोस भी शामिल है।
राष्ट्रपति की डिक्री ने सशस्त्र बलों को ऐसे समूहों को बेअसर करने का आदेश दिया।
वहीं, सशस्त्र संयुक्त कमान के प्रमुख एडमिरल जैमे वेला ने मंगलवार को राष्ट्रपति नोबोआ और अन्य अधिकारियों के साथ एक सुरक्षा बैठक के बाद कहा, कि "आज की घटनाओं से पता चलता है, कि राष्ट्रीय सरकार द्वारा किए गए कार्य और निर्णय आपराधिक संरचनाओं को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहे हैं, और जवाब के रूप में, उन्होंने आबादी को डराने के लिए हिंसा की लहर पैदा की है।"
माना जा रहा है, कि इक्वाडोर में आने वाले कुछ हफ्ते काफी खूनी होने वाले हैं और सरकार के साथ गैंगस्टर्स की एक लंबी लड़ाई शुरू होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications